शुक्रवार, 26 जून 2026

बरहज की धरती से बोले मुख्यमंत्री – "उत्तर प्रदेश अब विकास, सुरक्षा और सुशासन का नया मॉडल बन चुका है

रुद्रपुर देवरिया। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार को बरहज विधानसभा क्षेत्र में आयोजित विशाल जनसभा में बरहज एवं रुद्रपुर विधानसभा क्षेत्र की 106 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया। लगभग 456 करोड़ रुपये की लागत वाली इन परियोजनाओं को प्रदेश के विकास की दिशा में बड़ा कदम बताते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि डबल इंजन सरकार प्रदेश को नई ऊंचाइयों पर ले जाने के लिए निरंतर कार्य कर रही है।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने देवरिया को दी 456 करोड़ रुपये की 106 विकास परियोजनाओं की सौगात

कार्यक्रम स्थल पर सुबह लगभग 11:05 बजे मुख्यमंत्री का हेलीकॉप्टर उतरते ही जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक सहित जनप्रतिनिधियों और भाजपा पदाधिकारियों ने उनका स्वागत किया।

विभिन्न योजनाओं के 10 लाभार्थियों को चेक एवं प्रमाण-पत्र 

 मुख्यमंत्री ने विभिन्न योजनाओं के 10 लाभार्थियों को चेक एवं प्रमाण-पत्र वितरित कर उन्हें सम्मानित किया। उन्होंने अन्नप्राशन कार्यक्रम में भी भाग लिया।

मंच पर उपस्थित  सांसद एवं केंद्रीय राज्य मंत्री कमलेश पासवान, कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही, परिवहन मंत्री एवं जनपद प्रभारी दयाशंकर सिंह, राज्यमंत्री लक्ष्मी गौतम, विधायक कुंवर जयप्रकाश निषाद, विधायक दीपक मिश्रा (शाका मिश्रा), सांसद शलभ मणि त्रिपाठी, विधायक सुरेंद्र चौरसिया, पूर्व मंत्री छोटेलाल निगम, श्वेता जायसवाल, सुधा निगम, रीतू शाही, जिला पंचायत अध्यक्ष गिरीश नारायण त्रिपाठी, विधान परिषद सदस्य डॉ. रतनपाल सिंह, भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष कामेश्वर सिंह, जिलाध्यक्ष काली प्रसाद, पूर्व जिलाध्यक्ष अंतर्यामी सिंह, भूपेंद्र सिंह, रविंद्र कुशवाहा, उपेन्द्र सिंह ने स्वागत कर सभा को संबोधित किया।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि प्रदेश में सड़कों, रेल और जल संसाधनों की बेहतर कनेक्टिविटी पर तेजी से कार्य किया जा रहा है। उत्तर प्रदेश आज देश का सबसे युवा और ऊर्जावान राज्य है, जहां युवाओं को रोजगार और स्वरोजगार के नए अवसर मिल रहे हैं।

उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार जीरो टॉलरेंस नीति पर कार्य कर रही है। जो भी कानून व्यवस्था बिगाड़ने या जनआस्था के साथ खिलवाड़ करने का प्रयास करेगा, उसे किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने कहा कि वर्ष 2016 में मदनपुर थाने में आगजनी जैसी घटनाएं होती थीं, लेकिन आज प्रदेश में शांति का वातावरण है। यदि कोई अशांति फैलाने का प्रयास करेगा तो उसे इसकी कठोर कीमत चुकानी पड़ेगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि पहले उत्तर प्रदेश के नौजवान रोजगार के लिए दूसरे राज्यों में जाते थे, जबकि आज प्रदेश में ही रोजगार के अवसर उपलब्ध हो रहे हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत के संकल्प को उत्तर प्रदेश तेजी से साकार कर रहा है।

उन्होंने कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही के नेतृत्व में कृषि क्षेत्र में हो रहे विकास की सराहना की तथा भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष कामेश्वर सिंह एवं वरिष्ठ नेता उपेन्द्र सिंह का नाम लेकर उन्हें बधाई दी।

अयोध्या का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि अयोध्या भारत की आस्था का प्रतीक है और किसी को भी जनभावनाओं से खिलवाड़ करने की अनुमति नहीं दी जाएगी। उन्होंने चंदा चोरी के मामले में गठित एसआईटी का जिक्र करते हुए कहा कि रिपोर्ट आने पर निष्पक्ष कार्रवाई होगी और "दूध का दूध, पानी का पानी" कर दिया जाएगा।

विपक्ष पर हमला बोलते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस ने वर्षों तक देश को लूटा और भ्रष्टाचार को बढ़ावा दिया। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस भगवान श्रीराम के अस्तित्व को नकारती रही और अयोध्या के मुद्दे पर न्यायालय में विरोध करती रही। समाजवादी पार्टी पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि उनकी सरकार में रामभक्तों पर गोलियां चलीं, नौकरी में वसूली होती थी और अराजकता का माहौल था, जबकि आज भर्ती प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी है।

उन्होंने कहा कि पूर्वांचल एक्सप्रेसवे के निर्माण में भी डबल इंजन सरकार ने जनता का पैसा बचाया। पहले लगभग 15,800 करोड़ रुपये का टेंडर हुआ था, जिसे निरस्त कर सरकार ने लगभग 11,200 करोड़ रुपये में कार्य कराया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि बीते नौ वर्षों में डबल इंजन सरकार ने उत्तर प्रदेश की तस्वीर बदल दी है और जनता ने सही स्थान पर अपना विश्वास व्यक्त किया है।

बरहज विधायक दीपक मिश्रा (शाका मिश्रा) के प्रस्ताव पर मोहन सेतु की स्वीकृति का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि इससे क्षेत्र के विकास को नई गति मिलेगी। उन्होंने पूर्व मंत्री स्वर्गीय दुर्गा प्रसाद मिश्र का भी स्मरण किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि बरहज कभी नदी व्यापार का प्रमुख केंद्र था और अब क्षेत्र में फूलों की खेती को बढ़ावा दिया जाएगा। राप्ती और घाघरा नदी क्षेत्र के विकास के लिए भी योजनाएं बनाई जा रही हैं।

उन्होंने कहा कि गरीबों को मुफ्त राशन, आवास और स्वास्थ्य सुविधाएं मिल रही हैं। अपराधियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। युवाओं को मुख्यमंत्री युवा उद्यमी योजना तथा प्रधानमंत्री सूर्य घर योजना का लाभ लेने का आह्वान करते हुए कहा कि इससे रोजगार बढ़ेगा और बिजली का खर्च भी कम होगा।

अपने संबोधन के अंत में मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार का संकल्प है कि प्रदेश का कोई भी बच्चा शिक्षा से वंचित न रहे और उत्तर प्रदेश विकास, सुरक्षा एवं सुशासन के नए मानक स्थापित करता रहे।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें

दाह संस्कार के दौरान हादसा: राप्ती-गोर्रा संगम में डूबने से व्यक्ति की मौत

रुद्रपुर (देवरिया)। मदनपुर थाना क्षेत्र के ग्राम सचौली पटनिया बांध के पास स्थित राप्ती-गोर्रा नदी संगम पर शुक्रवार को दाह संस्कार के दौरान ए...