रुद्रपुर देवरिया रुद्रपुर कोतवाली क्षेत्र के ग्राम पिडहनी में शनिवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब 15 वर्षीय छात्रा ने संदिग्ध परिस्थितियों में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
जानकारी के अनुसार, ग्राम पिडहनी निवासी मेवा लाल गौड की पुत्री सोनी (15) शनिवार सुबह उठकर घर के काम में लगी हुई थी। उसने परिजनों के लिए चाय बनाई और नहाने की बात कहकर छत पर चली गई। काफी देर तक वापस न आने पर परिजनों को चिंता हुई। जब वे छत पर पहुंचे तो सोनी साड़ी के फंदे से लटकी हुई मिली। यह देख परिवार में चीख-पुकार मच गई। घटना के बाद परिजन आनन-फानन में उसे लेकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रुद्रपुर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
सूचना मिलते ही थाना प्रभारी कल्याण सिंह सागर व उप निरीक्षक दिनेश कुमार पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच में जुट गई है।
बताया जा रहा है कि मृतका एक निजी विद्यालय में कक्षा 9 की छात्रा थी। परिवार में इस घटना के बाद मातम पसरा हुआ है। मृतका के पिता मेवा लाल के दो पुत्र और दो पुत्रियां हैं। बड़ी पुत्री की शादी फतेहपुर भेड़ा पाकड़ में हो चुकी है।
फिलहाल आत्महत्या के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल सका है। पुलिस हर पहलू से मामले की जांच कर रही है।


कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें