रुद्रपुर/देवरिया। जिलाधिकारी मधुसूदन हुल्गी ने मंगलवार को बाढ़ सुरक्षा तैयारियों का जायजा लेने के लिए पिडरा कैंप स्टोर, कंट्रोल रूम एवं विभिन्न तटबंधों का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने बाढ़ खंड के अधिकारियों से तैयारियों की जानकारी ली और सभी व्यवस्थाएं समय से पूर्ण रखने के निर्देश दिए।
पिडरा कैंप स्टोर( कंट्रोल रूम) का भी लिया जायजा, अधिकारियों को दिए आवश्यक निर्देश
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी सबसे पहले पिडरा कैंप स्टोर ( कंट्रोल रूम) पहुंचे, जहां उन्होंने बाढ़ राहत सामग्री, उपकरणों तथा आपदा से निपटने की तैयारियों की समीक्षा की। इसके बाद उन्होंने पचलड़ी तटबंध (बेलवा के पास) पहुंचकर लगभग 2.26 करोड़ रुपये की लागत से चल रहे बोल्डर पिचिंग कार्य का निरीक्षण किया और गुणवत्ता बनाए रखने के निर्देश दिए।
बाढ़ सुरक्षा कार्यों में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं
इसके उपरांत जिलाधिकारी नारायणपुर–पलिया छपरा तटबंध पहुंचे, जहां लगभग 4.53 करोड़ रुपये की लागत से चल रहे बाढ़ सुरक्षा कार्यों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने हाल ही में तटबंध के एक हिस्से के खिसकने संबंधी समाचार का भी संज्ञान लिया। अधिकारियों ने बताया कि लगातार बारिश के कारण तटबंध का एक भाग प्रभावित हुआ था, जिसे तत्काल दुरुस्त कर दिया गया है।
जिलाधिकारी मधुसूदन हुल्गी ने कहा कि बाढ़ सुरक्षा कार्यों में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी निर्माण कार्य निर्धारित मानकों के अनुरूप एवं समयबद्ध तरीके से पूरे किए जाएं। संवेदनशील स्थलों पर लगातार निगरानी रखी जाए ताकि बारिश के दौरान किसी प्रकार की समस्या उत्पन्न न हो और लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।
निरीक्षण के दौरान बाढ़ खंड के अधिशासी अभियंता राधेश्याम प्रसाद, एसडीओ संजय कुमार सिंह, जेई अरविंद कुमार यादव, विवेक कुमार रौनियार, विकास पाठक, तहसीलदार चंद्रशेखर वर्मा, नायब तहसीलदार शरद सिंह सहित संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।



कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें