सोमवार, 20 जुलाई 2026

जनता दर्शन की शिकायत पर डीएम की त्वरित कार्रवाई अधिकारियों के गांव पहुंचकर किया निरीक्षण

रुद्रपुर देवरिया जनता दर्शन में मिली शिकायत पर जिलाधिकारी मधुसूदन हुल्गी ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सदर तहसील के ग्राम सभा कुसुमौनी पहुंचकर जलभराव की समस्या का स्थलीय निरीक्षण किया तथा संबंधित विभागों के अधिकारियों को तत्काल जल निकासी की प्रभावी व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

बताते चले कि सोमवार को जनता दर्शन में ग्राम सभा कुसुमौनी निवासी आकाश शर्मा समेत अन्य ग्रामीणों ने शिकायत की थी कि साइफन चोक होने और बरसात के पानी की निकासी नहीं होने से खेतों में जलभराव हो गया है। इससे फसलें प्रभावित हो रही हैं और संक्रामक बीमारियां फैलने की आशंका बनी हुई है।

शिकायत को गंभीरता से लेते हुए डीएम ने लोक निर्माण विभाग, सिंचाई विभाग और बाढ़ खंड के अधिकारियों के साथ मौके का निरीक्षण किया। उन्होंने सभी संभावित विकल्पों का सर्वे कराकर स्थायी समाधान के साथ जल निकासी की व्यवस्था करने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान डीएम ने बाढ़ खंड के अधिशासी अभियंता को तत्काल खारी नाले की सफाई कराने तथा जलभराव का पानी छोटी गंडक नदी तक पहुंचाने की स्थायी व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा। वहीं लोक निर्माण विभाग (प्रांतीय खंड) के अधिशासी अभियंता को सड़क निर्माण के दौरान अवरुद्ध या चोक नालों और साइफनों की तत्काल सफाई कर जल निकासी सुचारु कराने के निर्देश दिए।

इसके अलावा बाढ़ खंड और सिंचाई विभाग के अधिकारियों को वर्तमान जलभराव की समस्या के त्वरित समाधान के लिए पानी को नहर में पहुंचाने की व्यवस्था करने का निर्देश दिया गया, ताकि ग्रामीणों को जल्द राहत मिल सके।

डीएम की त्वरित पहल के बाद जल निकासी की व्यवस्था शुरू होने पर ग्रामीणों ने संतोष व्यक्त करते हुए उनका आभार जताया। निरीक्षण के दौरान लोक निर्माण विभाग, बाढ़ खंड, सिंचाई विभाग के अधिशासी अभियंता सहित अन्य संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें

बूथ अध्यक्ष भाजपा संगठन की सबसे बड़ी ताकत, 2027 की जीत का आधार होगा मजबूत बूथ : जयप्रकाश निषाद

विधानसभा स्तरीय बूथ अध्यक्ष सम्मेलन का आयोजन   रुद्रपुर, देवरिया। रुद्रपुर नगर स्थित दूग्धेश्वर नाथ मंदिर के पीछे बने बहुउद्देशीय हाल में बु...