शुक्रवार, 19 जून 2026

रात होते ही शुरू हो जाती है ‘आतिशबाजी’, जर्जर तारों ने उड़ाई नगरवासियों की नींद

जामुन चौराहे पर लटका  जर्जर तारदे रहा है दुर्घटना का दावत

रुद्रपुर, देवरिया। दिनभर की भागदौड़ के बाद जब लोग सुकून भरी नींद की तैयारी करते हैं, तभी रुद्रपुर नगर के कई वार्डों में बिजली के जर्जर तार ‘आतिशबाजी’ शुरू कर देते हैं। चिंगारियों के साथ तार टूटने की घटनाएं अब रोजमर्रा की समस्या बन गई हैं। गोला वार्ड सहित आधा दर्जन वार्डों के लोग रातभर बिजली संकट और हादसे की आशंका के साये में रहने को मजबूर हैं।

स्थानीय लोगों के मुताबिक रात 10 बजे के बाद तारों में स्पार्किंग शुरू हो जाती है, जो कई बार आधी रात तक जारी रहती है। चिंगारियां उड़ने के बाद तार टूट जाते हैं और पूरे इलाके की बिजली गुल हो जाती है। फाल्ट ठीक करने में लाइनमैनों को भी घंटों मशक्कत करनी पड़ती है, जबकि उपभोक्ताओं की रातें जागकर कट रही हैं।

 थाना रोड पर लटका जर्जर तार

नगरवासियों का आरोप है कि रिवैंप योजना के तहत जर्जर तार और पोल बदलने के साथ केबल लाइन बिछाने का कार्य होना था, लेकिन घनी आबादी वाले कई इलाकों में यह काम अधूरा छोड़ दिया गया। जमुनी चौराहा, थाना रोड, पुन्नी साहू चौराहा से इमाम वाड़ा तक, पक्का चौक, जलकल रोड समेत कई प्रमुख क्षेत्रों में आज भी पुराने और कमजोर तार लटक रहे हैं।

गर्मी बढ़ने के साथ बिजली का लोड बढ़ रहा है और यही जर्जर तार हर रात चिंगारियां उगल रहे हैं। लोगों का कहना है कि रुद्रपुर तहसील मुख्यालय होने के बावजूद समस्या पर कोई ठोस पहल नहीं हो रही है। एसडीएम और क्षेत्राधिकारी जैसे वरिष्ठ अधिकारियों का आवास भी नगर में है, फिर भी बिजली विभाग की उदासीनता से नागरिकों में नाराजगी बढ़ती जा रही है।

नगरवासियों ने चेतावनी दी है कि यदि समय रहते जर्जर तार नहीं बदले गए तो कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है। उन्होंने विद्युत विभाग से तत्काल कार्रवाई कर समस्या का स्थायी समाधान करने की मांग की है।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें

अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर जनप्रतिनिधि, अधिकारी व आमजन ने किया योगाभ्यास

विधायक ने दीप प्रज्वलित कर किया योग कार्यक्रम का शुभारंभ  रुद्रपुर, देवरिया। 12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर रविवार को नगर एवं ग्रा...