24 घंटे में जिले में नहीं हुई बारिश, बाढ़ विभाग ने कहा- फिलहाल बाढ़ का कोई खतरा नहीं
रुद्रपुर देवरिया। मानसून की सक्रियता के बीच जिले की प्रमुख नदियों के जलस्तर में गुरुवार को हल्की बढ़ोतरी दर्ज की गई। बाढ़ नियंत्रण कक्ष की ओर से जारी दैनिक जलस्तर रिपोर्ट के अनुसार राप्ती और गोर्रा नदी का जलस्तर बढ़ा है, जबकि सभी नदियां अभी भी खतरे के निशान से काफी नीचे बह रही हैं। जिले में पिछले 24 घंटे के दौरान वर्षा शून्य (NIL) दर्ज की गई।
रिपोर्ट के मुताबिक बरहज गेज पर राप्ती नदी का जलस्तर 65.80 मीटर से बढ़कर 65.85 मीटर तथा भेंडी गेज पर 68.05 मीटर से बढ़कर 68.20 मीटर दर्ज किया गया। वहीं पिड़रा घाट पर गोर्रा नदी का जलस्तर 68.60 मीटर से बढ़कर 68.65 मीटर हो गया। छोटी गंडक नदी का जलस्तर नवापार घाट पर 62.45 मीटर से बढ़कर 62.65 मीटर रिकॉर्ड किया गया।
बाढ़ विभाग के अधिकारियों के अनुसार जलस्तर में बढ़ोतरी सामान्य है और फिलहाल किसी भी नदी के खतरे के निशान तक पहुंचने की संभावना नहीं है। विभाग सभी गेज स्थलों की लगातार निगरानी कर रहा है और नदी किनारे के क्षेत्रों पर विशेष नजर रखी जा रही है।

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें