हर संभव सहायता का दिया भरोसा, सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने के दिए निर्देश
रुद्रपुर (देवरिया)। पिड़हनी गांव में आईजीआरएस शिकायत के सत्यापन के दौरान वृद्ध की मौत के बाद गुरुवार को क्षेत्रीय विधायक जयप्रकाश निषाद पीड़ित परिवार से मिलने उनके घर पहुंचे। उन्होंने मृतक के परिजनों को सांत्वना देते हुए हर संभव मदद का भरोसा दिलाया
विधायक ने मृतक के पुत्र योगेंद्र से मुलाकात कर घटना की जानकारी ली और दुख की इस घड़ी में परिवार के साथ खड़े रहने का आश्वासन दिया। इस दौरान मौके पर मौजूद नायब तहसीलदार अनिल तिवारी से उन्होंने कहा कि पीड़ित परिवार को सरकारी सहायता एवं अन्य पात्र योजनाओं का लाभ प्राथमिकता के आधार पर दिलाया जाए।
गौरतलब है कि भूमि विवाद को लेकर बैजनाथ और सर्वजीत पक्ष के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था। इसी मामले में बैजनाथ ने आईजीआरएस पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत के सत्यापन के लिए बुधवार को एसडीएम अवधेश निगम राजस्व टीम के साथ मौके पर पहुंचे थे। सत्यापन के दौरान दोनों पक्षों के बीच हुई कथित धक्का-मुक्की में एक वृद्ध गिर पड़े, जिनकी बाद में मौत हो गई। घटना के बाद क्षेत्र में तनाव का माहौल बन गया था। इस मामले में पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें