शुक्रवार, 26 जून 2026

दाह संस्कार के दौरान हादसा: राप्ती-गोर्रा संगम में डूबने से व्यक्ति की मौत

रुद्रपुर (देवरिया)। मदनपुर थाना क्षेत्र के ग्राम सचौली पटनिया बांध के पास स्थित राप्ती-गोर्रा नदी संगम पर शुक्रवार को दाह संस्कार के दौरान एक दर्दनाक हादसा हो गया। नहाते समय पैर फिसलने से एक व्यक्ति गहरे पानी में चला गया और डूबने से उसकी मौत हो गई।

जानकारी के अनुसार, पिड़हनी सिकड़िया निवासी सुदर्शन यादव (46 वर्ष) पुत्र सीताराम यादव अपने परिवार की बुजुर्ग सदस्य वेली देवी (90 वर्ष) के अंतिम संस्कार में शामिल होने के लिए संगम तट पर गए थे। दाह संस्कार के बाद स्नान करते समय अचानक उनका पैर फिसल गया, जिससे वह गहरे पानी में चले गए और डूब गए।

घटना के बाद मौके पर मौजूद ग्रामीणों में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय गोताखोरों और ग्रामीणों ने उनकी तलाश शुरू की। करीब चार घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद सुदर्शन यादव का शव नदी से बरामद किया गया।

घटना की जानकारी मिलने पर विधायक अनुग्रह नारायण सिंह तथा खोखा सिंह भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने शोक संतप्त परिवार से मुलाकात कर संवेदना व्यक्त की और राज्य सरकार से मृतक के परिजनों को आर्थिक सहायता प्रदान करने की मांग की। उन्होंने कहा कि मृतक का परिवार अत्यंत गरीब है, इसलिए शासन से हरसंभव सहायता दी जानी चाहिए। इस हृदयविदारक घटना के बाद क्षेत्र में शोक की लहर है। मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

सूचना मिलते ही मदनपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें

दाह संस्कार के दौरान हादसा: राप्ती-गोर्रा संगम में डूबने से व्यक्ति की मौत

रुद्रपुर (देवरिया)। मदनपुर थाना क्षेत्र के ग्राम सचौली पटनिया बांध के पास स्थित राप्ती-गोर्रा नदी संगम पर शुक्रवार को दाह संस्कार के दौरान ए...