
रुद्रपुर, देवरिया। क्षेत्र की ग्राम सभा करमेल बनरही में नव निर्मित यात्री निवास का लोकार्पण रविवार को विधान परिषद सदस्य (एमएलसी) डॉ. रतनपाल सिंह ने विधिवत फीता काटकर एवं शिलापट्ट का अनावरण कर किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि जनसुविधाओं का विस्तार ही सरकार की प्राथमिकता है और विकास कार्य तभी सार्थक माने जाते हैं, जब उनका लाभ सीधे आमजन तक पहुंचे।
सरकार का लक्ष्य विकास कार्यों का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे डॉ. रतनपाल सिंह
एमएलसी डॉ. रतनपाल सिंह ने कहा कि नव निर्मित यात्री निवास क्षेत्र के नागरिकों, यात्रियों एवं श्रद्धालुओं के लिए एक महत्वपूर्ण जनसुविधा केंद्र साबित होगा। इससे बाहर से आने वाले लोगों को ठहरने और आवश्यक सुविधाएं प्राप्त करने में सहूलियत मिलेगी। उन्होंने कहा कि क्षेत्र के समग्र विकास के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं और भविष्य में भी जनहित के कार्य इसी प्रकार जारी रहेंगे।
उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार गांवों में आधारभूत सुविधाओं को मजबूत करने के लिए लगातार कार्य कर रही है। यात्री निवास जैसी जनोपयोगी परियोजनाएं ग्रामीण क्षेत्र के विकास को नई गति प्रदान करेंगी।
कार्यक्रम के अंत में एमएलसी डॉ. रतनपाल सिंह ने उपस्थित सभी ग्रामवासियों, जनप्रतिनिधियों एवं कार्यकर्ताओं का आत्मीय स्वागत, सहयोग और स्नेह के लिए आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में ग्रामीण, जनप्रतिनिधि एवं भाजपा कार्यकर्ता मौजूद रहे।

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें