रुद्रपुर, देवरिया। समाजवादी पार्टी के पूर्व विधायक अनुग्रह नारायण सिंह एवं वरिष्ठ सपा नेता खोखा सिंह के नेतृत्व में मंगलवार को सपा कार्यकर्ताओं ने जिलाधिकारी मधुसूदन हुल्गी को ज्ञापन सौंपकर बाढ़ कार्य खंड द्वारा कराना ( कुर्ना) नाले की सफाई एवं खुदाई कार्य में कथित अनियमितताओं की उच्चस्तरीय जांच कराने की मांग की।
ज्ञापन में आरोप लगाया गया है कि जनपद के विभिन्न नालों की सफाई और खुदाई के लिए जारी किए गए टेंडरों में मानकों की अनदेखी की गई है तथा कार्यों में पारदर्शिता नहीं बरती जा रही है। सपा नेताओं का कहना है कि बरसात का मौसम शुरू होने के बावजूद कई स्थानों पर नालों की सफाई एवं खुदाई का कार्य अधूरा है, जिससे किसानों और आम जनता को परेशानी का सामना करना पड़ सकता है।
नेताओं ने जिलाधिकारी से मांग की कि पूरे मामले की टास्क फोर्स अथवा उच्चस्तरीय समिति से निष्पक्ष जांच कराई जाए। यदि जांच में अनियमितता और भ्रष्टाचार के आरोप सही पाए जाते हैं तो संबंधित अधिकारियों एवं दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए।
पूर्व विधायक अनुग्रह नारायण सिंह ने कहा कि जनहित से जुड़े कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही या भ्रष्टाचार बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। सरकार द्वारा आवंटित धन का सही उपयोग सुनिश्चित करना प्रशासन की जिम्मेदारी है।
ज्ञापन सौंपने वालों में जिला उपाध्यक्ष सपा हरेंद्र सिंह त्यागी, आरटीआई कार्यकर्ता शब्बीर अहमद, अशोक कृष्ण यादव, देवेंद्र यादव उर्फ मुलायम सहित समाजवादी पार्टी के दर्जनों कार्यकर्ता मौजूद रहे।
सपा नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि मामले की निष्पक्ष जांच नहीं कराई गई तो पार्टी जनहित में आंदोलन करने को बाध्य होगी।

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें