शनिवार, 16 मई 2026

48 घंटे बाद भी चोर पुलिस की पकड़ से दूर, तीन शराव दुकानों में लाखों की हुयी थी चोरी

रुद्रपुर देवरिया रुद्रपुर नगर क्षेत्र में तीन शराब दुकानों में हुई सनसनीखेज चोरी की घटना के 48 घंटे बीत जाने के बाद भी पुलिस अभी तक चोरों तक नहीं पहुंच सकी है। मामले में लगातार जांच और कार्रवाई के दावे किए जा रहे हैं, लेकिन अब तक पुलिस के हाथ खाली हैं। इसे लेकर लोगों के बीच तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं।

बताया जा रहा है कि बीते दिनों रुद्रपुर नगर के सेमरौना स्थित देसी शराब की दुकान, बस स्टेशन स्थित कंपोजिट शराब की दुकान तथा इमलिया स्थित शराब की दुकान को चोरों ने निशाना बनाया था। देर रात चोरों ने दुकानों के ताले तोड़कर बिक्री के लिए रखा लाखों रुपये का कैश पार कर दिया था। एक साथ तीन दुकानों में हुई चोरी से इलाके में हड़कंप मच गया था।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची थी। वहीं मामले की गंभीरता को देखते हुए अपर पुलिस अधीक्षक ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया था और अधीनस्थ अधिकारियों को जल्द खुलासा करने के निर्देश दिए थे।

इस मामले में अनुज्ञापियों की तहरीर पर पुलिस ने अज्ञात चोरों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की थी। पुलिस की कई टीमें मामले के खुलासे में जुटी हैं और आसपास के सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं, लेकिन घटना के 48 घंटे बाद भी चोर पुलिस की गिरफ्त से बाहर हैं।

इधर, लगातार बढ़ रहे इंतजार के बीच लोगों में पुलिस की कार्यशैली को लेकर चर्चाओं का बाजार गर्म है। लोगों का कहना है कि जब एक साथ तीन दुकानों में चोरी हो गई और इतने समय बाद भी कोई सुराग नहीं मिला, तो यह पुलिस के लिए बड़ी चुनौती बनती जा रही है।

क्षेत्राधिकारी सत्येंद्र राय ने बताया कि पुलिस लगातार काम कर रही है और जल्द ही चोरी की घटना का खुलासा कर दिया जाएगा।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें

डीएम-एसपी ने ज्वेलर्स व्यापारियों के साथ की बैठक

वैठक मे स्वर्ण व्यवसायियो के सुरक्षा व समस्याओं पर की चर्चा रुद्रपुर/देवरिया। वर्तमान अंतरराष्ट्रीय परिस्थितियों एवं प्रधानमंत्री द्वारा नाग...