रुद्रपुर (देवरिया)। रुद्रपुर कोतवाली क्षेत्र के पिड़हनी गांव में आईजीआरएस शिकायत के सत्यापन के दौरान हुई वृद्ध की मौत के मामले में पुलिस ने मृतक के पुत्र की तहरीर पर तीन लोगों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दे रही है।
पिड़हनी गांव में भूमि विवाद को लेकर बैजनाथ और सर्वजीत पक्ष के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था। इसी संबंध में बैजनाथ ने आईजीआरएस पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई थी। बुधवार को शिकायत के सत्यापन के लिए एसडीएम अवधेश निगम राजस्व टीम के साथ मौके पर पहुंचे थे। दोनों पक्षों की मौजूदगी में विवादित भूमि का सत्यापन किया जा रहा था। इसी दौरान सर्वजीत गिर पड़े उन्हें तत्काल अस्पताल ले जाया गया, लेकिन रास्ते में ही उनकी मौत हो गई।
वृद्ध की मौत के बाद हंगामा पुलिस ने किया मुकदमा दर्ज
घटना के बाद मृतक के परिजनों ने हंगामा कर दिया उनका आरोप था कि सत्यापन के दौरान बैजनाथ पक्ष के लोगों ने सर्वजीत को धक्का दिया, जिससे उन्हें गंभीर अंदरूनी चोटें आईं और उनकी मौत हो गई। परिजनों ने आरोप लगाया कि घटना के बाद आरोपित जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए। इसके विरोध में परिजनों ने शव को घर के बाहर रखकर हंगामा किया और हत्या का मुकदमा दर्ज करने की मांग पर अड़ गए। देर रात अधिकारियों के आश्वासन के बाद परिजन पोस्टमार्टम के लिए तैयार हुए।
मृतक के पुत्र योगेंद्र की तहरीर पर रुद्रपुर कोतवाली पुलिस ने बैजनाथ, रघुनाथ और राहुल के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 302 (हत्या) एवं 506 (आपराधिक धमकी) के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है।
क्षेत्राधिकारी सत्येंद्र राय ने बताया कि मृतक के पुत्र की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम लगातार दबिश दे रही है तथा मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है।


कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें