शनिवार, 18 जुलाई 2026

सीडीओ ने पेयजल परियोजना व राजकीय नलकूप तथा विद्यालय का किया निरीक्षण .गुणवत्ता और संचालन पर दिया जोर

रुद्रपुर, देवरिया। तहसील समाधान दिवस में शामिल होने के बाद मुख्य विकास अधिकारी (सीडीओ) राजेश कुमार सिंह ने शनिवार को विकासखंड रुद्रपुर के विभिन्न विकास कार्यों का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने पेयजल, सिंचाई एवं शिक्षा से जुड़ी परियोजनाओं की प्रगति और गुणवत्ता का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

सबसे पहले सीडीओ ने ग्राम सभा गोनहा सुरतपुरा में संचालित हर घर जल योजना का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने बताया कि योजना के तहत एक नलकूप एवं 125 किलोलीटर क्षमता की पानी की टंकी का निर्माण कराया गया है। यह परियोजना पूर्णतः सौर ऊर्जा आधारित है। योजना के अंतर्गत 4.3 किलोमीटर पाइपलाइन बिछाई गई है, जिससे 280 घरों को शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराया जा रहा है।

इसके बाद उन्होंने 2100 नवीन राजकीय नलकूप योजना के तहत ग्राम सभा पिंडरा स्थित राजकीय नलकूप संख्या-38 आईजी का निरीक्षण किया। इस परियोजना में 1.2 किलोमीटर भूमिगत पीवीसी पाइपलाइन बिछाई गई है तथा 10 कुलाबा (आउटलेट) बनाए गए हैं, जिससे क्षेत्र के लगभग 35 किसानों को सिंचाई की सुविधा मिल रही है।

निरीक्षण के क्रम में मुख्य विकास अधिकारी ने राजकीय हाई स्कूल, गोनहा सुरतपुरा का भी औचक निरीक्षण किया। उन्होंने विद्यालय की शैक्षणिक एवं आधारभूत व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए अधिकारियों को विद्यालय का संचालन बेहतर ढंग से सुनिश्चित करने तथा आवश्यक सुविधाओं को सुदृढ़ बनाए रखने के निर्देश दिए।

मुख्य विकास अधिकारी ने कहा कि शासन की योजनाओं का लाभ आमजन तक गुणवत्तापूर्ण तरीके से पहुंचाना प्रशासन की प्राथमिकता है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी विकास कार्यों में गुणवत्ता बनाए रखें और योजनाओं का प्रभावी संचालन सुनिश्चित करें।

निरीक्षण के दौरान अधिशासी अभियंता संजय कुमार सहित संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें

सीडीओ ने पेयजल परियोजना व राजकीय नलकूप तथा विद्यालय का किया निरीक्षण .गुणवत्ता और संचालन पर दिया जोर

रुद्रपुर, देवरिया। तहसील समाधान दिवस में शामिल होने के बाद मुख्य विकास अधिकारी (सीडीओ) राजेश कुमार सिंह ने शनिवार को विकासखंड रुद्रपुर के वि...