रुद्रपुर देवरिया। जिलाधिकारी मधुसूदन हुल्गी एवं पुलिस अधीक्षक अभिजीत आर. शंकर ने शनिवार को जिला कारागार का औचक निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था, साफ-सफाई तथा बंदियों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं का गहन निरीक्षण किया। दोनों अधिकारियों ने संयुक्त रूप से जेल परिसर का भ्रमण करते हुए विभिन्न व्यवस्थाओं का जायजा लिया और बंदियों से संवाद कर उनकी समस्याओं की जानकारी प्राप्त की।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने बैरकों, सुरक्षा व्यवस्था एवं निगरानी प्रणाली की जांच की तथा कारागार प्रशासन को सतर्कता एवं नियमित मॉनिटरिंग बनाए रखने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने पेयजल, स्वच्छता और शौचालय की व्यवस्थाओं का भी निरीक्षण किया तथा इन्हें और बेहतर बनाए जाने के निर्देश दिए।
अधिकारियों की मौजूदगी में सभी बैरकों में आपत्तिजनक वस्तुओं की गहन जांच कराई गई, हालांकि जांच में कोई भी आपत्तिजनक सामग्री बरामद नहीं हुई। जिलाधिकारी ने भोजन की गुणवत्ता और स्वच्छता के मानकों पर विशेष ध्यान देने के निर्देश देते हुए कहा कि बंदियों को पौष्टिक एवं गुणवत्तायुक्त भोजन उपलब्ध कराया जाए। साथ ही जेल मैनुअल के अनुसार सभी सुविधाएं सुनिश्चित करने पर बल दिया।
महिला बैरक में बच्चों को बांटे बिस्किट, बंदियों से संवाद कर जानी समस्याएं
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक ने महिला बैरक का भी जायजा लिया। उन्होंने महिला बंदियों से बातचीत की तथा उनके साथ रह रहे बच्चों को बिस्किट वितरित किए। अधिकारियों ने महिला बैरक में बच्चों के लिए बनाई गई बाल वाटिका का भी निरीक्षण किया।
इस अवसर पर जेल अधीक्षक आशीष रंजन, क्षेत्राधिकारी सदर संजय कुमार रेड्डी, डिप्टी जेलर राजकुमार, गीता रानी सहित कारागार प्रशासन के अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें