रुद्रपुर, देवरिया। विकासखंड रुद्रपुर के बेसिक शिक्षा विभाग के अंतर्गत शनिवार को नो बैग डे के अवसर पर सभी प्राथमिक एवं कंपोजिट विद्यालयों में समाचार पत्र एवं पुस्तकालय पुस्तकों के साथ विशेष रीडिंग कैंपेन आयोजित किया गया। अभियान का उद्देश्य विद्यार्थियों में पढ़ने की आदत विकसित करना, भाषा कौशल को मजबूत बनाना तथा सामान्य ज्ञान और अभिव्यक्ति क्षमता का विकास करना रहा।
वी ई ओ ने बच्चो के साथ पढ़ा समाचार पत्र
खंड शिक्षा अधिकारी राज किशोर सिंह ने स्वयं कंपोजिट विद्यालय रुद्रपुर पहुंचकर विद्यार्थियों के साथ समाचार पत्र पढ़ा और उन्हें समाचार पढ़ने की सही विधि एवं महत्वपूर्ण बिंदुओं की जानकारी दी। उन्होंने बच्चों को नियमित रूप से समाचार पत्र और पुस्तकालय की पुस्तकें पढ़ने के लिए प्रेरित करते हुए कहा कि इससे न केवल पढ़ने की दक्षता बढ़ती है, बल्कि सामान्य ज्ञान, समसामयिक घटनाओं की समझ तथा प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी में भी सहायता मिलती है।
ऐसे आयोजन से विद्यार्थियों में बढ़ती है रचनात्मकता और अध्ययन के प्रति रुचि
खंड शिक्षा अधिकारी ने बताया कि शासन की मंशा के अनुरूप प्रत्येक शनिवार को नो बैग डे मनाया जाता है। इस दौरान बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए समाचार पत्र पठन, पुस्तकालय पुस्तकों का अध्ययन, निबंध लेखन, कला, क्राफ्ट तथा अन्य रचनात्मक गतिविधियों का आयोजन किया जाता है, जिससे विद्यार्थियों में रचनात्मकता और अध्ययन के प्रति रुचि बढ़े।
विद्यालयों के शिक्षकों ने विद्यार्थियों को नियमित अध्ययन की आदत अपनाने, पुस्तकालय का अधिकाधिक उपयोग करने तथा प्रतिदिन पढ़ने की संस्कृति विकसित करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि नियमित पठन से भाषा पर पकड़ मजबूत होती है, आत्मविश्वास बढ़ता है और विद्यार्थियों का बौद्धिक विकास होता है।
रीडिंग कैंपेन के अंतर्गत प्राथमिक विद्यालय पिपरा कछार, कंपोजिट विद्यालय सिलहटा, कंपोजिट विद्यालय जाफराबाद, प्राथमिक विद्यालय करणपुरा, प्राथमिक विद्यालय जोगिया बुजुर्ग, प्राथमिक विद्यालय जमीरा, कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय सहित विकासखंड के सभी प्राथमिक एवं कंपोजिट विद्यालयों में छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। बच्चों ने समाचार पत्रों के माध्यम से राष्ट्रीय, अंतरराष्ट्रीय, प्रदेश एवं स्थानीय समाचारों की जानकारी प्राप्त की तथा पुस्तकालय की ज्ञानवर्धक पुस्तकों का अध्ययन किया।
विद्यालय प्रशासन ने बताया कि विद्यार्थियों में अध्ययन के प्रति रुचि, ज्ञानार्जन की भावना और पठन संस्कृति को बढ़ावा देने के लिए भविष्य में भी इस प्रकार के रीडिंग कैंपेन नियमित रूप से आयोजित किए जाते रहेंगे।



कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें