शुक्रवार, 17 जुलाई 2026

पटरा-बल्ली के सहारे पार हो रहा नकटा नाला, जान जोखिम में डालकर आवागमन को मजबूर लोग



रुद्रपुर देवरिया। देवरिया-रामलक्षन मार्ग पर बाकी चौराहे के समीप निर्माणाधीन पुल का कार्य अधूरा होने से बरसात के दौरान नकटा नाला उफान पर है। नाले का पानी सड़क पर बहने से आवागमन पूरी तरह बाधित हो गया। इसके बाद लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) ने वैकल्पिक व्यवस्था के तहत पटरा और बल्ली के सहारे पैदल आवागमन की व्यवस्था की है, लेकिन यह व्यवस्था लोगों के लिए राहत से अधिक चिंता का विषय बनी हुई है।

स्थिति की जानकारी मिलने पर पूर्व विधायक अनुग्रह नारायण सिंह मौके पर पहुंचे और लोगों की समस्या को देखते हुए पीडब्ल्यूडी के सहायक अभियंता अनिल जाटव को मौके पर बुलाया। उन्होंने स्वयं पानी में उतरकर अधिकारियों को हालात से अवगत कराया और शीघ्र सुरक्षित व्यवस्था कराने की मांग की। इसके बाद विभाग ने पटरा-बल्ली लगाकर अस्थायी रास्ता तैयार कराया, जिस पर लोग डर के साये में आवाजाही कर रहे हैं।

समाजवादी पार्टी के नेता अवनीश यादव ने बताया कि निर्माणाधीन पुल का कार्य समय पर पूरा नहीं होने के कारण बरसात में नाले का पानी सड़क पर ओवरफ्लो हो गया। ऐसे में स्कूली बच्चे, बुजुर्ग, महिलाएं और मरीज जान जोखिम में डालकर किसी तरह पटरे के सहारे नाला पार करने को विवश हैं। उन्होंने कहा कि प्रशासन की यह व्यवस्था केवल औपचारिकता साबित हो रही है और जरा सी चूक किसी बड़े हादसे का कारण बन सकती है।

स्थानीय ग्रामीणों ने भी इस व्यवस्था पर नाराजगी जताते हुए कहा कि जब तक पुल का निर्माण पूरा नहीं हो जाता, तब तक मजबूत अस्थायी पुल अथवा सुरक्षित डायवर्जन बनाया जाए, ताकि लोगों को रोजाना अपनी जान जोखिम में डालकर आवागमन न करना पड़े।ग्रामीणों ने प्रशासन से निर्माण कार्य में तेजी लाने और बरसात के दौरान सुरक्षित आवागमन की स्थायी व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की है।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें

सीडीओ ने पेयजल परियोजना व राजकीय नलकूप तथा विद्यालय का किया निरीक्षण .गुणवत्ता और संचालन पर दिया जोर

रुद्रपुर, देवरिया। तहसील समाधान दिवस में शामिल होने के बाद मुख्य विकास अधिकारी (सीडीओ) राजेश कुमार सिंह ने शनिवार को विकासखंड रुद्रपुर के वि...