प्रशिक्षण में लापरवाही पर सख्ती, होगी FIR डी एम
रुद्रपुर देवरिया जनगणना-2027 के प्रथम चरण को लेकर जिले में तैयारियां तेज हो गई हैं। 7 से 21 मई तक स्वगणना (सेल्फ एन्यूमरेशन) अभियान चलाया जाएगा, जबकि 22 मई से 20 जून तक घर-घर सर्वेक्षण (मकान सूचीकरण) का कार्य किया जाएगा।
जिलाधिकारी दिव्या मित्तल ने सभी विभागों को सक्रिय भूमिका निभाने के निर्देश दिए हैं और अभियान को सफल बनाने के लिए व्यापक तैयारियां सुनिश्चित करने को कहा है।
डीएम ने बताया कि स्वगणना के दौरान नागरिक ऑनलाइन पोर्टल या क्यूआर कोड के माध्यम से स्वयं अपने और अपने परिवार का विवरण दर्ज कर सकेंगे। अधिक से अधिक लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए जिलेभर में जनजागरूकता अभियान चलाया जाएगा। इसके तहत शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में घर-घर संपर्क, जनप्रतिनिधियों का प्रशिक्षण, विद्यालयों व महाविद्यालयों में विशेष कार्यक्रम तथा विभिन्न माध्यमों से प्रचार-प्रसार किया जाएगा।
उन्होंने निर्देश दिए कि सभी विभाग अपने स्तर पर नोडल अधिकारी नामित करें और शत-प्रतिशत सहभागिता सुनिश्चित करें। आमजन को तकनीकी सहायता उपलब्ध कराने के लिए भी आवश्यक व्यवस्थाएं की जाएंगी, ताकि कोई भी पात्र व्यक्ति इस प्रक्रिया से वंचित न रहे। साथ ही प्रिंट, इलेक्ट्रॉनिक और सोशल मीडिया, पोस्टर, बैनर व पंपलेट के जरिए व्यापक प्रचार पर जोर दिया गया है। शिक्षकों, व्यापारियों, स्वयंसेवी संगठनों और गणमान्य लोगों की भागीदारी भी सुनिश्चित की जाएगी।
डीएम ने बताया कि स्वगणना के बाद 22 मई से शुरू होने वाले घर-घर सर्वेक्षण में गणनाकर्मी प्रत्येक मकान पर जाकर विवरण दर्ज करेंगे। पूरे अभियान की लगातार निगरानी और समीक्षा की जाएगी तथा जरूरत पड़ने पर तत्काल सुधारात्मक कार्रवाई भी की जाएगी। उन्होंने जनपदवासियों से अपील की है कि वे सही और पूरी जानकारी देकर इस राष्ट्रीय महत्व के कार्य में सहयोग करें।
जनगणना प्रशिक्षण को लेकर प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया है कि प्रशिक्षण से अनुपस्थित रहने या ड्यूटी में लापरवाही बरतने वाले प्रगणक और सुपरवाइजर के खिलाफ जनगणना अधिनियम 1948 की धारा 11 के तहत कार्रवाई करते हुए FIR दर्ज कराई जाएगी। इस प्रावधान के तहत दोषी को तीन वर्ष तक की सजा, जुर्माना या दोनों हो सकते हैं।
प्रशासन के अनुसार, सबसे पहले अनुपस्थित कर्मियों को कारण बताओ नोटिस दिया जाएगा। संतोषजनक जवाब न मिलने पर विभागीय कार्रवाई की जाएगी। इसके बाद भी लापरवाही या कार्य से इनकार करने पर संबंधित के खिलाफ FIR दर्ज कर कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
डीएम ने कहा कि जनगणना राष्ट्रीय महत्व का कार्य है और इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी कार्मिकों को प्रशिक्षण में अनिवार्य रूप से उपस्थित रहकर अपनी जिम्मेदारी निभानी होगी।

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें