रुद्रपुर, देवरिया। क्षेत्र में लगातार हो रही बारिश के चलते रुद्रपुर-करहकोल मार्ग पर कई स्थानों पर रेनकट हो गए हैं। इससे सड़क पर आवागमन जोखिम भरा हो गया है और हर समय दुर्घटना की आशंका बनी हुई है। बावजूद इसके संबंधित विभाग स्थायी मरम्मत कराने के बजाय केवल खानापूर्ति करता नजर आ रहा है।
रुद्रपुर-करहकोल मार्ग पर पिड़रा, पचलड़ी, बैदा, करहकोल सहित लगभग आधा दर्जन स्थानों पर सड़क कट चुकी है। इनमें पचलड़ी के आगे स्थित भंगड़ा नाला सबसे अधिक खतरनाक बना हुआ है। यहां सड़क किनारे गहरा रेनकट होने से भारी वाहनों के लिए हादसे का खतरा लगातार बना हुआ है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि विभाग ने केवल मिट्टी डालकर अस्थायी मरम्मत कर दी है, लेकिन सड़क को सुरक्षित बनाने के लिए कोई मजबूत एवं स्थायी कार्य नहीं कराया गया। बारिश जारी रहने से यह रेनकट और चौड़ा होता जा रहा है।
गौरतलब है कि उग्रसेन सेतु (कपरवार पुल) बंद होने के कारण बड़ी संख्या में लोडेड ट्रक और अन्य भारी वाहन इसी मार्ग से होकर बड़हलगंज की ओर आ-जा रहे हैं। ऐसे में सड़क पर बने रेनकट किसी बड़े हादसे को दावत दे रहे हैं।
उल्लेखनीय है कि कुछ दिन पहले करहकोल के पास रेनकट के कारण एक ट्रक पलट गया था। हालांकि उस दुर्घटना में चालक को मामूली चोटें आई थीं, लेकिन घटना के बाद भी विभाग ने स्थायी समाधान की दिशा में कोई ठोस कदम नहीं उठाया।
क्षेत्रीय लोगों ने लोक निर्माण विभाग से मांग की है कि भंगड़ा नाला सहित सभी क्षतिग्रस्त स्थानों पर तत्काल पिचिंग एवं अन्य आवश्यक सुरक्षात्मक कार्य कराकर मार्ग को सुरक्षित बनाया जाए, ताकि किसी बड़ी दुर्घटना से बचा जा सके।

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें