सोमवार, 6 जुलाई 2026

समाधान दिवस में राजस्व मामलों की रही भरमार, 43 में पांच शिकायतों का मौके पर निस्तारण

 शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण व समयबद्ध निस्तारण करें अधिकारी, लापरवाही बर्दाश्त नहीं ए डी एम

रुद्रपुर (देवरिया)। तहसील सभागार में सोमवार को अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) प्रेम नारायण सिंह की अध्यक्षता में संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। टीईटी परीक्षा के कारण शनिवार को प्रस्तावित समाधान दिवस स्थगित होने के बाद सोमवार को इसका आयोजन किया गया। समाधान दिवस में कुल 43 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें राजस्व विभाग की 21 शिकायतें सबसे अधिक रहीं। मौके पर राजस्व विभाग की पांच शिकायतों का निस्तारण कर दिया गया, जबकि शेष मामलों के शीघ्र एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए गए।

अपर जिलाधिकारी प्रशासन प्रेम नारायण सिंह ने अधिकारियों से कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप शिकायतों का समयबद्ध, निष्पक्ष और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि फरियादियों को अनावश्यक चक्कर न लगवाए जाएं तथा प्रत्येक शिकायत का स्थलीय निरीक्षण कर तथ्यात्मक रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई की जाए। लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों एवं कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

समाधान दिवस में पचलड़ी निवासी शीला देवी ने बैनामा की भूमि पर दबंगों द्वारा कब्जा किए जाने तथा शिकायत के बावजूद कार्रवाई न होने की शिकायत दर्ज कराई। बढ़या बुजुर्ग निवासी लालमती देवी ने न्यायालय के आदेश के बावजूद निर्माण कार्य नहीं करने देने का आरोप लगाया। वहीं आरटीआई कार्यकर्ता शब्बीर अहमद ने अधिशासी अभियंता बाढ़ खंड पर सूचना का अधिकार अधिनियम के तहत मांगी गई सूचना उपलब्ध न कराने की शिकायत की।

समाधान दिवस में राजस्व विभाग की 21, पुलिस विभाग की नौ, विकास विभाग की तीन, खाद्य एवं रसद विभाग की एक तथा अन्य विभागों की नौ शिकायतें प्राप्त हुईं। इनमें से राजस्व विभाग की पांच शिकायतों का मौके पर निस्तारण किया गया।

इस अवसर पर एसडीएम अवधेश निगम, तहसीलदार चंद्रशेखर वर्मा, नायब तहसीलदार अनिल तिवारी, क्षेत्राधिकारी सतेन्द्र राय, खंड विकास अधिकारी एजाज अहमद, पूर्ति निरीक्षक गुफरान शेख, एसडीओ चंदन जायसवाल, अधिशासी अधिकारी नितेश गौरव, खंड शिक्षा अधिकारी राज किशोर सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं राजस्व कर्मी उपस्थित रहे।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें

आईजीआरएस मामलों में लापरवाही पर डीएम सख्त, चार नगर पंचायतों के ईओ को कारण बताओ नोटिस

मदनपुर साहित भाटपाररानी, बरियारपुर व बैतालपुर के अधिशासी अधिकारियों से मांगा जवाब, त्रुटिपूर्ण आख्या पर जताई नाराजगी रुद्रपुर देवरिया। जिलाध...