27 अप्रैल को युवक की थी शादी 18 को था फ्लाइट का टिकट
रुद्रपुर देवरिया एकौना थाना क्षेत्र के ग्राम कोडर निवासी 30 वर्षीय युवक की सऊदी अरब में सड़क दुर्घटना में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। परिजन शव को भारत लाने के लिए सरकार से गुहार लगा रहे हैं।
शादी की खुशिया बदली मातम में
मिली जानकारी के अनुसार, कोडर गांव निवासी रामगोविन्द पुत्र स्वर्गीय नेबुलाल वर्ष 2020 से सऊदी अरब की अल्म जार नामक कंपनी में सुपरवाइजर के पद पर कार्यरत थे। बताया जा रहा है कि 15 अप्रैल को वह कंपनी से काम खत्म कर साइकिल से अपने कमरे की ओर जा रहे थे, तभी रास्ते में एक चार पहिया वाहन से उनकी टक्कर हो गई। हादसे में उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
हालांकि, घटना की सूचना परिजनों को तीन दिन बाद 18 अप्रैल को साथ काम करने वाले लोगों के जरिए मिली, जिससे परिजन घटना को संदिग्ध मान रहे हैं।
मृतक तीन भाइयों में बीच का था। परिवार के अनुसार, उसकी सगाई 27 अप्रैल को तय थी और वह 18 अप्रैल को फ्लाइट से घर आने वाला था। इस दुखद घटना से शादी की खुशियां मातम में बदल गई हैं।
परिजनों ने सरकार से शव को भारत लाने और मामले की जांच कराने की मांग की है।


कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें