शुक्रवार, 24 अप्रैल 2026

जर्जर तार नहीं बदले जाने से बार-बार हो रहा फॉल्ट; हाइड्रा के इंतजार में सैकड़ो उपभोक्ताओं को रात भर नहीं मिली सप्लाई

गर्मी बढ़ी तो खुली बिजली विभाग की पोल: तार जोड़ने में 10 घंटे, रातभर अंधेरे में रहे सैकड़ों उपभोक्ता रहे हलकान

रुद्रपुर, देवरिया।तापमान बढ़ते ही हीट वेव का असर शुरू हो गया है और ऐसे में लोगों को राहत के लिए बिजली पर ही निर्भर रहना पड़ रहा है। लेकिन रुद्रपुर नगर में बिजली विभाग की लापरवाही उपभोक्ताओं पर भारी पड़ रही है। जर्जर तारों को समय पर न बदले जाने के कारण आए दिन फॉल्ट हो रहे हैं, जिससे लोगों को भीषण गर्मी में परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

बताया जा रहा है कि रिमवैम्प योजना के तहत नगर में पुराने पोल और तार बदलने का कार्य होना था, लेकिन कार्यदायी संस्था ने मुख्य बाजार के कई हिस्सों को छोड़कर अन्य स्थानों पर काम कर दिया। इसका नतीजा यह है कि प्रमुख इलाकों में अब भी जर्जर तार लटके हुए हैं, जो हल्की हवा या लोड बढ़ने पर टूट जा रहे हैं।

बीती रात गोला वार्ड में करीब 9 बजे फेस उड़ने से बिजली आपूर्ति बाधित हो गई, जिसे विभागीय लाइनमैनों ने किसी तरह ठीक कर दिया। लेकिन रात 11 बजे दोबारा तार टूट गया, जिससे सैकड़ों उपभोक्ता पूरी रात अंधेरे में रहने को मजबूर हो गए। हालत यह रही कि विभाग के पास तार जोड़ने के लिए सीढ़ी तक उपलब्ध नहीं थी और नगर पंचायत के हाइड्रा का इंतजार करना पड़ा।

अगले दिन सुबह करीब 11 बजे हाइड्रा मिलने के बाद तार जोड़ा जा सका, तब जाकर लगभग 10 घंटे बाद बिजली आपूर्ति बहाल हुई। इस दौरान भीषण गर्मी में लोगों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा।स्थानीय लोगों का कहना है कि जमुनी चौराहे से नित्यानंद पेट की दुकान, थाना क्षेत्र से पुन्नी साहू चौराहा और जलकल रोड जैसे कई इलाकों में अब तक तार नहीं बदले गए हैं। यही वजह है कि रोजाना तार टूटने की स्थिति बनी रहती है।

इस संबंध में एसडीओ चंदन जायसवाल ने बताया कि विभाग के पास सीमित संसाधन हैं। जहां भी संभव होगा, जर्जर तारों को प्राथमिकता के आधार पर बदला जाएगा।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें

डिजिटल जनगणना को लेकर सतासी इंटर कॉलेज में प्रशिक्षण, एसडीएम ने किया निरीक्षण

रुद्रपुरदेवरिया सतासी इंटर कॉलेज में चल रही 16वीं जनगणना के तहत प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुक्रवार को एसडीएम अवधेश निगम ने निरीक्षण किया। इस दौ...