रुद्रपुर, देवरिया। साइबर अपराध के प्रति लोगों को जागरूक करने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत गुरुवार को एल.बी.आर. पब्लिक स्कूल, रुद्रपुर में "साइबर पुलिस रुद्रपुर द्वारा आपकी सुरक्षा, हमारा संकल्प" विषय पर जागरूकता संगोष्ठी का आयोजन किया गया। विद्यालय एवं रुद्रपुर पुलिस के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित कार्यक्रम में कक्षा 9 से 12 तक के छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
साइबर सुरक्षा की जानकारी अपने परिवार, पड़ोस और आसपास के लोगों तक पहुंचाएं थाना प्रभारी
कार्यक्रम में थाना प्रभारी कल्याण सिंह सागर, उपनिरीक्षक शिवम तिवारी तथा रुद्रपुर पुलिस की टीम मौजूद रही। उपनिरीक्षक शिवम तिवारी ने साइबर अपराधों के विभिन्न प्रकार, ऑनलाइन ठगी से बचाव के उपाय, संदिग्ध लिंक, फर्जी कॉल और ओटीपी साझा न करने जैसी महत्वपूर्ण सावधानियों की जानकारी दी। उन्होंने साइबर ठगी होने पर तत्काल हेल्पलाइन एवं पुलिस से संपर्क करने की सलाह भी दी।
थाना प्रभारी कल्याण सिंह सागर ने कहा कि छात्र-छात्राएं समाज में जागरूकता फैलाने का सबसे प्रभावी माध्यम हैं। यदि विद्यार्थी साइबर सुरक्षा की जानकारी अपने परिवार, पड़ोस और आसपास के लोगों तक पहुंचाएं तो साइबर अपराधों पर काफी हद तक अंकुश लगाया जा सकता है।
विद्यालय के निदेशक मनोज कुमार यादव ने कहा कि ऐसे कार्यक्रम विद्यार्थियों को साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक बनाने के साथ उन्हें सामाजिक जिम्मेदारी का भी बोध कराते हैं। शिक्षा का उद्देश्य केवल ज्ञान देना ही नहीं, बल्कि समाज में जनजागरूकता और सकारात्मक सोच विकसित करना भी है।
कार्यक्रम के अंत में प्रधानाचार्य अभय कुमार श्रीवास्तव ने रुद्रपुर पुलिस टीम का विद्यालय परिवार की ओर से आभार व्यक्त करते हुए उनके सहयोग एवं मार्गदर्शन के लिए धन्यवाद दिया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने साइबर सुरक्षा से जुड़े विषयों पर प्रश्न पूछकर अपनी जिज्ञासाओं का समाधान भी प्राप्त किया।


कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें