मंगलवार, 11 अगस्त 2026

अज्ञात बुलेट की टक्कर से साइकिल सवार की मौत, सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस


रुद्रपुर (देवरिया)। सुरौली थाना क्षेत्र के पकड़ी बाजार स्थित कन्हौली के पास मंगलवार को अज्ञात बुलेट की टक्कर से साइकिल सवार युवक की मौत हो गई। हादसे के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने शव की पहचान कर पोस्टमार्टम के लिए देवरिया भेज दिया। मृतक की पहचान भलुअनी थाना क्षेत्र के बभनी दुबे गांव निवासी 30 वर्षीय अभिनेश कुमार पुत्र वृज बहादुर के रूप में हुई।

बताया जा रहा है कि अभिनेश कुमार साइकिल से अपने घर जा रहे थे। इसी दौरान कन्हौली के पास पीछे से आए अज्ञात बुलेट सवार ने उनकी साइकिल में जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गए। आसपास के लोगों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी।

थानाध्यक्ष अविनाश मौर्य ने बताया कि घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। फुटेज के आधार पर अज्ञात बुलेट और उसके चालक की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। शव को पोस्टमार्टम के लिए देवरिया भेज दिया गया है। मामले में आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।

विधायक जयप्रकाश निषाद के प्रयास से रुद्रपुर क्षेत्र को 14.39 करोड़ की विकास योजनाओं की सौगात


रुद्रपुर (देवरिया)। रुद्रपुर विधानसभा क्षेत्र के विकास को लेकर विधायक एवं पूर्व मंत्री जयप्रकाश निषाद के प्रयासों को बड़ी सफलता मिली है। विधायक की ओर से नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री ए.के. शर्मा को भेजे गए पत्रों के आधार पर रुद्रपुर क्षेत्र की विभिन्न विकास योजनाओं के लिए कुल 14 करोड़ 39 लाख रुपये की वित्तीय स्वीकृति से संबंधित कार्रवाई आगे बढ़ी है।

मंत्री कार्यालय से जारी पत्रों में संबंधित योजनाओं के लिए वित्तीय स्वीकृति प्रदान किए जाने के संबंध में प्रमुख सचिव, नगर विकास विभाग को आवश्यक कार्रवाई के लिए पत्र भेजा गया है।

नगर विकास मंत्री को भेजे गए पत्रों पर हुई कार्रवाई, तालाब सौंदर्यीकरण, पेयजल, नाला निर्माण व सीवरेज समेत कई योजनाओं को मिलेगी वित्तीय स्वीकृति

पत्रों के अनुसार क्षेत्र में विकास कार्यों के लिए अलग-अलग योजनाओं के तहत धनराशि प्रस्तावित की गई है। इनमें तालाब के सौंदर्यीकरण के लिए एक करोड़ रुपये, दीनदयाल उपाध्याय नगर विकास योजना के तहत 2.05 करोड़ रुपये तथा 2.08 करोड़ रुपये, नगरीय पेयजल योजना के तहत 2.50 करोड़ रुपये और 1.50 करोड़ रुपये शामिल हैं।

इसके अलावा नगर सीवरेज एवं जल निकासी योजना के तहत नाला निर्माण के लिए 2.56 करोड़ रुपये तथा 2.70 करोड़ रुपये की धनराशि का प्रावधान किया गया है।

इस प्रकार सभी योजनाओं को मिलाकर 14.39 करोड़ रुपये की विकास योजनाएं रुद्रपुर क्षेत्र के लिए प्रस्तावित हैं। इन योजनाओं के धरातल पर उतरने से नगर क्षेत्र में पेयजल व्यवस्था, जल निकासी, सीवरेज, नाला निर्माण और तालाबों के सौंदर्यीकरण सहित बुनियादी सुविधाओं को मजबूती मिलने की उम्मीद है।

विधायक जयप्रकाश निषाद ने कहा कि रुद्रपुर विधानसभा क्षेत्र का समग्र विकास उनकी प्राथमिकता है। क्षेत्र की जरूरतों के अनुसार शासन स्तर पर लगातार प्रयास किए जा रहे हैं और आने वाले समय में भी विकास की कई अन्य योजनाओं को धरातल पर उतारने का प्रयास जारी रहेगा।

न्यायालय के आदेश पर पांच लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज

करीब दो साल पुरानी घटना में घर में घुसकर मारपीट, तोड़फोड़ व युवती को जबरन ले जाने का आरोप

रुद्रपुर (देवरिया)। न्यायालय के आदेश पर रुद्रपुर पुलिस ने करीब दो वर्ष पूर्व हुई घटना के मामले में पांच नामजद आरोपितों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। आरोपितों पर युवती को जबरन वाहन में बैठाने का प्रयास, घर में घुसकर मारपीट करने, तोड़फोड़ करने, गाली-गलौज व जानमाल की धमकी देने सहित अन्य आरोप लगाए गए हैं।

रामचक निवासी अनिरुद्ध यादव ने न्यायालय में प्रार्थना पत्र देकर आरोप लगाया था कि 7 अप्रैल 2024 की शाम करीब सात बजे उनकी बेटी शिवानी पुराने घर से नए घर की ओर जा रही थी। आरोप है कि रास्ते में राजीव गुप्ता , रामनिवास उर्फ झब्बू, दिनेश गुप्ता, अतुल और रोहन गुप्ता ने उसे रोक लिया। आरोपितों ने कथित रूप से जबरदस्ती वाहन में बैठाने का प्रयास किया। युवती के विरोध करने पर उसने शोर मचाया और किसी तरह वहां से बचकर घर की ओर भागी।

प्रार्थना पत्र के अनुसार आरोपित उसके पीछे घर तक पहुंच गए और दरवाजे पर लात मारकर घर में घुस गए। आरोप है कि घर के अंदर सामान तोड़कर क्षतिग्रस्त कर दिया तथा शिवानी के साथ मारपीट की। उसे बचाने पहुंचे पिता के साथ भी मारपीट की गई। शोर सुनकर आसपास के लोग जुटने लगे तो आरोपित जानमाल की धमकी देते हुए वहां से चले गए।

पीड़ित पक्ष का आरोप है कि घटना के बाद रुद्रपुर थाने और अधिकारियों से शिकायत करने के बावजूद कार्रवाई नहीं हुई। इसके बाद न्यायालय की शरण ली गई। न्यायालय के आदेश पर रुद्रपुर पुलिस उक्त के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मामले की विवेचना प्रभारी निरीक्षक कल्याण सिंह सागर को सौंपी गई है।

सोमवार, 10 अगस्त 2026

मदनपुर व्यापार मंडल की हुयी बैठक में व्यापारियों ने उठाईं समस्याएं, बस सेवा से लेकर बिजली तक की मांग

रुद्रपुर (देवरिया)। नगर पंचायत मदनपुर कार्यालय में सोमवार को व्यापार बंधु की बैठक आयोजित हुई। बैठक की अध्यक्षता उप जिलाधिकारी राजकुमार गुप्ता ने की, जबकि अधिशासी अधिकारी नितेश गौरव के नेतृत्व में बैठक का संचालन हुआ। इसमें व्यापारियों ने क्षेत्र की विभिन्न समस्याओं को प्रमुखता से उठाते हुए उनके शीघ्र समाधान की मांग की।

बैठक में व्यापारियों ने मदनपुर से गोरखपुर के लिए नियमित बस सेवा शुरू कराने की मांग रखी। व्यापारियों का कहना था कि बस सेवा शुरू होने से व्यापारियों के साथ आम नागरिकों और विद्यार्थियों को भी आवागमन में काफी सुविधा मिलेगी।व्यापारियों ने जन्म प्रमाण पत्र जारी करने में हो रही देरी का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने कहा कि प्रमाण पत्र बनवाने में लोगों को अनावश्यक भागदौड़ करनी पड़ रही है। इस प्रक्रिया को सरल बनाने और समय से प्रमाण पत्र जारी कराने की मांग की गई।इसके अलावा क्षेत्र में निर्बाध विद्युत आपूर्ति का मामला भी प्रमुखता से उठाया गया। व्यापारियों ने घरेलू और व्यावसायिक क्षेत्रों में बिजली कटौती तथा लो-वोल्टेज की समस्या से निजात दिलाने की मांग की।

एसडीएम ने कहा, समस्याओं का कराया जाएगा समाधान

एसडीएम राजकुमार गुप्ता ने व्यापारियों की समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए कहा कि व्यापारियों द्वारा उठाए गए मुद्दों को संबंधित विभागों के अधिकारियों तक पहुंचाया जाएगा। उन्होंने कहा कि जिन समस्याओं का समाधान स्थानीय स्तर पर संभव है, उनका प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण कराया जाएगा। बस सेवा और विद्युत आपूर्ति जैसे मामलों में संबंधित विभागों से समन्वय स्थापित कर प्रभावी कार्रवाई के लिए प्रयास किया जाएगा।

ईओ बोले, नगर पंचायत से जुड़ी समस्याओं का होगा त्वरित निस्तारण

अधिशासी अधिकारी नितेश गौरव ने कहा कि नगर पंचायत से संबंधित व्यापारियों की समस्याओं का समयबद्ध तरीके से समाधान कराया जाएगा। जन्म प्रमाण पत्र सहित अन्य नागरिक सुविधाओं में अनावश्यक देरी न हो, इसके लिए संबंधित कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए जाएंगे। उन्होंने व्यापारियों से नगर पंचायत को स्वच्छ एवं व्यवस्थित रखने में सहयोग की अपील भी की।

बैठक में नगर पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि अली आजम शेख, सभासद, व्यापार मंडल के पदाधिकारी, व्यापारी तथा नगर पंचायत के कर्मचारी मौजूद रहे।




ईओ के आदेश के बावजूद बिना ग्राउटिंग लगाए जा रहे विद्युत पोल

सभासदों की शिकायत के बाद ईओ ने ठेकेदार को जारी किया था नोटिस, फिर भी मानकों की अनदेखी

रुद्रपुर (देवरिया)। नगर पंचायत रुद्रपुर में बिजली व्यवस्था सुदृढ़ करने के लिए लगाए जा रहे विद्युत पोल की गुणवत्ता को लेकर एक बार फिर सवाल उठने लगे हैं। पूर्व में समाचार के माध्यम से मामला सामने आने के बाद नगर पंचायत के अधिशासी अधिकारी (ईओ) ने ठेकेदार को नोटिस जारी कर बिना ग्राउटिंग के पोल नहीं लगाने का निर्देश दिया था। इसके बावजूद कार्यदायी संस्था की ओर से कई स्थानों पर बिना ग्राउटिंग के ही पोल खड़े किए जाने का आरोप है।

नगर पंचायत क्षेत्र में करीब 100 नए विद्युत पोल लगाए जाने हैं। आरोप है कि पोल लगाने के दौरान निर्धारित मानकों का पालन नहीं किया जा रहा है। कई स्थानों पर पोल के लिए खोदे गए गड्ढों में सीमेंट, बालू और गिट्टी के मिश्रण से ग्राउटिंग करने के बजाय केवल मिट्टी डालकर उसे भर दिया जा रहा है। इससे पोल की मजबूती और सुरक्षा पर सवाल खड़े हो रहे हैं।

बताया गया कि टेंडर की शर्तों के अनुसार पोल स्थापना के समय 1:3:6 के अनुपात में सीमेंट, बालू और गिट्टी से करीब पांच फुट तक ग्राउटिंग किया जाना है। ग्राउटिंग होने से पोल को मजबूती मिलती है और उसके झुकने या गिरने की संभावना कम होती है। मानकों की अनदेखी किए जाने पर भविष्य में तेज हवा या अन्य परिस्थितियों में पोल के क्षतिग्रस्त होने का खतरा बना रह सकता है।

कुछ सभासदों ने इस संबंध में नगर पंचायत के ईओ से शिकायत कर कार्य की गुणवत्ता की जांच कराने की मांग की थी। इसके बाद ईओ ने ठेकेदार को नोटिस जारी करते हुए स्पष्ट किया था कि बिना ग्राउटिंग के पोल नहीं लगाए जाएंगे। बावजूद इसके मौके पर स्थिति में बदलाव नहीं होने से अब नगर पंचायत की निगरानी व्यवस्था पर भी सवाल उठ रहे हैं।

नगर पंचायत के अधिशासी अधिकारी नितेश गौरव ने बताया कि पोल स्थापना में निर्धारित मानकों का पालन कराया जाएगा। जहां बिना ग्राउटिंग के पोल लगाए गए हैं, वहां जांच कराकर नियमानुसार ग्राउटिंग कराई जाएगी। कार्य में लापरवाही मिलने पर संबंधित के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी।

न्यायालय की फटकार के बाद जागे थाने, खराब जनरेटर व सीसीटीवी कैमरे होने लगे दुरुस्त

रुद्रपुर (देवरिया)। थानों में सुरक्षा व्यवस्था और निगरानी के लिए लगाए गए सीसीटीवी कैमरों तथा आपात स्थिति में उपयोग होने वाले जनरेटरों की बदहाली अब दूर होने लगी है। भलुअनी थाने से जुड़े एक मामले में न्यायालय की सख्ती के बाद पुलिस विभाग ने थानों में खराब पड़े जनरेटर और सीसीटीवी कैमरों को दुरुस्त कराने की कवायद तेज कर दी है।बताया जाता है कि भलुअनी थाने से संबंधित एक याचिका पर सुनवाई के दौरान न्यायालय ने थाने की व्यवस्थाओं को लेकर पुलिस अधिकारियों से जवाब तलब किया था। मामले में थाने के सीसीटीवी कैमरों और जनरेटर के खराब होने का मुद्दा भी सामने आया था। न्यायालय की सख्ती के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मचा और थानों में खराब उपकरणों की स्थिति की समीक्षा शुरू की गई।

 इसी क्रम में रुद्रपुर कोतवाली में वर्षों से खराब पड़े जनरेटर को ठीक कराते हुए कर्मचारी नजर आए। विभाग का प्रयास है कि थानों में लगे सीसीटीवी कैमरे और बिजली की वैकल्पिक व्यवस्था के लिए जनरेटर सुचारु स्थिति में रहें, ताकि किसी घटना के दौरान रिकॉर्डिंग और अन्य आवश्यक कार्य प्रभावित न हों। बताया जा रहा है कि भलुअनी थाने से जुड़े उक्त मामले को लेकर तत्कालीन थाना प्रभारी पर भी पुलिस विभाग की ओर से कार्रवाई की गई थी

। इसके बाद अब जिले के अन्य थानों में व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने पर विशेष जोर दिया जा रहा है।न्यायालय की सख्ती के बाद थानों में व्यवस्थाओं की पड़ताल और खराब उपकरणों की मरम्मत को लेकर पुलिस विभाग की सक्रियता चर्चा में है।

डीएम के निर्देश पर संयुक्त टास्क फोर्स की बैठक.योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर जोर

रुद्रपुर (देवरिया)। जिलाधिकारी मधुसूदन हुल्गी के निर्देश पर स्वास्थ्य, आंगनबाड़ी, शिक्षा एवं पूर्ति विभाग की संयुक्त टास्क फोर्स की बैठक सोमवार को तहसील सभागार में उपजिलाधिकारी राजकुमार गुप्ता की अध्यक्षता में हुई। बैठक में विभिन्न विभागों की योजनाओं की प्रगति की समीक्षा करते हुए उन्हें कार्ययोजना में शामिल कर समयबद्ध तरीके से पूरा करने के निर्देश दिए गए।

उपजिलाधिकारी राजकुमार गुप्ता ने कहा कि शासन की योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाना अधिकारियों की प्राथमिकता होनी चाहिए। विद्यालयों में आपसी समन्वय से मूलभूत सुविधाओं को बेहतर करने के साथ ही स्वच्छता और कायाकल्प के कार्यों को कार्ययोजना में शामिल कर प्राथमिकता के आधार पर पूरा कराया जाए। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि योजनाओं के क्रियान्वयन में किसी स्तर पर लापरवाही न हो और नियमित रूप से स्थलीय निरीक्षण किया जाए।

बैठक में रूद्रपुर ब्लॉक के15 विद्यालयों के कायाकल्प, साफ-सफाई एवं अन्य मूलभूत सुविधाओं की समीक्षा की गई। आंगनबाड़ी केंद्रों पर बच्चों के नामांकन, वात्सल्य योजना तथा बाल वाटिका के संचालन पर चर्चा हुई। श्रीनगर कोल्हुआ में नवनिर्मित आंगनबाड़ी केंद्र में पेयजल की व्यवस्था तथा रामचक में पानी की उपलब्धता सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए गए।

पूर्ति विभाग की ओर से विद्यालयों में मध्याह्न भोजन (एमडीएम) के लिए गैस कनेक्शन एवं गैस की व्यवस्था की भी समीक्षा की गई। अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि विद्यालयों में भोजन व्यवस्था सुचारु रखने के लिए आवश्यक संसाधनों की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए।

बैठक में खंड विकास अधिकारी एजाज अहमद, खंड शिक्षा अधिकारी राजकिशोर सिंह, डा. सुशील मल, स्वास्थ्य पर्यवेक्षक विकास गौतम, आरती गौड़ सहित संबंधित विभागों के अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे।

अब रोवर से होगी जमीन की सटीक पैमाइश, चार गांवों में धारा 24 की हुई मापी

रुद्रपुर (देवरिया)। भूमि संबंधी विवादों के त्वरित और पारदर्शी निस्तारण के लिए शासन की मंशा के अनुरूप रुद्रपुर तहसील क्षेत्र में पारंपरिक तरीके के बजाय अत्याधुनिक रोवर मशीन से जमीन की पैमाइश शुरू कर दी गई है। जिलाधिकारी के निर्देश पर राजस्व विभाग की टीम ने ग्राम कोइलगडहा तिवई सहित चार गांवों में धारा 24 के अंतर्गत भूमि की पैमाइश की।पैमाइश के दौरान राजस्व टीम ने आधुनिक रोवर उपकरण की मदद से संबंधित भूमि की सीमाओं और स्थिति का मौके पर सत्यापन किया। धारा 24 के मामलों में भूमि की पैमाइश एवं सीमांकन महत्वपूर्ण होता है, ऐसे में तकनीक के इस्तेमाल से अभिलेख और मौके की स्थिति का बेहतर मिलान किया जा सकता है।

उप जिलाधिकारी राजकुमार गुप्ता नेकहा कि .रोवर तकनीक से पैमाइश होने से भूमि की सीमाओं का निर्धारण अधिक सटीक तरीके से किया जा रहा है। इससे पैमाइश में मानवीय त्रुटि की संभावना कम होने के साथ ही भूमि विवादों के निस्तारण में भी तेजी आने की उम्मीद है।

 शासन की ओर से राजस्व मामलों में तकनीक के इस्तेमाल पर जोर दिया जा रहा है, जिससे पारदर्शिता बढ़े और लोगों को अनावश्यक रूप से तहसील के चक्कर न लगाने पड़ें।

रोवर से पैमाइश की कार्रवाई राजस्व निरीक्षक दुर्गेश श्रीवास्तव की देखरेख में हुई। टीम में लेखपाल सचिन, अजय पाल, सुनील, भास्कर, मिथिलेश और मणिन्द्र शामिल रहे।

तिरंगे के सम्मान में निकली यात्रा, गूंजे देशभक्ति के नारे

रुद्रपुर (देवरिया)। आजादी के अमृत भाव को जन-जन तक पहुंचाने और राष्ट्रध्वज के प्रति सम्मान व राष्ट्रभक्ति की भावना जागृत करने के उद्देश्य से सोमवार को रामजी सहाय पीजी कॉलेज प्रांगण  से तिरंगा यात्रा निकाली गई। यात्रा नगर के मुख्य मार्ग होते हुए आदर्श प्राथमिक पाठशाला पहुंची। इस दौरान भारत माता के जयकारों और देशभक्ति के नारों से वातावरण गूंज उठा।

स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के चित्र पर माल्यार्पण कर किया नमन 

तिरंगा यात्रा के शुभारंभ से पूर्व विधान परिषद सदस्य डॉ. रतन पाल सिंह सहित कार्यकर्ताओं ने स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के चित्र पर माल्यार्पण कर उन्हें नमन किया। इसके बाद हाथों में तिरंगा लेकर यात्रा का शुभारंभ किया गया। यात्रा में बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं एवं लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

तिरंगा देश की आन, बान और शान का प्रतीक डा रतन पाल सिंह

इस अवसर पर विधान परिषद सदस्य डॉ. रतन पाल सिंह ने कहा कि तिरंगा देश की आन, बान और शान का प्रतीक है। यह केवल एक ध्वज नहीं, बल्कि देश की एकता, अखंडता और वीर जवानों के बलिदान का प्रतीक है। सरकार द्वारा चलाए जा रहे तिरंगा यात्रा अभियान का उद्देश्य प्रत्येक नागरिक में राष्ट्रप्रेम की भावना को और मजबूत करना है। उन्होंने लोगों से तिरंगे का सम्मान करने तथा देश की एकता और अखंडता को मजबूत बनाने में अपनी भूमिका निभाने का आह्वान किया।

उन्होंने कहा कि देश के स्वतंत्रता सेनानियों और वीर जवानों के त्याग एवं बलिदान को कभी भुलाया नहीं जा सकता। नई पीढ़ी को उनके संघर्ष और देश के प्रति समर्पण से प्रेरणा लेनी चाहिए।

यात्रा में छठेलाल निगम, सुभाषचंद्र मद्धेशिया, रमेश सिंह, जितेंद्र गुप्ता, विश्वविजय निषाद, सुशीलचंद्र निगम, डीके यादव, मनीष गुप्ता, दिलीप जायसवाल, विनोद गुप्ता, रामसुधारे पासवान, जनार्दन राव, सुनील गुप्ता, प्रमोद दूबे, संतोष शुक्ला और वैभव सिंह सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद थे

हर-हर महादेव से गूंज उठी छोटी काशी, हजारों कांवड़ियों ने किया जलाभिषेक

 द्वितीय सोमवार को दुग्धेश्वर नाथ मंदिर में उमड़ा आस्था का सैलाब, एसपी ने परखी सुरक्षा व्यवस्था


रुद्रपुर (देवरिया)। सावन माह के द्वितीय सोमवार को छोटी काशी के नाम से प्रसिद्ध रुद्रपुर स्थित पौराणिक दुग्धेश्वर नाथ मंदिर में आस्था का सैलाब उमड़ पड़ा। भोर से ही मंदिर परिसर में कांवड़ियों और श्रद्धालुओं की कतार लग गई। मंदिर के कपाट खुलते ही हर-हर महादेव और बोल बम के जयघोष से पूरा देवालय परिसर गूंज उठा। हजारों कांवड़ियों ने भगवान शिव का जलाभिषेक कर सुख-समृद्धि की कामना की।

सावन के दूसरे सोमवार को कांवड़ियों की भीड़ को देखते हुए रात से ही मंदिर में विशेष तैयारियां की गई थीं। श्रद्धालुओं के सुगम दर्शन और जलाभिषेक के लिए पुलिस प्रशासन की ओर से व्यापक सुरक्षा व्यवस्था की गई। देर शाम तक मंदिर में कांवड़ियों के पहुंचने और जलाभिषेक का सिलसिला चलता रहा।

पौराणिक है दुग्धेश्वर नाथ मंदिर का महत्व

रुद्रपुर का दुग्धेश्वर नाथ मंदिर क्षेत्र की आस्था का प्रमुख केंद्र है। सावन में यहां दूर-दराज से श्रद्धालु और कांवड़िये पहुंचते हैं। मान्यता है कि भगवान शिव के इस प्राचीन धाम में सावन के सोमवार को जलाभिषेक करने से मनोकामनाएं पूर्ण होती हैं। इसी आस्था के चलते सावन में मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ती है। इसी धार्मिक महत्ता के कारण रुद्रपुर को ‘छोटी काशी’ के नाम से भी जाना जाता है।


एसपी ने लिया सुरक्षा ब्यवस्था का जायजा

त्योहार के दौरान शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने और श्रद्धालुओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक अभिजीत आर. शंकर ने दुग्धेश्वर नाथ मंदिर का भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। उन्होंने मंदिर परिसर एवं आसपास के क्षेत्रों में श्रद्धालुओं की भीड़, प्रवेश-निकास व्यवस्था, यातायात प्रबंधन, बैरिकेडिंग, पार्किंग तथा ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों की स्थिति का निरीक्षण किया।

एसपी ने ड्यूटी में लगे पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को श्रद्धालुओं के साथ शालीन और विनम्र व्यवहार करने के साथ ही पूरी सतर्कता से ड्यूटी करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि किसी भी प्रकार की अप्रिय स्थिति उत्पन्न होने पर तत्काल प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

नगर पंचायत ने संभाली सफाई और खोया-पाया व्यवस्था

श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए नगर पंचायत की ओर से खोया-पाया केंद्र बनाया गया था। इसके साथ ही मंदिर परिसर और आसपास के क्षेत्रों में सफाई व्यवस्था भी सुनिश्चित की गई। पुलिस और प्रशासनिक टीम लगातार भीड़ की निगरानी करती रही, जिससे श्रद्धालुओं को दर्शन और जलाभिषेक में किसी तरह की परेशानी न हो।

रविवार, 9 अगस्त 2026

सेवानिवृत्त सैनिक सत्य प्रकाश चौबे का रुद्रपुर में हुआ स्वागत

रुद्रपुर (देवरिया)। विधानसभा रुद्रपुर के ग्राम भरोहिया निवासी सत्य प्रकाश चौबे के भारतीय सेना से सेवानिवृत्त होने पर रुद्रपुर में स्वागत एवं सम्मान समारोह आयोजित किया गया। समारोह में बड़ी संख्या में युवाओं ने तिरंगा यात्रा निकालकर सेवानिवृत्त सैनिक का सम्मान किया।

सतासी इंटर कॉलेज रुद्रपुर से निकली भव्य तिरंगा यात्रा में सैकड़ों नौजवान साथी शामिल हुए। यात्रा के दौरान भारत माता के जयकारों के बीच पूर्व सैनिक सत्य प्रकाश चौबे का स्वागत किया गया। कार्यक्रम में शामिल होकर सुनील निषाद ने श्री चौबे को उनके सैन्य सेवा के लिए बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।

सुनील निषाद ने कहा कि देश की सेवा से सेवानिवृत्त होना गौरव का विषय है। उन्होंने सत्य प्रकाश चौबे के सामाजिक जीवन की नई पारी के लिए शुभकामनाएं देते हुए कहा कि रुद्रपुर की माटी के लाल का सम्मान क्षेत्र के युवाओं के लिए प्रेरणादायी है।कार्यक्रम के दौरान तिरंगा यात्रा में युवाओं का उत्साह देखते ही बना। स्थानीय लोगों ने भी सेवानिवृत्त सैनिक का स्वागत कर उनके योगदान की सराहना की।

मिशन शक्ति फेज-5.0 के तहत महिलाओं और बालिकाओं को किया जागरूक

नए कानून, हेल्पलाइन नंबर और कल्याणकारी योजनाओं की दी जानकारी

रुद्रपुर (देवरिया)। मिशन शक्ति फेज-5.0 के द्वितीय चरण के अंतर्गत रविवार को रुद्रपुर कोतवाली क्षेत्र के ग्राम बेलकुंडा में मिशन शक्ति टीम ने महिलाओं एवं बालिकाओं को महिला सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन के प्रति जागरूक किया। इस दौरान शासन द्वारा संचालित विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं तथा भारत सरकार द्वारा लागू किए गए नए कानूनों की जानकारी देते हुए जागरूकता पंपलेट वितरित किए गए।

मिशन शक्ति टीम के प्रभारी निरीक्षक कल्याण सिंह सागर के नेतृत्व में उपनिरीक्षक ज्ञान प्रकाश शुक्ला, उपनिरीक्षक सौरभ सिंह, कांस्टेबल राजेश यादव, महिला कांस्टेबल वंदना यादव एवं महिला आरक्षी कंचन यादव ने महिलाओं और बालिकाओं से संवाद किया। टीम ने उन्हें महिला अपराध की स्थिति में तत्काल पुलिस एवं संबंधित विभागों से सहायता लेने के लिए विभिन्न हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी दी।

महिलाओं को 112 पुलिस आपातकालीन सेवा, 181 महिला हेल्पलाइन, 1090 महिला पावर लाइन, 1076 मुख्यमंत्री हेल्पलाइन, 1930 साइबर क्राइम हेल्पलाइन तथा 102 व 108 एंबुलेंस सेवा के बारे में बताया गया। साथ ही साइबर अपराध से बचाव, ऑनलाइन ठगी होने पर तत्काल शिकायत करने तथा अपनी व्यक्तिगत जानकारी किसी अनजान व्यक्ति से साझा न करने के प्रति भी सचेत किया गया।

टीम ने बाल विवाह के खिलाफ भी किया जागरूक

टीम ने बाल विवाह को अपराध बताते हुए इसके दुष्परिणामों की जानकारी दी। तथा महिलाओं एवं बालिकाओं से किसी भी प्रकार की हिंसा, उत्पीड़न अथवा बाल विवाह की जानकारी होने पर तत्काल पुलिस या संबंधित हेल्पलाइन पर सूचना देने की अपील की 

15 दिन से आतंक मचा रहा काला बंदर पकड़ा गया, कुसम्ही जंगल भेजा

रुद्रपुर (देवरिया)। नगर और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में पिछले करीब 15 दिनों से आतंक का पर्याय बने काले बंदर को शनिवार को नगर पंचायत की टीम ने पकड़ लिया। बंदर के पकड़े जाने के बाद नगरवासियों ने राहत की सांस ली। नगर पंचायत की गाड़ी से उसे गोरखपुर के कुसम्ही जंगल में छोड़ने के लिए भेज दिया गया।

बताया जाता है कि काला बंदर पहले सतुआभार क्षेत्र में आतंक मचा रहा था। वहां करीब आधा दर्जन लोगों को उसने काटकर घायल कर दिया था। लोगों के खदेड़ने के बाद बंदर रुद्रपुर नगर की ओर आ गया। पिछले चार दिनों से खजुहा चौराहे से इमामबाड़ा चौराहे तक उसका आतंक बना हुआ था। बंदर के डर से कई दुकानदार अपनी दुकानें बंद कर देते थे। खजुहा चौराहे पर भी उसने एक युवक को काट लिया था।

लगातार बंदर के आतंक की सूचना मिलने के बाद नगर पंचायत की टीम ने शनिवार को अभियान चलाकर उसे पकड़ लिया। इसके बाद उसे नगर पंचायत के वाहन से गोरखपुर स्थित कुसम्ही जंगल ले जाकर छोड़ दिया गया। बंदर के पकड़े जाने की सूचना मिलते ही लोगों ने राहत की सांस ली।

15 दिन से आतंक मचा रहा काला बंदर पकड़ा गया, न.पं ने भेजा कुसम्ही जंगल

रुद्रपुर (देवरिया)। नगर और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में पिछले करीब 15 दिनों से आतंक का पर्याय बने काले बंदर को शनिवार को नगर पंचायत की टीम ने पकड़ लिया। बंदर के पकड़े जाने के बाद नगरवासियों ने राहत की सांस ली। नगर पंचायत की गाड़ी से उसे गोरखपुर के कुसम्ही जंगल में छोड़ने के लिए भेज दिया गया।

बताया जाता है कि काला बंदर पहले सतुआभार क्षेत्र में आतंक मचा रहा था। वहां करीब आधा दर्जन लोगों को उसने काटकर घायल कर दिया था। लोगों के खदेड़ने के बाद बंदर रुद्रपुर नगर की ओर आ गया। पिछले चार दिनों से खजुहा चौराहे से इमामबाड़ा चौराहे तक उसका आतंक बना हुआ था। बंदर के डर से कई दुकानदार अपनी दुकानें बंद कर देते थे। खजुहा चौराहे पर भी उसने एक युवक को काट लिया था।

लगातार बंदर के आतंक की सूचना मिलने के बाद नगर पंचायत की टीम ने शनिवार को अभियान चलाकर उसे पकड़ लिया। इसके बाद उसे नगर पंचायत के वाहन से गोरखपुर स्थित कुसम्ही जंगल ले जाकर छोड़ दिया गया। बंदर के पकड़े जाने की सूचना मिलते ही लोगों ने राहत की सांस ली।

कम्युनिटी पुलिसिंग यूनिट की पहल से बुजुर्ग दंपती और परिजनों में हुआ सुलह-समझौता

रुद्रपुर, देवरिया। रुद्रपुर कोतवाली क्षेत्र के छितही वाजार गांव निवासी बुजुर्ग दंपती के पारिवारिक विवाद का कम्युनिटी पुलिसिंग यूनिट (सी.पी.यू (की पहल पर पुलिस ने काउंसलिंग के माध्यम से समाधान कराया। 

थाना प्रभारी कल्याण सिंह सागर एवं सी पी यू विनोद शर्मा ने दोनों पक्षों को आमने-सामने बैठाकर समझाया। इसके बाद दोनों पक्षों में आपसी सहमति से सुलह-समझौता करा दिया गया। बताया जाता है कि छितही निवासी सेवानिवृत्त सरकारी कर्मचारी हरबंश सिंह ने रविवार को रुद्रपुर कोतवाली में प्रार्थना पत्र देकर अपने अधिवक्ता पुत्र और नाती पर मारपीट करने, डराने-धमकाने तथा रुपये लेने का आरोप लगाया था। उन्होंने आरोप लगाया था कि उनकी पेंशन की रकम भी उनसे ले ली जाती है।

मामले की जानकारी होने पर कम्युनिटी पुलिसिंग यूनिट के माध्यम से पुलिस ने परिवार के सदस्यों से बातचीत की और काउंसलिंग कर पारिवारिक विवाद को सुलझाने का प्रयास किया। थाना प्रभारी कल्याण सिंह सागर और सी पी यू विनोद शर्मा की काउंसलिंग के बाद दोनों पक्षों में सहमति बनी और विवाद का निस्तारण कराया गया।

थाना प्रभारी कल्याण सिंह सागर ने बताया कि कम्युनिटी पुलिसिंग यूनिट के माध्यम से पारिवारिक विवाद में दोनों पक्षों की काउंसलिंग कराकर समझौता कराया गया है। बुजुर्ग दंपती को आश्वस्त किया गया है कि उन्हें किसी प्रकार की परेशानी होने पर बिना किसी हिचक के दिए गए मोबाइल नंबर पर अपनी बात बता सकते हैं। पुलिस उनकी समस्या के समाधान के लिए हरसंभव मदद करेगी।

शनिवार, 8 अगस्त 2026

एसडीएम हरिशंकर लाल को एडीएम पद पर पदोन्नति, भावभीनी विदाई

रुद्रपुर में बिताया कार्यकाल हमारे लिए हमेशा विशेष रहेगा

रुद्रपुर (देवरिया)। तहसील सभागार में शनिवार को निवर्तमान उप जिलाधिकारी हरिशंकर लाल के एडीएम पद पर पदोन्नति तथा नायब तहसीलदार अनिल तिवारी के विदाई समारोह का आयोजन किया गया। तहसील के अधिकारियों और कर्मचारियों ने दोनों अधिकारियों को भावभीनी विदाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

समारोह को संबोधित करते हुए एसडीएम हरिशंकर लाल ने कहा कि रुद्रपुर से उन्हें काफी लगाव रहा है। यहां कार्य करते हुए बहुत कुछ सीखने का अवसर मिला। अधिकारियों, कर्मचारियों और क्षेत्र के लोगों से मिले सहयोग और स्नेह को वह हमेशा याद रखेंगे। उन्होंने कहा कि रुद्रपुर में बिताया कार्यकाल उनके लिए हमेशा विशेष रहेगा।

वक्ताओं ने कहा कि हरिशंकर लाल ने अपने कार्यकाल में राजस्व एवं प्रशासनिक मामलों के निस्तारण में सक्रिय भूमिका निभाई। वहीं नायब तहसीलदार अनिल तिवारी के कार्यों की भी सराहना की गई।

इस अवसर नवागत उप जिलाधिकारी राजकुमार गुप्ता तहसीलदार चंद्रशेखर वर्मा नायव तहसीलदार गोपाल जी व कर्मचारियों ने दोनों अधिकारियों को स्मृति चिह्न एवं अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया। सभी ने उनके सुखद भविष्य और नई जिम्मेदारी में सफलता की कामना की।

 समारोह को सुरेंद्र देव मिश्रा सहित राजस्व कर्मचारियों ने भी संबोधन किया कार्यक्रम में तहसील के अधिकारी, कर्मचारी एवं अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे।

पिकअप की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौत

रुद्रपुर (देवरिया)। तहसील बाईपास पर शनिवार की रात पिकअप की टक्कर से बाइक सवार युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। मौके पर पहुंचे थाना प्रभारी कल्याण सिंह सागर ने घायल को एंबुलेंस से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रुद्रपुर पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

मदनपुर थाना क्षेत्र के देवरिया मीर निवासी ओमप्रकाश पुत्र चंद्रिका पटेल शनिवार की रात बाइक से जा रहे थे। तहसील बाईपास पर पहुंचते ही उनकी बाइक की पिकअप से टक्कर हो गई। हादसे में ओमप्रकाश गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी कल्याण सिंह सागर पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घायल को तत्काल एंबुलेंस से अस्पताल भेजा। अस्पताल में डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया।

विदेश कमाने गये लालदेव की मस्कट में हुयी मौत घर मे मचा कोहराम, परिजनो ने शव भारत लाने की गुहार

रुद्रपुर (देवरिया)। रुद्रपुर कोतवाली क्षेत्र के रामलक्षन चौकी अंतर्गत भृगुसरी गांव के सुबास प्रधान टोला निवासी 46 वर्षीय लालदेव निषाद की मस्कट में अचानक तबीयत बिगड़ने से मौत हो गई। शनिवार सुबह मौत की खबर घर पहुंचते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई। पत्नी और बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल है।

परिजनों के अनुसार, लालदेव निषाद पुत्र लखन निषाद करीब एक वर्ष पूर्व रोजी-रोटी की तलाश में मस्कट गए थे और वहीं काम करते थे। शुक्रवार शाम भोजन करने के बाद वह सो गए। शनिवार भोर अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई। मस्कट में रह रहे रिश्तेदार उन्हें अस्पताल ले जाने की तैयारी कर रहे थे, लेकिन रास्ते में ही उनकी मौत हो गई।शनिवार सुबह करीब छह बजे परिजनों को लालदेव की मौत की सूचना मिली। 

खबर मिलते ही घर में मातम छा गया। पत्नी सुमित्रा देवी रोते-रोते कई बार बेसुध हो जा रही थीं। आसपास की महिलाएं उन्हें संभालती रहीं। लालदेव अपने पीछे पत्नी सुमित्रा देवी और तीन बच्चों नीरज निषाद (21), मनीषा (24) और निशा (26) को छोड़ गए हैं। परिवार के कमाऊ सदस्य की अचानक मौत से परिजनों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।

परिजनो ने सरकार से शव भारत लाने की लगाई गुहार

परिजनों ने लालदेव निषाद का शव मस्कट से भारत लाने के लिए केंद्र और प्रदेश सरकार से मदद की गुहार लगाई है। उनका कहना है कि आर्थिक स्थिति ठीक नहीं होने के कारण शव को वापस लाने में कठिनाई हो रही है। परिजनों ने सरकार से जल्द से जल्द शव भारत लाने की व्यवस्था कराने की मांग की है, ताकि वह अंतिम बार अपने प्रियजन के दर्शन कर उनका अंतिम संस्कार कर सकें।

रुद्रपुर सर्कल की तीन थानो मे समाधान दिवस में 15 शिकायतें आईं, चार का हुआ निस्तारण

 एसडीएम ने अधिकारियों को दिए गुणवत्तापूर्ण व समयबद्ध निस्तारण के निर्देश

रुद्रपुर, देवरिया। रुद्रपुर सर्कल क्षेत्र के मदनपुर, रुद्रपुर और एकौना थाने में शनिवार को थाना समाधान दिवस का आयोजन किया गया। तीनों थानों में कुल 15 फरियादियों ने अपनी शिकायतें दर्ज कराईं। इनमें चार शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। शेष शिकायतों के निस्तारण के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए गए।

मदनपुर में कर प्रार्थना पत्र पड़ेए क का हुआ निस्तारण

मदनपुर थाने में उप जिलाधिकारी राजकुमार गुप्ता की अध्यक्षता में समाधान दिवस आयोजित हुआ। यहां चार प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए, जिसमें एक का मौके पर निस्तारण किया गया। एसडीएम ने कहा कि फरियादियों की समस्याओं को गंभीरता से सुनकर उनका नियमानुसार और समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। भूमि विवाद से जुड़े मामलों में राजस्व व पुलिस की संयुक्त टीम मौके पर जाकर जांच करे और रिपोर्ट प्रस्तुत करे।

रुद्रपुर कोतवाली में सात प्रार्थना पत्र पड़े दो का हुआ निस्तारण

रुद्रपुर कोतवाली में तहसीलदार चंद्रशेखर वर्मा की अध्यक्षता में समाधान दिवस हुआ। यहां सात प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए, जिनमें दो का निस्तारण किया गया। तहसीलदार ने संबंधित कर्मचारियों को शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण निस्तारण करने के निर्देश दिए।

एकौना में चार प्रार्थना पत्र पड़े एक का हुआ निस्तारण

एकौना थाने में नवागत तहसीलदार गोपाल जी की अध्यक्षता में समाधान दिवस आयोजित किया गया। यहां चार प्रार्थना पत्र आए, जिसमें एक शिकायत का मौके पर निस्तारण किया गया।

इस दौरान रुद्रपुर थाना प्रभारी कल्याण सिंह सागर, मदनपुर थानाध्यक्ष नंदा प्रसाद, एकौना थानाध्यक्ष दिनेश मिश्रा सहित लेखपाल, राजस्वकर्मी व पुलिसकर्मी उपस्थित थे

शुक्रवार, 7 अगस्त 2026

डीएम के निर्देश पर गैस एजेंसियों का निरीक्षण.बैकलॉग शीघ्र समाप्त करने का दिया निर्देश

रुद्रपुर (देवरिया)। जिलाधिकारी मधुसूदन हुल्गी के निर्देश पर घरेलू गैस कनेक्शन एवं वितरण से संबंधित लंबित मामलों (बैकलॉग) के शीघ्र निस्तारण के लिए शुक्रवार को पूर्ति निरीक्षक गुफरान शेख के नेतृत्व में संयुक्त जांच टीम सेल्स अफसर श्याम स्वरूप के साथ  विकास खंड रुद्रपुर क्षेत्र की विभिन्न गैस एजेंसियों का निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान श्री मंगल भारत गैस एजेंसी (जंगल लालपुर), सीमा भारत ग्रामीण वितरण एजेंसी (सतुआभार) तथा विद्या ग्रामीण भारत गैस एजेंसी ( सराव बुजुर्ग) का जायजा लिया गया। टीम ने अभिलेखों की जांच करते हुए लंबित प्रकरणों की समीक्षा की और एजेंसी संचालकों को बैकलॉग को प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र समाप्त करने के निर्देश दिए।

पूर्ति निरीक्षक गुफरान शेख ने कहा कि जिलाधिकारी के निर्देशानुसार गैस उपभोक्ताओं को समयबद्ध एवं पारदर्शी सेवाएं उपलब्ध कराना शासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। किसी भी स्तर पर अनावश्यक विलंब या लापरवाही पाए जाने पर संबंधित एजेंसी के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। 

उन्होंने एजेंसी संचालकों से वितरण व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने तथा सभी लंबित मामलों का शीघ्र निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

उपभोक्ताओं का आरोप है कि गैस बुकिंग के बाद एजेंसी द्वारा होम डिलीवरी नहीं दी जाती रही है जिस समय सीमा समाप्त हो जा रहा है एजेंसी को चाहिए कि फोन पर कॉल कर गैस लाने की सूचना दें

राज्य ताइक्वांडो में एल वी आर पब्लिक स्कूल की छात्रा शीतल व सौम्या ने जीता गोल्ड

 खिलाड़ियों का राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए चयन

रुद्रपुर, देवरिया। लखनऊ स्थित केडी सिंह बाबू स्टेडियम में 30 जुलाई से 2 अगस्त तक आयोजित राज्यस्तरीय ताइक्वांडो चैंपियनशिप में एल.बी.आर. पब्लिक स्कूल, रुद्रपुर के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए छह पदक अपने नाम किए। सभी पदक विजेता खिलाड़ियों का चयन राष्ट्रीय ताइक्वांडो चैंपियनशिप के लिए उत्तर प्रदेश टीम में हुआ है।

प्रतियोगिता में शीतल विश्वकर्मा और सौम्या जायसवाल ने स्वर्ण पदक जीतकर विद्यालय और जनपद का गौरव बढ़ाया। वहीं रत्न प्रिया जायसवाल एवं अनन्या साहनी ने रजत पदक तथा वरुण वर्मा और प्रिया साहनी ने कांस्य पदक पर कब्जा जमाया।

खिलाड़ियों की इस उपलब्धि पर विद्यालय परिसर में सम्मान समारोह आयोजित किया गया। विद्यालय के निदेशक मनोज कुमार यादव, ताइक्वांडो कोच विशाल कुमार, कोऑर्डिनेटर विक्रम यादव, मुकेश कुमार साहनी, प्री-प्राइमरी कोऑर्डिनेटर प्रियंका श्रीवास्तव तथा प्रधानाचार्य अभय कुमार श्रीवास्तव ने सभी खिलाड़ियों को सम्मानित कर उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।

इस अवसर पर निदेशक मनोज कुमार यादव ने कहा कि विद्यालय प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को हर स्तर पर प्रोत्साहित करता रहेगा। उन्होंने कहा कि शिक्षा के साथ-साथ खेलकूद भी विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए अत्यंत आवश्यक है। प्रधानाचार्य अभय कुमार श्रीवास्तव ने भी सभी पदक विजेताओं को बधाई देते हुए राष्ट्रीय प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन की कामना की।

भटकी बुजुर्ग महिला को मिशन शक्ति टीम रुद्रपुर ने परिवार से मिलाया .परिजनों ने पुलिस का जताया आभार

रुद्रपुर, देवरिया। मिशन शक्ति रुद्रपुर टीम की सक्रियता से कस्बे में भटक रही करीब 80 वर्षीय बुजुर्ग महिला को सकुशल उनके परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया। महिला के परिजन उन्हें पिछले एक दिन से तलाश रहे थे।

जानकारी के अनुसार मिशन शक्ति टीम को सूचना मिली कि एक बुजुर्ग महिला रुद्रपुर कस्बे में भटक रही हैं। सूचना पर पहुंची टीम महिला को थाने लेकर आई। पूछताछ में उन्होंने अपना नाम प्रभावती, पत्नी स्वर्गीय किशोर सोनकर बताया, लेकिन अपने निवास स्थान की स्पष्ट जानकारी नहीं दे सकीं।

उप निरीक्षक ज्ञान प्रकाश शुक्ला म. का. प्रियंका चौहान ने माध्यमों से महिला की पहचान कराने का प्रयास किया। जांच में पता चला कि वह जयनगर अडबईया टोला, थाना बरहज, जनपद देवरिया की निवासी हैं। संपर्क करने पर उनकी बहू सुनीता पत्नी पट्टू सोनकर थाने पहुंचीं।

सुनीता ने बताया कि उनकी सास प्रभावती 6 अगस्त की सुबह करीब चार बजे घर से निकल गई थीं और तब से उनका कोई पता नहीं चल रहा था। परिवार के लोग लगातार उनकी तलाश कर रहे थे। पहचान की पुष्टि होने के बाद मिशन शक्ति टीम ने आवश्यक औपचारिकताएं पूरी कर बुजुर्ग महिला को उनकी बहू के सुपुर्द कर दिया। परिजनों ने मिशन शक्ति टीम और रुद्रपुर पुलिस का आभार जताया।

अवैध खनन पर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, जेसीबी किया सीज मौके से चालक फरार

रुद्रपुर, देवरिया। जिलाधिकारी देवरिया के निर्देश पर अवैध मिट्टी खनन के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत रुद्रपुर पुलिस ने शुक्रवार को ग्राम मेदनापुर में बड़ी कार्रवाई करते हुए खनन में लगी एक जेसीबी मशीन को पकड़कर सीज कर दिया। हालांकि पुलिस के पहुंचने से पहले जेसीबी चालक और ट्रैक्टर-ट्रॉली चालक मौके से फरार हो गए।

थाना प्रभारी कल्याण सिंह सागर को ग्राम मेदनापुर में अवैध मिट्टी खनन की सूचना मिली थी। सूचना पर पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे पुलिस ने खनन कार्य में लगी जेसीबी को कब्जे में लेकर थाने भिजवा दिया। पुलिस की कार्रवाई देख चालक वाहन छोड़कर फरार हो गए।

थाना प्रभारी  कल्याण सिंह सागर ने बताया कि पकड़ी गई जेसीबी का पंजीकरण संख्या UP 32 GN 7263 है, जो संदीप सोनकर पुत्र सत्यनारायण, करजहा, गोरखपुर के नाम पर पंजीकृत है। वाहन को अवैध मिट्टी खनन के आरोप में खनन अधिनियम के तहत सीज कर अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है। साथ ही फरार चालकों की तलाश भी शुरू कर दी गई है।

गुरुवार, 6 अगस्त 2026

डीएम के निर्देश पर सहकारी समितियों और खाद दुकानों पर छापा, 17 केंद्रों का औचक निरीक्षण

रूद्रपुर देवरिया। किसानों को समय पर खाद-उर्वरक उपलब्ध कराने और कालाबाजारी पर रोक लगाने के उद्देश्य से जिलाधिकारी मधुसूदन हुल्गी के निर्देश पर गुरुवार को जिलेभर में विशेष निरीक्षण अभियान चलाया गया इस दौरान कुल 17 केंद्रों का निरीक्षण किया गया, जिनमें 10 सहकारी समितियां और सात निजी खाद दुकानें शामिल रहीं।निरीक्षण के दौरान कई स्थानों पर समितियां बंद मिलीं, जबकि कुछ केंद्रों पर रेट बोर्ड अपडेट नहीं था और वितरण रजिस्टर में भी अनियमितताएं पाई गईं। संबंधित अधिकारियों से स्पष्टीकरण मांगते हुए कमियों को तत्काल दूर करने के निर्देश दिए गए।

रुद्रपुर में एसडीएम राजकुमार गुप्ता ने छपौली, रामनगर और लक्ष्मीपुर साधन सहकारी समितियों का निरीक्षण किया। छपौली समिति बंद मिली, जबकि रामनगर और लक्ष्मीपुर में यूरिया वितरण अभिलेखों के अनुरूप पाया गया। किसानों ने निर्धारित मूल्य पर खाद मिलने की पुष्टि की।

जिलाधिकारी मधुसूदन हुल्गी ने कहा कि सहकारी समितियों और खाद दुकानों का निरीक्षण अभियान आगे भी जारी रहेगा। किसानों को निर्धारित दर पर खाद उपलब्ध कराने में लापरवाही या किसी भी प्रकार की अनियमितता मिलने पर संबंधित के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।

तहसील सभागार में व्यापारियों की हुई बैठक .कहा - बैठकें होती हैं, परन्तु कार्रवाई नहीं व्यापारियों ने जताई नाराजगी

पूर्व में बनी कार्ययोजना पर अमल नहीं होने पर एसडीएम ने दो दिन में कार्रवाई का दिया भरोसा रुद्रपुर (देवरिया)। तहसील सभागार में मंगलवार को रुद...