रुद्रपुर देवरिया । अयोध्या जनपद की सोहावल तहसील में लेखपाल उत्कर्ष दीप के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण संगठन (एसीओ) की ट्रैप कार्रवाई के विरोध में उत्तर प्रदेश लेखपाल संघ के निर्देश पर शनिवार को तहसील प्रांगण रुद्रपुर में धरना-प्रदर्शन किया। लेखपालों ने कार्रवाई को अनुचित बताते हुए प्रकरण की निष्पक्ष एवं उच्चस्तरीय जांच की मांग की। प्रदेश नेतृत्व के आह्वान पर आयोजित धरने में लेखपालों ने थाना समाधान दिवस का बहिष्कार भी किया।
संघ की ओर से मुख्यमंत्री को संबोधित पत्र में कहा गया है कि लेखपाल राजस्व विभाग के महत्वपूर्ण फील्ड कर्मचारी हैं और कठिन परिस्थितियों में जनता से सीधे जुड़कर कार्य करते हैं। ऐसे में निजी रंजिश, पड़ोसी विवाद अथवा गलत शिकायत के आधार पर की जाने वाली ट्रैप कार्रवाई से लेखपालों में भय और असुरक्षा का माहौल पैदा हो रहा है। संघ ने कहा कि वह भ्रष्टाचार का किसी भी रूप में समर्थन नहीं करता, लेकिन निर्दोष कर्मचारी को झूठी शिकायत या निजी रंजिश के आधार पर फंसाया जाना स्वीकार्य नहीं है।
उन्होंने सीसीटीवी फुटेज, वायरल वीडियो, ऑडियो-वीडियो तथा अन्य उपलब्ध साक्ष्यों की निष्पक्ष समीक्षा कराए जाने की मांग की।

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें