रुद्रपुर देवरिया भटनी थाना क्षेत्र में गांव के विवाद के दौरान चाकू लगने से घायल 16 वर्षीय किशोर की बुधवार को इलाज के दौरान मौत हो गई। घटना के बाद परिजनों ने निजी अस्पताल पर इलाज में लापरवाही का आरोप लगाते हुए जमकर हंगामा किया। सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंच गए तथा परिजनों को समझाकर स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।
👉गांव के विवाद में हुआ था चाकू से हमला
मृतक की पहचान भटनी निवासी सागर उर्फ भुवर (16) पुत्र रंजीत के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार मंगलवार शाम करीब सात बजे गांव में हुए विवाद के दौरान सागर पर चाकू से हमला कर दिया गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।घायल किशोर को पहले सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भटनी ले जाया गया, जहां से चिकित्सकों ने उसे महर्षि देवरहा बाबा मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। मेडिकल कॉलेज में प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर देखते हुए चिकित्सकों ने उसे बीआरडी मेडिकल कॉलेज, गोरखपुर भेजने की सलाह दी।
👉निजी अस्पताल में कराया गया भर्ती
परिजन बेहतर इलाज की उम्मीद में सागर को एक निजी अस्पताल ले गए, जहां उपचार के दौरान बुधवार को उसकी मौत हो गई। किशोर की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया।
👉इलाज में लापरवाही का आरोप, अस्पताल में हंगामा
मौत के बाद परिजनों ने निजी अस्पताल पर इलाज में लापरवाही का आरोप लगाते हुए हंगामा शुरू कर दिया। सूचना पर क्षेत्राधिकारी भाटपाररानी मनोज कुमार, सदर कोतवाल राकेश राय तथा भारी पुलिस बल मौके पर पहुंचा। अधिकारियों ने परिजनों को समझाकर स्थिति शांत कराई।
👉पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर होगी कार्रवाई
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। अधिकारियों का कहना है कि चाकूबाजी की घटना और इलाज से जुड़े सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट, तहरीर और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी
👉।परिवार में पसरा मातम, गिरफ्तारी की मांग
बताया गया कि सागर दो भाइयों में सबसे छोटा था। उसकी असमय मौत से परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। परिजनों और ग्रामीणों ने घटना में शामिल आरोपितों की शीघ्र गिरफ्तारी तथा पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच की मांग की है।

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें