शुक्रवार, 17 जुलाई 2026

रेनकट की अनदेखी पड़ी भारी: करहकोल घाट के पास गिट्टी लदा ट्रक पलटा, चालक बाल-बाल बचा

रुद्रपुर (देवरिया) रुद्रपुर-करहकोल मार्ग पर लोक निर्माण विभाग (PWD) की कथित लापरवाही एक बार फिर सामने आई। शुक्रवार देर शाम करहकोल घाट के समीप रेनकट वाली क्षतिग्रस्त सड़क पर गिट्टी से लदा एक ट्रक पलट गया। हादसे में चालक को मामूली चोटें आईं, जबकि बड़ी जनहानि टल गई।

खबर छपने के बाद अधिकारियों ने नहीं लिया संज्ञान में


जानकारी के अनुसार, चार दिन पहले हुई बारिश के बाद पचलड़ी से करहकोल घाट तक आधा दर्जन से अधिक स्थानों पर सड़क कटकर रेनकट बन गए हैं। स्थानीय लोगों और जनप्रतिनिधियों ने कई बार विभाग को इसकी जानकारी दी थी। मीडिया में भी सड़क की बदहाल स्थिति को प्रमुखता से उठाया गया, लेकिन समय रहते मरम्मत नहीं कराई गई।

बताया जा रहा है कि राम-जानकी मार्ग पर उग्रसेन सेतु बंद होने के कारण भारी वाहनों का आवागमन रुद्रपुर-करहकोल मार्ग होते हुए कौड़ीराम के रास्ते फोरलेन की ओर किया जा रहा है।इसी दौरान शुक्रवार शाम गिट्टी लेकर जा रहा ट्रक करहकोल गांव के समीप क्षतिग्रस्त हिस्से में असंतुलित होकर पलट गया। चालक ने समय रहते ट्रक से कूदकर अपनी जान बचा ली, जिससे उसे केवल मामूली चोटें आईं।

स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि सड़क की समय पर मरम्मत करा दी जाती तो यह हादसा नहीं होता। उनका आरोप है कि लगातार शिकायतों के बावजूद विभाग ने कोई कार्रवाई नहीं की, जिससे दुर्घटना की आशंका पहले से बनी हुई थी।

भाजपा नेता डी.के. यादव ने कहा कि उन्होंने कई दिन पहले ही विभाग को सड़क पर बने रेनकट और बढ़ी हुई झाड़ियों की सूचना दी थी। उनका कहना है कि अधिकारियों की उदासीनता के कारण यह दुर्घटना हुई। उन्होंने जिलाधिकारी से रुद्रपुर-करहकोल मार्ग तथा रुद्रपुर-असवनपार मार्ग पर बने रेनकट की तत्काल मरम्मत और झाड़ियों की सफाई कराने की मांग की है।स्थानीय लोगों ने चेतावनी दी है कि यदि शीघ्र मरम्मत नहीं कराई गई तो भविष्य में बड़ा हादसा हो सकता है।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें

सीडीओ ने पेयजल परियोजना व राजकीय नलकूप तथा विद्यालय का किया निरीक्षण .गुणवत्ता और संचालन पर दिया जोर

रुद्रपुर, देवरिया। तहसील समाधान दिवस में शामिल होने के बाद मुख्य विकास अधिकारी (सीडीओ) राजेश कुमार सिंह ने शनिवार को विकासखंड रुद्रपुर के वि...