स्टाम्प मूल्य में गड़बड़ी पर होगी कार्रवाई, सत्यापन अभियान रहेगा जारी. डीएम मधुसूदन हुल्गी
रुद्रपुर देवरिया। जमीन और भवनों के क्रय-विक्रय में स्टाम्प शुल्क की पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए जिलाधिकारी मधुसूदन हुल्गी ने शुक्रवार को सदर तहसील क्षेत्र में 50 लाख रुपये से अधिक मूल्य के बैनामों का स्थलीय सत्यापन किया। जांच के दौरान दोनों संपत्तियों का स्टाम्प मूल्य प्रलेखों के अनुरूप सही पाया गया।
जिलाधिकारी सबसे पहले गरुलपार न्यू कॉलोनी पहुंचे, जहां एक मकान एवं खाली भूमि के विक्रय संबंधी अभिलेखों की मौके पर जांच की गई। सत्यापन में स्टाम्प मूल्य निर्धारित मानकों के अनुरूप मिला।
इसके बाद उन्होंने बाँस देवरिया स्थित एक मकान के विक्रय प्रकरण की भी जांच की, जिसमें भी स्टाम्प मूल्य सही पाया गया। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि संपत्तियों के क्रय-विक्रय में शासन द्वारा निर्धारित स्टाम्प दरों के अनुसार ही मूल्यांकन किया जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि किसी भी प्रकरण में स्टाम्प मूल्य कम पाया गया तो संबंधित लोगों के खिलाफ विधिक कार्रवाई की जाएगी।
डीएम ने कहा कि राजस्व की हानि रोकने और पारदर्शी व्यवस्था बनाए रखने के लिए ऐसे सत्यापन अभियान आगे भी जारी रहेंगे। निरीक्षण के दौरान सहायक महानिरीक्षक निबंधन तथा उप निबंधक सदर भी मौजूद रहे।


कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें