रुद्रपुर देवरिया बकरीद (ईद-उल-अजहा) पर्व को सकुशल एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आ रहा है। इसी क्रम में एसडीएम अवधेश निगम एवं क्षेत्राधिकारी सत्येंद्र राय ने नगर पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि अली आजम शेख के साथ नगर पंचायत मदनपुर स्थित ईदगाह मस्जिद एवं नमाज स्थलों का निरीक्षण किया। इस दौरान अधिकारियों ने कुर्बानी किए जाने वाले स्थलों का भी जायजा लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान एसडीएम अवधेश निगम ने शासन के निर्देशों का हवाला देते हुए कहा कि त्योहार आपसी भाईचारे, शांति और सौहार्द के साथ मनाया जाए। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिया कि कुर्बानी के बाद किसी भी प्रकार के पशु अवशेष सार्वजनिक स्थानों, सड़कों या खुले स्थानों पर नहीं फेंके जाएं। सभी अवशेषों को निर्धारित स्थान या गड्ढे में डालकर मिट्टी से ढकने की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, जिससे स्वच्छता बनी रहे और किसी प्रकार की असुविधा उत्पन्न न हो।
उन्होंने नगर पंचायत प्रशासन को त्योहार के मद्देनजर विशेष साफ-सफाई व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही नमाज स्थलों पर साफ-सफाई, पेयजल एवं अन्य मूलभूत सुविधाओं पर भी विशेष ध्यान देने को कहा।
क्षेत्राधिकारी सत्येंद्र राय ने कहा कि त्योहार को शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न कराने के लिए पुलिस प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद है तथा किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की।इस अवसर पर सभासदगण, मदरसों के अध्यापक सहित अन्य स्थानीय लोग मौजूद रहे।

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें