रुद्रपुर देवरिया जिलाधिकारी मधुसूदन हुल्गी के निर्देश पर शुक्रवार को बरहज तहसील क्षेत्र के ग्राम सोनबरसा में राजस्व जन चौपाल का आयोजन किया गया। उप जिलाधिकारी (एसडीएम) बरहज हरिशंकर लाल ने स्वयं जन चौपाल की अध्यक्षता कर ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं और विभिन्न राजस्व मामलों का मौके पर ही निस्तारण कराया। निस्तारित मामलों में संबंधित पक्षों को प्रमाण पत्र भी वितरित किए गए।
एसडीएम हरिशंकर लाल ने बताया कि शासन की मंशा के अनुरूप राजस्व न्यायालयों की सेवाएं गांव स्तर तक पहुंचाने तथा लोगों को त्वरित एवं पारदर्शी न्याय उपलब्ध कराने के उद्देश्य से राजस्व जन चौपाल आयोजित किए जा रहे हैं। इसी क्रम में ग्राम सोनबरसा में राजस्व विभाग की विभिन्न धाराओं से संबंधित मामलों का निस्तारण किया गया।
316 से अधिक मामलों का मौके पर निस्तारण लाभार्थियों में हुए प्रमाण पत्र वितरण
जन चौपाल में निर्विवाद वरासत के 27, अंश संशोधन के 13, नाम संशोधन के 20, अंश निर्धारण के 231, धारा 116 के 9, धारा 24 के 13 तथा धारा 34 के 3 मामलों का मौके पर निस्तारण कर संबंधित पक्षों को निस्तारण प्रमाण पत्र उपलब्ध कराए गए।
इसके अलावा शिविर में निर्विवाद उत्तराधिकार, फार्मर रजिस्ट्री तथा अन्य राजस्व संबंधी प्रमाण पत्र भी पात्र लाभार्थियों को वितरित किए गए।
एसडीएम हरिशंकर लाल ने कहा कि भविष्य में भी तहसील क्षेत्र के विभिन्न गांवों में राजस्व जन चौपाल आयोजित कर लोगों की समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित किया जाएगा, ताकि ग्रामीणों को राजस्व संबंधी कार्यों के लिए अनावश्यक रूप से तहसील के चक्कर न लगाने पड़ें।


कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें