गुरुवार, 16 जुलाई 2026

बस स्टेशन परिसर में सपा नेताओं ने की धान की रोपाई सरकार व जनप्रतिनिधियों पर साधा निशाना

रुद्रपुर (देवरिया)। नगर के जर्जर बस स्टेशन की बदहाल स्थिति को लेकर गुरुवार को समाजवादी पार्टी के पूर्व विधानसभा प्रत्याशी प्रदीप यादव ने कार्यकर्ताओं के साथ अनोखा विरोध प्रदर्शन किया। घुटनों तक भरे बारिश के पानी के बीच सपा नेताओं ने बस स्टेशन परिसर में धान की रोपाई कर सरकार और जनप्रतिनिधियों के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।

प्रदीप यादव ने कहा कि वर्षों से रुद्रपुर के लोगों को हाईटेक बस स्टेशन बनाने का सपना दिखाया जा रहा है, लेकिन आज तक यह सपना पूरा नहीं हो सका। बरसात होते ही बस स्टेशन तालाब में तब्दील हो जाता है और यात्रियों को घुटनों तक पानी से होकर गुजरना पड़ता है। इससे आम लोगों, महिलाओं, बुजुर्गों और स्कूली बच्चों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है।

उन्होंने आरोप लगाया कि जनप्रतिनिधि हर चुनाव में हाईटेक बस स्टेशन का वादा करते हैं, लेकिन चुनाव बीतते ही यह मुद्दा ठंडे बस्ते में चला जाता है। हाल के दिनों में बस स्टेशन पर केवल मरम्मत के नाम पर खानापूर्ति की जा रही है, जबकि स्थायी समाधान की दिशा में कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है।

सपा नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही बस स्टेशन के निर्माण और जलनिकासी की समुचित व्यवस्था नहीं की गई तो पार्टी जनता के साथ मिलकर बड़ा आंदोलन करेगी।विरोध प्रदर्शन में सपा के कई पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें

उग्रसेन सिंह सेतु बंद होने का असर: रुद्रपुर-करहकोल वाया कौड़ीराम मार्ग पर बढ़ा भारी वाहनों का दबाव

  रुद्रपुर, देवरिया। रामजानकी मार्ग स्थित उग्रसेन सिंह सेतु पर अचानक बड़ा होल मिलने के बाद पुल को एहतियातन बंद किए जाने का असर अब आसपास के व...