पहली बारिश में ध्वस्त हुई ₹7 करोड़ की बोल्डर पिचिंग खोखा सिंह ने निष्पक्ष जांच व एफआईआर की मांग
रुद्रपुर (देवरिया)। रुद्रपुर विधानसभा क्षेत्र के नारायणपुर स्थित बांध का निरीक्षण करने पहुंचे पूर्व विधायक अनुग्रह नारायण सिंह उर्फ 'खोखा सिंह' ने बाढ़ सुरक्षा कार्यों की गुणवत्ता पर गंभीर सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि लगभग सात करोड़ रुपये की लागत से कराई गई बोल्डर पिचिंग पहली ही बारिश में ध्वस्त हो गई, जो निर्माण कार्य में भारी अनियमितता और लापरवाही का संकेत है।
पूर्व विधायक ने कहा कि बाढ़ सुरक्षा से जुड़े कार्य पहली बारिश भी नहीं झेल पा रहे हैं, जिससे क्षेत्र के हजारों लोगों की जान-माल पर खतरा उत्पन्न हो सकता है। उन्होंने इसे केवल निर्माण कार्य की गुणवत्ता का मामला नहीं, बल्कि जनता की सुरक्षा से जुड़ा गंभीर विषय बताया।
अनुग्रह नारायण उर्फ खोखा सिंह ने उत्तर प्रदेश सरकार एवं संबंधित विभाग से मांग की कि पूरे निर्माण कार्य की उच्चस्तरीय और निष्पक्ष जांच कराई जाए। उन्होंने कहा कि यदि जांच में किसी प्रकार की अनियमितता या लापरवाही सामने आती है तो संबंधित ठेकेदार एवं जिम्मेदार अधिकारियों के विरुद्ध एफआईआर दर्ज कर कठोर कार्रवाई की जाए।
उन्होंने यह भी मांग की कि बाढ़ सुरक्षा कार्यों को तत्काल गुणवत्ता मानकों के अनुरूप दोबारा कराया जाए, ताकि क्षेत्रवासियों की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके। पूर्व विधायक ने कहा कि जनता के धन का दुरुपयोग और जनसुरक्षा के साथ लापरवाही किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं की जाएगी।

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें