रुद्रपुर (देवरिया)। शनिवार को जिलाधिकारी मधुसूदन हुल्गी एवं पुलिस अधीक्षक अभिजीत आर. शंकर समाधान दिवस में शामिल होने से पूर्व रुद्रपुर स्थित बाबा दुग्धेश्वर नाथ मंदिर पहुंचे। यहां दोनों अधिकारियों ने भगवान शिव का विधि-विधान से जलाभिषेक एवं पूजा-अर्चना कर जनपद और क्षेत्र की सुख-समृद्धि तथा मंगल की कामना की।
पूजा-अर्चना के उपरांत जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक ने आगामी सावन माह में श्रद्धालुओं की संभावित भारी भीड़ को देखते हुए मंदिर परिसर का निरीक्षण किया। उन्होंने मंदिर के महंत से सावन के दौरान होने वाली व्यवस्थाओं, श्रद्धालुओं की संख्या तथा आवश्यक सुविधाओं के संबंध में जानकारी प्राप्त की। अधिकारियों ने मंदिर में प्रवेश और निकास मार्ग, बैरिकेडिंग, सुरक्षा व्यवस्था, साफ-सफाई एवं अन्य व्यवस्थाओं का भी बारीकी से निरीक्षण किया।
सावन के त्यौहार को लेकर मंदिर का किया निरीक्षण सुरक्षा, स्वच्छता, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था एवं भीड़ प्रबंधन की ली जानकारी
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी मधुसूदन हुल्गी ने कहा कि सावन के पवित्र माह में आने वाले श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय से सुनिश्चित की जाएं। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि सुरक्षा, स्वच्छता, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था एवं भीड़ प्रबंधन पर विशेष ध्यान दिया जाए।
पुलिस अधीक्षक अभिजीत आर. शंकर ने थाना प्रभारी रुद्रपुर को निर्देशित किया कि सावन के दौरान मंदिर परिसर और आसपास पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती, सुचारु यातायात व्यवस्था तथा श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए प्रभावी कार्ययोजना बनाकर उसका कड़ाई से पालन कराया जाए। निरीक्षण के दौरान संबंधित प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारी भी उपस्थित थे


कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें