रुद्रपुर (देवरिया)। शासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल परिषदीय विद्यालयों में विद्यार्थियों की डिजिटल उपस्थिति दर्ज कराने में लापरवाही बरतने वाले विद्यालयों पर कार्रवाई शुरू हो गई है। जिलाधिकारी के निर्देश पर खंड शिक्षा अधिकारी रुद्रपुर राज किशोर सिंह ने डिजिटल अटेंडेंस नहीं लगाने वाले 107 विद्यालयों को कारण बताओ नोटिस जारी कर दो दिन के भीतर स्पष्टीकरण देने के निर्देश दिए हैं।
खंड शिक्षा अधिकारी ने बताया कि यदि निर्धारित अवधि में स्थिति में सुधार नहीं हुआ तो संबंधित विद्यालयों के शिक्षकों का वेतन मानव संपदा पोर्टल के माध्यम से रोकने की संस्तुति उच्चाधिकारियों को भेजी जाएगी।
सोमवार को खंड शिक्षा अधिकारी ने विद्यालयों के डिजिटल अटेंडेंस की समीक्षा और निरीक्षण किया। जांच में पाया गया कि विकासखंड रुद्रपुर के कुल 151 कंपोजिट, प्राथमिक एवं उच्च प्राथमिक विद्यालयों में से 107 विद्यालयों ने विद्यार्थियों की डिजिटल उपस्थिति दर्ज नहीं की थी। इसे गंभीर लापरवाही मानते हुए संबंधित विद्यालयों से स्पष्टीकरण मांगा गया है।
डिजिटल अटेंडेंस नहीं लगाने वाले विद्यालयों में जगत माझा, मदनपुर, दीनापार, रतनपुर, कोरवा, जमीरा, मालपट्टी, सचौली, पटवनिया, नीवा मठिया, सतुआभर सहित अन्य विद्यालय शामिल हैं।
खंड शिक्षा अधिकारी राज किशोर सिंह ने सभी प्रधानाध्यापकों को निर्देशित किया है कि प्रतिदिन समय से विद्यार्थियों की डिजिटल उपस्थिति दर्ज कराना सुनिश्चित करें। इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही पाए जाने पर संबंधित के विरुद्ध विभागीय कार्रवाई की जाएगी।

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें