रुद्रपुर देवरिया क्षेत्र के पचलड़ी गांव के समीप सोमवार को अज्ञात कारणों से गेहूं की खड़ी फसल में भीषण आग लग गई। तेज हवा के कारण आग ने देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर लिया। सूचना के बावजूद फायर ब्रिगेड की गाड़ी समय पर मौके पर नहीं पहुंच सकी, जिससे ग्रामीणों में आक्रोश व्याप्त है।
ग्रामीणों ने कड़ी मशक्कत कर आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन तेज लपटों के आगे उनकी कोशिशें नाकाम रहीं। आग गांव के नजदीक पहुंचने से स्थिति और भी भयावह हो गई, जिससे लोगों में दहशत का माहौल बना रहा।
घटना में पचलड़ी निवासी किसान छोटे सिंह और गुड्डू सिंह की गेहूं की पूरी फसल जलकर राख हो गई।
बताया जा रहा है कि फसल कटाई के ठीक पहले इस घटना से किसानों को भारी आर्थिक नुकसान हुआ है।
भाजपा नेता डीके यादव ने बताया कि उन्होंने तत्काल एसडीएम रुद्रपुर को फोन कर सूचना देने का प्रयास किया, लेकिन कॉल रिसीव नहीं हुआ।
उन्होंने बताया कि पहले भी एकौना थाने पर फायर ब्रिगेड की गाड़ी तैनात करने की मांग की गई थी, लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई। वर्तमान में केवल रुद्रपुर कोतवाली पर ही एक फायर ब्रिगेड गाड़ी उपलब्ध है, जो घटनास्थल तक पहुंचने में देर कर देती है, तब तक आग विकराल रूप ले लेती है।
कटाई के मौसम में लगातार बढ़ रही आगजनी की घटनाओं को देखते हुए स्थानीय लोगों ने प्रशासन से त्वरित व्यवस्था सुधारने और क्षेत्र में अतिरिक्त फायर ब्रिगेड तैनात करने की मांग की है।

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें