रुद्रपुर, देवरिया। नगर पंचायत रुद्रपुर के नवनिर्मित कार्यालय भवन के उद्घाटन को लेकर सियासी चर्चाओं के बीच अब एक नया मोड़ सामने आया है। भाजपा विधायक एवं पूर्व मंत्री जय प्रकाश निषाद का अधिशासी अधिकारी के नाम लिखा पत्र सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। पत्र में विधायक ने विधानसभा सत्र का हवाला देते हुए 3 अगस्त को प्रस्तावित उद्घाटन कार्यक्रम को 15 अगस्त के बाद कराने का अनुरोध किया था।
वायरल पत्र में विधायक ने लिखा था कि 2 अगस्त से उत्तर प्रदेश विधानसभा का सत्र शुरू होने के कारण उनकी उपस्थिति संभव नहीं होगी। उन्होंने अनुरोध किया था कि कार्यक्रम की नई तिथि 15 अगस्त के बाद तय की जाए। साथ ही यह भी उल्लेख किया था कि उनकी अनुपस्थिति में उद्घाटन कराए जाने पर वह इसे प्रोटोकॉल का मामला मानते हुए संबंधित मंच पर शिकायत करेंगे।
हालांकि, विधायक के अनुरोध के बावजूद 3 अगस्त को नगर पंचायत अध्यक्ष द्वारा नवनिर्मित कार्यालय भवन का उद्घाटन कर दिया गया। इसके बाद विधायक का पत्र सोशल मीडिया पर वायरल हो गया और राजनीतिक गलियारों में इसे लेकर तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गईं।
चर्चा का विषय यह भी है कि एक ओर विधायक कार्यक्रम स्थगित करने का अनुरोध कर रहे थे, वहीं दूसरी ओर निर्धारित तिथि पर उद्घाटन संपन्न हो गया। इस घटनाक्रम ने स्थानीय राजनीति में नई बहस छेड़ दी है।
अब इस पूरे मामले पर लोगों की नजरें इस बात पर टिकी हैं कि आगे जनप्रतिनिधियों अथवा नगर पंचायत प्रशासन की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने आती है या नहीं।

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें