रुद्रपुर, देवरिया। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव की गिरफ्तारी के विरोध में मंगलवार को देवरिया में हुए धरना-प्रदर्शन के बाद मंगलवार देर रात रुद्रपुर के पूर्व विधायक अनुग्रह नारायण सिंह 'खोखा सिंह' के आवास पर पुलिस पहुंच गई। आधी रात को पुलिस के पहुंचने से क्षेत्र में चर्चाओं का दौर शुरू हो गया।
जानकारी के अनुसार, धरना-प्रदर्शन से लौटने के बाद पूर्व विधायक अपने आवास पर थे। इसी दौरान रुद्रपुर पुलिस उनके घर पहुंची। अचानक पुलिस के पहुंचने पर पहले तो लोग असमंजस में पड़ गए। बाद में पुलिस अधिकारियों ने बताया कि यह कार्रवाई एहतियातन सुरक्षा व्यवस्था के तहत की गई है।
पूर्व विधायक खोखा सिंह ने कहा कि "आधी रात में पुलिस का घर पहुंचना अपने आप में चर्चा का विषय है। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी लोकतंत्र संविधान और जनता के अधिकारों के रक्षा के लिए संघर्ष करती रही है और आगे करती रहेगी हालांकि पुलिस ने इसे सुरक्षा व्यवस्था का हिस्सा बताया है।"
इस संबंध में थाना प्रभारी कल्याण सिंह सागर ने बताया कि पूर्व विधायक के आवास पर पुलिस सुरक्षा की दृष्टि से गई थी। कानून-व्यवस्था बनाए रखने और किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए यह एहतियाती कदम उठाया गया।
बताया जा रहा है कि समाजवादी पार्टी के धरना-प्रदर्शन के बाद जनपद के अन्य पूर्व सपा विधायकों और प्रमुख नेताओं के आवासों पर भी पुलिस ने एहतियातन पहुंचकर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। प्रशासन पूरे घटनाक्रम पर नजर बनाए हुए है।

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें