दो करोड़ से अधिक की लागत से नगर मे बिछ रही नई लाइन, गोला वार्ड में दो स्थानों पर मिला रिसाव
रुद्रपुर (देवरिया)। नगरवासियों को शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराने के लिए नगर पंचायत द्वारा दो करोड़ रुपये से अधिक की लागत से बिछाई जा रही नई पेयजल पाइपलाइन की टेस्टिंग के दौरान गोला वार्ड में दो स्थानों पर पाइपलाइन लीक होने का मामला सामने आया। रिसाव मिलने के बाद कार्यदायी संस्था ने मरम्मत का कार्य शुरू कर दिया है।
नगर में पिछले करीब दो वर्षों से नई पेयजल पाइपलाइन बिछाने का कार्य चल रहा है। बुधवार को पाइपलाइन की टेस्टिंग के दौरान गोला वार्ड में दो स्थानों पर लीकेज मिला, जिससे निर्माण कार्य की गुणवत्ता को लेकर सवाल उठने लगे हैं। हालांकि कार्यदायी संस्था का कहना है कि टेस्टिंग के दौरान सामने आने वाली कमियों को तत्काल दूर किया जा रहा है।
गौरतलब है कि इससे पहले भी नगर में करोड़ों रुपये की लागत से दो पेयजल टंकियों का निर्माण कराया गया था, लेकिन उस समय बिछाई गई सीमेंटेड पाइपलाइन तकनीकी खामियों और निर्माण में अनियमितताओं के कारण सफल नहीं हो सकी। टेस्टिंग के दौरान कई स्थानों पर पानी के फव्वारे फूटने के बाद पूरी योजना ठप पड़ गई और नगरवासियों को उसका लाभ नहीं मिल सका।
अब नगर पंचायत ने पुरानी व्यवस्था को बदलते हुए नई पाइपलाइन बिछाने का कार्य शुरू कराया है। इसके बावजूद दो वर्ष बीत जाने के बाद भी नगर के लोगों को नियमित रूप से शुद्ध पेयजल की सुविधा नहीं मिल पाई है। ऐसे में लोग इस परियोजना को जल्द पूरा कर पेयजल आपूर्ति शुरू किए जाने की मांग कर रहे हैं।

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें