सोमवार, 25 मई 2026

संजीवा सिंह तीरंदाजी संस्थान एवं श्रीनेत ग्लोबल स्कूल के छात्र उत्कर्ष ने राष्ट्रीय इंडोर तीरंदाजी में जीता स्वर्ण पदक

 गोवा में चमका रुद्रपुर का हुनर जीता स्वर्ण पदक

रुद्रपुर/देवरिया। प्रतिभा और निरंतर मेहनत के दम पर ग्रामीण क्षेत्र के युवा खिलाड़ी अब राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बना रहे हैं। इसी कड़ी में संजीवा सिंह तीरंदाजी संस्थान एवं श्रीनेत ग्लोबल स्कूल के छात्र उत्कर्ष ने गोवा में आयोजित प्रथम इंडोर तीरंदाजी राष्ट्रीय प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक अपने नाम किया।

भारतीय तीरंदाजी संघ के तत्वावधान में गोवा तीरंदाजी संघ द्वारा 24 से 29 मई 2026 तक आयोजित अंडर-10 इंडोर राष्ट्रीय प्रतियोगिता में उत्कर्ष ने अपने उत्कृष्ट प्रदर्शन से जीत हासिल कर क्षेत्र का नाम रोशन किया। वहीं संस्थान के एक अन्य तीरंदाज आलोक गुप्ता भी शानदार प्रदर्शन करते हुए अंतिम दौर तक पहुंचे, लेकिन 5-5 अंकों के टाई ब्रेकर मुकाबले में हारकर चौथे स्थान पर रहे।

प्रतियोगिता के रैंकिंग राउंड में आलोक गुप्ता ने दूसरा और उत्कर्ष ने तीसरा स्थान प्राप्त किया था। इसके बाद मुकाबलों में उत्कर्ष ने लगातार बेहतर प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक पर कब्जा जमाया।

अर्जुन व द्रोणाचार्य पुरस्कार से सम्मानित कोच संजीवा सिंह ने कहा कि मात्र 10 वर्ष की आयु में खिलाड़ियों की यह उपलब्धि भविष्य के लिए बेहद उत्साहजनक संकेत है। उन्होंने कहा कि ऐसी छोटी-छोटी सफलताएं खिलाड़ियों को वर्ष 2032 और 2036 ओलंपिक जैसे बड़े लक्ष्यों के लिए तैयार करने की दिशा में मजबूत कदम साबित होंगी।

उन्होंने खिलाड़ियों के विकास और सहयोग के लिए सभी सहयोगियों का आभार व्यक्त करते हुए विशेष रूप से ACE तीरंदाजी अकादमी की सुविधाओं हेतु SBI फाउंडेशन तथा शिक्षा एवं खेल छात्रवृत्ति के लिए M3M फाउंडेशन का धन्यवाद किया।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें

नागपुर में मजदूरी करने गए युवक की संदिग्ध मौत

गांव पहुंचा शव तो मचा कोहराम पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर भेजा पी एम रुद्रपुर/देवरिया। रुद्रपुर कोतवाली क्षेत्र के लुअठई गांव निवासी एक युव...