रुद्रपुर। देवरिया सावन के पावन महीने में शुक्रवार को ऐतिहासिक दुग्धेश्वर नाथ मंदिर में कांवड़ियों और श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। भोर से ही मंदिर परिसर में हर-हर महादेव और बोल बम के जयघोष गूंजते रहे। कांवड़ लेकर पहुंचे श्रद्धालुओं ने भगवान शिव का जलाभिषेक कर विधि-विधान से पूजा-अर्चना की।
मंदिर में जलाभिषेक के लिए श्रद्धालुओं की लंबी कतार लगी रही। महिलाओं और बच्चों समेत बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने बाबा दुग्धेश्वर नाथ के दर्शन कर सुख-समृद्धि की कामना की। श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए मंदिर परिसर और आसपास सुरक्षा व्यवस्था भी बढ़ाई गई।
शाही डेंटल केयर की ओर से भंडारे का आयोजन
शुक्रवार को श्रद्धालुओं की सेवा के लिए शाही डेंटल केयर की ओर से मंदिर परिसर के पास भंडारे का आयोजन किया गया। इसमें कांवड़ियों और अन्य श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया गया। भंडारे में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया। आयोजनकर्ता डा एस के शाही व डा रश्मि शाही ने कहा कि सावन में भगवान शिव के भक्तों की सेवा करना सौभाग्य की बात है।
पूरे दिन मंदिर परिसर में भक्ति और आस्था का माहौल बना रहा। पुलिसकर्मी भीड़ को नियंत्रित करने और श्रद्धालुओं को सुगम दर्शन कराने में जुटे रहे।


कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें