संयुक्त छापेमारी में अवैध खनन और ओवरलोडिंग पर बड़ी कार्रवाई, थानों को किया गया सुपुर्द
रुद्रपुर देवरिया। जनपद में अवैध खनन और ओवरलोड वाहनों के खिलाफ प्रशासन ने अब सख्त तेवर अपना लिए हैं। जिलाधिकारी मधुसूदन हुल्गी के निर्देश पर बुधवार को परिवहन एवं खनन विभाग की संयुक्त टीम ने ताबड़तोड़ कार्रवाई करते हुए तीन ट्रैक्टर-ट्रॉली सीज कर दीं। इस कार्रवाई से खनन माफियाओं में हड़कंप मच गया।एआरटीओ आशुतोष शुक्ला और खनन निरीक्षक जितेंद्र कुमार शर्मा के नेतृत्व में चलाए गए संयुक्त अभियान के दौरान बरियारपुर थाना क्षेत्र में अवैध खनन और ओवरलोड मिट्टी ढुलाई में लगी दो ट्रैक्टर-ट्रॉली पकड़ी गईं। जांच के दौरान नियमों के उल्लंघन की पुष्टि होने पर दोनों वाहनों को तत्काल सीज कर बरियारपुर थाने को सुपुर्द कर दिया गया।
इसी अभियान के तहत बरहज क्षेत्र में भी एक ट्रैक्टर-ट्रॉली अवैध खनन गतिविधि में संलिप्त पाई गई, जिसे कार्रवाई करते हुए सीज कर संबंधित थाने के हवाले कर दिया गया।
जिलाधिकारी ने साफ शब्दों में कहा कि जनपद में अवैध खनन किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने चेतावनी दी कि नियम तोड़ने वालों के खिलाफ लगातार अभियान चलता रहेगा और दोषियों पर वाहन सीज, अर्थदंड के साथ कठोर कानूनी कार्रवाई भी की जाएगी।
प्रशासन की इस सख्ती के बाद अवैध खनन से जुड़े लोगों में बेचैनी बढ़ गई है, जबकि आम लोगों ने कार्रवाई का स्वागत किया है।

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें