कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता एस पी
रुद्रपुर देवरिया। जनपद के नवागत पुलिस अधीक्षक अभिजीत आर. शंकर (IPS) ने रविवार को विधिवत रूप से अपना कार्यभार ग्रहण कर लिया। कार्यभार संभालने के बाद उन्होंने पुलिस विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों एवं कर्मचारियों के साथ परिचयात्मक बैठक की और जिले की वर्तमान कानून-व्यवस्था की स्थिति की विस्तृत जानकारी ली।
अधिकारियों ने नवागत एस पी का बुके देकर किया स्वागत
कार्यभार ग्रहण के अवसर पर अपर पुलिस अधीक्षक ने उन्हें बुके भेंट कर स्वागत किया। इस दौरान पुलिस महकमे में उत्साह का माहौल देखने को मिला।
पुलिस अधीक्षक अभिजीत आर. शंकर वर्ष 2018 बैच के आईपीएस अधिकारी हैं। इससे पूर्व वे जनपद अम्बेडकरनगर और औरैया में पुलिस अधीक्षक के पद पर तैनात रह चुके हैं, वहीं कमिश्नरेट लखनऊ में पुलिस उपायुक्त के रूप में भी अपनी सेवाएं दे चुके हैं।
नवागत पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट किया कि जनपद में कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता होगी। उन्होंने कहा कि अपराध नियंत्रण, महिला सुरक्षा और जनता की शिकायतों का त्वरित निस्तारण सुनिश्चित किया जाएगा। साथ ही पुलिसकर्मियों को निष्पक्ष और संवेदनशील तरीके से कार्य करने के निर्देश भी दिए।
उन्होंने भरोसा दिलाया कि जनपद में शांति एवं सुरक्षा व्यवस्था को बनाए रखने के लिए हर संभव प्रयास किए जाएंगे।


कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें