चार जून से थे लापता, मौत के कारणों की गुत्थी सुलझाने में जुटी पुलिस
रुद्रपुर/देवरिया। एकौना थाना क्षेत्र के लालपुर परसिया स्थित गोरा नदी किनारे शुक्रवार की रात मिले अज्ञात युवक के शव की पहचान आखिरकार हो गई। मृतक की शिनाख्त गोरखपुर जनपद में तैनात सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारी (सीएचओ) दीपक पांडेय (29) के रूप में हुई है। शव मिलने के बाद से पुलिस पहचान और मौत के कारणों की जांच में जुटी थी। रविवार को मृतक के भाई ने मोर्चरी पहुंचकर शव की पहचान की पुष्टि की।
जानकारी के अनुसार, शुक्रवार शाम लालपुर परसिया के समीप गोरा नदी किनारे एक युवक का शव मिलने की सूचना पर एकौना पुलिस मौके पर पहुंची थी। शव के शरीर पर चोट के निशान प्रतीत हो रहे थे तथा नाक से खून निकल रहा था, जिससे मामला संदिग्ध प्रतीत हो रहा था। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पहचान के प्रयास शुरू किए और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया था।
व्रहमपुर ब्लॉक के नदवा ज्ञानपुर स्वास्थ्य केंद्र पर सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारी (सीएचओ) के पद पर कार्यरत थे
मृतक की पहचान दीपक पांडेय पुत्र वीरेंद्र पांडेय निवासी सिकंदरपुर, थाना कलवारी, जनपद बस्ती के रूप में हुई। वह गोरखपुर जनपद के झंगहा थाना क्षेत्र अंतर्गत व्रहमपुर ब्लॉक के नदवा ज्ञानपुर स्वास्थ्य केंद्र पर सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारी (सीएचओ) के पद पर कार्यरत थे।
परिजनों के मुताबिक दीपक चार जून की शाम मेडिकल कैंप में ड्यूटी करने के बाद घर लौटने वाले थे, लेकिन इसके बाद उनका परिवार से संपर्क टूट गया। पांच जून की दोपहर करीब एक बजे तक उनका मोबाइल फोन चालू था, फिर अचानक बंद हो गया। इसके बाद परिजन उनकी तलाश में जुटे थे।
इसी दौरान बेलवा-दुबौली बांध के समीप गोरा नदी किनारे मिले शव की सूचना सामने आई। रविवार को पहचान होने के बाद परिवार में कोहराम मच गया। वर्ष 2021 में स्वास्थ्य विभाग में नियुक्त हुए दीपक अपने पीछे पत्नी शालिनी शुक्ला, माता अनीता देवी, एक भाई और दो बहनों को छोड़ गए हैं।
थानाध्यक्ष आनंद पांडेय ने बताया कि पोस्टमार्टम कराया जा चुका है। प्रारंभिक जांच में मौत का कारण स्पष्ट नहीं हो सका है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा।

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें