रुद्रपुर देवरिया।उत्तर प्रदेश होमगार्ड्स एनरोलमेंट-2025 की लिखित परीक्षा शनिवार से जनपद में कड़ी निगरानी के बीच शुरू हो गई। तीन दिवसीय परीक्षा (25, 26 व 27 अप्रैल) के पहले दिन जिलाधिकारी दिव्या मित्तल और पुलिस अधीक्षक अभिजित आर शंकर ने विभिन्न परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
केंद्र व्यवस्थापकों को दिया निर्देश कहा परीक्षा पारदर्शिता से हो
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने केंद्रों पर सुरक्षा व्यवस्था, बैठने की सुविधा, सीसीटीवी निगरानी और अभ्यर्थियों की जांच प्रक्रिया का गहन निरीक्षण किया। उन्होंने केंद्र व्यवस्थापकों को निर्देश दिए कि परीक्षा की शुचिता और पारदर्शिता से किसी भी स्तर पर समझौता न किया जाए। साथ ही सभी अभ्यर्थियों की सघन जांच और पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित करने को कहा।
जिन केंद्रों का निरीक्षण किया गया, उनमें राजकीय इंटर कॉलेज और महाराजा अग्रसेन इंटर कॉलेज समेत अन्य केंद्र शामिल रहे। जिलाधिकारी ने बताया कि जनपद में कुल 10 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, जहां परीक्षा दो पालियों में आयोजित की जा रही है।
प्रशासन के अनुसार प्रत्येक केंद्र पर केंद्र व्यवस्थापक, सह केंद्र व्यवस्थापक, बाह्य परीक्षा सहायक, सेक्टर मजिस्ट्रेट और स्टैटिक मजिस्ट्रेट की तैनाती की गई है। आकस्मिक परिस्थितियों से निपटने के लिए आरक्षित मजिस्ट्रेट भी नामित किए गए हैं।
पुलिस अधीक्षक ने सुरक्षा व्यवस्था को और सुदृढ़ रखने के निर्देश देते हुए कहा कि किसी भी प्रकार की अनियमितता पर तत्काल कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
प्रशासन की निगरानी में परीक्षा के पहले दिन सभी केंद्रों पर परीक्षा शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई। अगले दो दिनों के लिए भी इसी तरह सख्ती बरतने के निर्देश दिए गए हैं।
|



कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें