रविवार, 19 अप्रैल 2026

मिर्ज़ापुर कबड्डी लीग में बेटियों का जलवा, बीआरडी इंटर कॉलेज की छात्राओं ने बढ़ाया मान

 कन्हैया यादव

बघौचघाट, देवरिया। ग्रामीण अंचल की बेटियों ने एक बार फिर अपनी प्रतिभा का दम दिखाते हुए मिर्ज़ापुर कबड्डी लीग में शानदार प्रदर्शन कर क्षेत्र का नाम रोशन किया है। ओली पट्टी में आयोजित इस प्रतियोगिता में बीआरडी इंटर कॉलेज की छात्राओं ने अपने खेल से सभी को प्रभावित किया।

पहली बार 55 किलोग्राम वर्ग की बालिका खिलाड़ियों के लिए आयोजित इस लीग ने ग्रामीण प्रतिभाओं को बड़ा मंच दिया। प्रो कबड्डी लीग की तर्ज पर आयोजित इस प्रतियोगिता की खेल प्रेमियों ने जमकर सराहना की।

प्रतियोगिता में बीआरडी इंटर कॉलेज की सात छात्राओं का चयन हुआ, जिन्होंने अलग-अलग टीमों से खेलते हुए अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया। कक्षा 10 की छात्रा अनिता प्रसाद (पिता—कोमल प्रसाद, निवासी हरपुर) का चयन ऑल किंग मिर्ज़ापुर टीम में हुआ। अनिता ने पूरे टूर्नामेंट में शानदार प्रदर्शन करते हुए अपनी टीम को फाइनल में जीत दिलाने में अहम भूमिका निभाई। उनके बेहतरीन खेल के लिए उन्हें ‘बेस्ट रेडर’ पुरस्कार से भी नवाजा गया।

वहीं कक्षा 9 की छात्रा सानिया खातून (पिता—मैनुद्दीन अली, निवासी मझौआ) ने गंगा किंग्स मिर्ज़ापुर टीम की ओर से दमदार प्रदर्शन किया। उनकी टीम उपविजेता रही और सानिया ने अपने खेल से दर्शकों का दिल जीत लिया।

दोनों खिलाड़ियों की इस सफलता ने क्षेत्र की अन्य बेटियों को भी खेल के प्रति प्रेरित किया है। उनकी उपलब्धि से पूरे इलाके में खुशी और गर्व का माहौल है।

विद्यालय के प्रधानाचार्य ओंकार सिंह, प्रबंधक राजेश्वर राय, शिक्षक अवधेश सिंह, अनिल सिंह, ओम प्रकाश राय, आकाश राय, सुनील राय, हरेराम राय, आलम खान सहित अभिभावकों ने छात्राओं की सफलता पर हर्ष व्यक्त करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

विद्यालय में पढ़ाई के साथ-साथ छात्राएं नियमित अभ्यास करती हैं, जहां उन्हें कोच मुहम्मद इज़हार के मार्गदर्शन में प्रशिक्षण मिलता है।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें

बार और बेंच के बेहतर समन्वय से मिलेगा त्वरित न्याय : एसडीएम राजकुमार गुप्ता

रुद्रपुर, देवरिया। नवागत उपजिलाधिकारी (एसडीएम) राजकुमार गुप्ता ने मंगलवार को तहसील सभागार में बार एसोसिएशन के पदाधिकारियों एवं अधिवक्ताओं के...