
रुद्रपुर (देवरिया)। खजुआ मंदिर रोड पर जयपुर मार्बल के सामने लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) की सड़क पर बनी पुलिया का स्लैब धंस जाने से भारी वाहनों का आवागमन पूरी तरह बंद कर दिया गया है। प्रशासन ने एहतियात के तौर पर मौके पर बैरियर लगाकर मार्ग को बंद करा दिया है। इससे नगर में वैकल्पिक मार्गों पर वाहनों का दबाव बढ़ने से जाम की समस्या उत्पन्न हो रही है।
पूर्व विधायक अनुग्रह नारायण सिंह उर्फ खोखा सिंह के प्रतिनिधि समाजवादी पार्टी के जिला उपाध्यक्ष हरेंद्र सिंह त्यागी ने आरोप लगाया कि पुलिया का स्लैब लगभग पांच दिन पहले ही धंसना शुरू हो गया था। स्थानीय लोगों ने सोशल मीडिया के माध्यम से विभाग और प्रशासन को इसकी जानकारी भी दी थी, लेकिन समय रहते कोई कार्रवाई नहीं की गई। नतीजतन अब पुलिया का स्लैब पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और प्रशासन को आवागमन बंद करना पड़ा।
त्यागी ने बताया कि सूचना मिलने के बाद पीडब्ल्यूडी के कर्मचारी मौके पर पहुंचे और पुलिया की लंबाई-चौड़ाई का माप लेकर उच्चाधिकारियों को रिपोर्ट भेजी। उन्होंने विभाग से तत्काल पुलिया के पुनर्निर्माण की मांग की है।
गौरतलब है कि रामजानकी मार्ग पर उग्रसेन सेतु बंद होने के कारण पहले से ही भारी वाहनों का दबाव रुद्रपुर के अंदरूनी मार्गों पर बढ़ गया है। बड़ी गाड़ियां मंदिर गेट से बाईपास होकर खजुआ चौराहा, आदर्श चौराहा होते हुए करहकोल मार्ग की ओर जाती थीं। अब पुलिया क्षतिग्रस्त होने से वाहनों को तहसील, इमामबाड़ा और खजुआ होकर आदर्श चौराहा के रास्ते करहकोल मार्ग एवं गोरखपुर-वाराणसी हाईवे की ओर जाना पड़ रहा है। इससे नगर के प्रमुख मार्गों पर लगातार जाम की स्थिति बन रही है।
हरेंद्र सिंह त्यागी ने कहा कि सावन पर्व शुरू होने में अब केवल कुछ ही दिन शेष हैं। इस दौरान दुग्धेश्वरनाथ मंदिर में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं और कांवड़ियों का आवागमन रहता है। यदि पुलिया की शीघ्र मरम्मत नहीं कराई गई तो यातायात व्यवस्था प्रभावित होने के साथ-साथ श्रद्धालुओं को भी भारी परेशानी का सामना करना पड़ सकता है। उन्होंने पीडब्ल्यूडी और जिला प्रशासन से पुलिया का निर्माण कार्य तत्काल शुरू कराकर सुरक्षित आवागमन सुनिश्चित करने की मांग की।

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें