एसडीएम ने पीडब्ल्यूडी को दिए निरीक्षण के निर्देश
रुद्रपुर (देवरिया)। रामजानकी मार्ग स्थित उग्रसेन पुल बंद होने के कारण रुद्रपुर-करहकोल वाया कौड़ीराम मार्ग पर इन दिनों भारी लोडेड ट्रकों का दबाव काफी बढ़ गया है। इससे नगर क्षेत्र में आए दिन जाम की स्थिति बन रही है, वहीं बरसात से क्षतिग्रस्त सड़क पर दुर्घटना की आशंका भी बढ़ गई है।
मामले की जानकारी मिलते ही नवागत उपजिलाधिकारी राजकुमार गुप्ता ने लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) के सहायक अभियंता क्षितिज जायसवाल से दूरभाष पर वार्ता कर पूरे मार्ग का शीघ्र निरीक्षण करने तथा आवश्यक सुरक्षा एवं मरम्मत संबंधी व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। एसडीएम ने कहा कि निरीक्षण के बाद विस्तृत रिपोर्ट तत्काल उपलब्ध कराई जाए, ताकि आवश्यक कार्रवाई की जा सके।
बताया जाता है कि चार दिन पूर्व हुई तेज बारिश के कारण रुद्रपुर-करहकोल मार्ग पर कई स्थानों पर सड़क कट गई है तथा बड़े-बड़े गड्ढे और रेनकट बन गए हैं। ऐसे में भारी वाहनों की लगातार आवाजाही से सड़क की स्थिति और खराब होती जा रही है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि रामजानकी मार्ग बंद होने के बाद अधिकांश बड़े और लोडेड ट्रकों का आवागमन इसी मार्ग से हो रहा है। इससे न केवल नगर में जाम की समस्या बढ़ गई है, बल्कि सड़क के कमजोर हिस्सों पर कभी भी बड़ा हादसा होने की आशंका बनी हुई है।
क्षेत्रवासियों ने प्रशासन से क्षतिग्रस्त सड़क की तत्काल मरम्मत कराने, रेनकट भरवाने तथा भारी वाहनों के सुरक्षित आवागमन के लिए प्रभावी व्यवस्था करने की मांग की है।

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें