सोमवार, 20 जुलाई 2026

डी एम ने भटनी के कस्तूरबा विद्यालय का किया औचक निरीक्षण, छात्राओं से पढ़वाया पाठ


रुद्रपुर देवरिया जिलाधिकारी मधुसूदन हुल्गी ने सोमवार को विकासखंड भटनी के रुपई स्थित कस्तूरबा गांधी बालिका आवासीय विद्यालय का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने पठन-पाठन व्यवस्था, छात्राओं की उपस्थिति, अभिलेखों तथा विद्यालय में उपलब्ध सुविधाओं का गहन निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान डीएम ने डिजिटल उपस्थिति प्रणाली की समीक्षा करते हुए छात्राओं की शत-प्रतिशत उपस्थिति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शिक्षा की गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं होना चाहिए और प्रत्येक छात्रा को नियमित रूप से विद्यालय आना चाहिए।

डीएम ने कक्षा छह और आठ की छात्राओं से संवाद कर उनसे पाठ्यपुस्तक पढ़वाई तथा विषय से जुड़े प्रश्न पूछे। उन्होंने छात्राओं का उत्साहवर्धन करते हुए शिक्षकों को निर्देश दिया कि पढ़ाई का स्तर बेहतर बनाए रखें और किसी भी छात्रा का ड्रॉपआउट न होने दें।

सीलन व जलभराव की समस्या दूर कराने के दिए निर्देश

 उन्होंने विद्यालय के रसोईघर, कक्षाओं तथा अन्य व्यवस्थाओं का भी निरीक्षण किया। वार्डन ने भवन में सीलन और बरसात के दौरान जलभराव की समस्या से अवगत कराया। इस पर जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई कर समस्या का शीघ्र समाधान कराने के निर्देश दिए।निरीक्षण के समय विद्यालय के लगभग सभी शिक्षक एवं शिक्षणेत्तर कर्मचारी उपस्थित रहे।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें

बार और बेंच के बेहतर समन्वय से मिलेगा त्वरित न्याय : एसडीएम राजकुमार गुप्ता

रुद्रपुर, देवरिया। नवागत उपजिलाधिकारी (एसडीएम) राजकुमार गुप्ता ने मंगलवार को तहसील सभागार में बार एसोसिएशन के पदाधिकारियों एवं अधिवक्ताओं के...