बुधवार, 22 जुलाई 2026

डीएम के औचक निरीक्षण में खुली स्कूलों की हकीकत, बीईओ को कारण बताओ नोटिस के निर्देश

रुद्रपुर देवरिया। जिलाधिकारी मधुसूदन हुल्गी ने बुधवार को विकासखंड बनकटा के पांच विद्यालयों और एक आंगनबाड़ी केंद्र का औचक निरीक्षण कर शिक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान छात्र-छात्राओं की कम उपस्थिति और पर्यवेक्षण में शिथिलता मिलने पर उन्होंने खंड शिक्षा अधिकारी (बीईओ) बनकटा को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। साथ ही स्पष्ट किया कि पठन-पाठन की गुणवत्ता में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

डीएम ने पूर्व माध्यमिक विद्यालय एवं आंगनबाड़ी केंद्र सोहनपुर, कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय (केजीबीवी) सोहनपुर, प्राथमिक विद्यालय इंगुरी बाजार, उच्च विद्यालय रामपुर बुजुर्ग तथा उच्च माध्यमिक विद्यालय प्रताप छापर का निरीक्षण किया। अधिकांश विद्यालयों में शिक्षक उपस्थित मिले, लेकिन छात्रों की उपस्थिति अपेक्षा से कम पाई गई। इस पर उन्होंने छात्र उपस्थिति बढ़ाने के लिए विशेष अभियान चलाने के निर्देश दिए।

 डी एम ने डिजिटल उपस्थिति प्रणाली का शत-प्रतिशत पालन सुनिश्चित करने का दिया निर्देश

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने सभी विद्यालयों में डिजिटल उपस्थिति प्रणाली का शत-प्रतिशत पालन सुनिश्चित करने को कहा। केजीबीवी सोहनपुर में 110 पंजीकृत छात्राओं के सापेक्ष केवल 70 छात्राएं उपस्थित मिलने पर उन्होंने नियमित उपस्थिति बढ़ाने के लिए प्रभावी कार्ययोजना तैयार करने का निर्देश दिया।

डी एम ने छात्राओं से पाठ्यपुस्तक पढ़वाकर उनकी शैक्षणिक दक्षता का किया आकलन

डीएम ने केजीबीवी में छात्राओं से पाठ्यपुस्तक पढ़वाकर उनकी शैक्षणिक दक्षता का भी आकलन किया और शिक्षकों को गुणवत्तापूर्ण एवं व्यवस्थित पठन-पाठन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप प्रत्येक बच्चे को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराना सर्वोच्च प्राथमिकता है। विद्यालयों की नियमित मॉनिटरिंग, बेहतर शिक्षण व्यवस्था और छात्र उपस्थिति में निरंतर सुधार सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि भविष्य के निरीक्षण में कमियां मिलने पर संबंधित अधिकारियों के विरुद्ध अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें

नवागत एसडीएम राजकुमार गुप्ता का व्यापार मंडल ने किया स्वागत

व्यापारियों की समस्याओं पर हुई चर्चा रुद्रपुर, देवरिया बुधवार को रुद्रपुर के नवागत उपजिलाधिकारी राजकुमार गुप्ता से व्यापार मंडल के पदाधिकारि...