गुरुवार, 21 मई 2026

18 वर्षीय युवक घर से लापता, परिजनों ने रुद्रपुर कोतवाली में दी गुमशुदगी की तहरीर

रुद्रपुर, देवरिया। रुद्रपुर कोतवाली क्षेत्र के ग्राम कुरैती निवासी एक 18 वर्षीय युवक के अचानक लापता होने से परिजनों में चिंता का माहौल है। परिजनों ने काफी खोजबीन के बाद रुद्रपुर पुलिस को गुमशुदगी की तहरीर देकर युवक की तलाश की मांग की है।

परिजनों के अनुसार, ग्राम कुरैती निवासी संविदा कर्मी प्रमोद गौंड का 18 वर्षीय पुत्र आकाश गंगा बुधवार को किसी कार्य से रुद्रपुर आया था, लेकिन देर शाम तक वह घर वापस नहीं पहुंचा। परिवार के लोगों ने पहले अपने स्तर पर रिश्तेदारों और परिचितों के यहां काफी खोजबीन की, लेकिन उसका कोई पता नहीं चल सका।

युवक के पिता प्रमोद गौंड ने रुद्रपुर कोतवाली पहुंचकर गुमशुदगी की तहरीर देते हुए पुलिस से बेटे की तलाश करने की गुहार लगाई है।

थाना प्रभारी कल्याण सिंह सागर ने बताया कि परिजनों से तहरीर प्राप्त हुई है। मामले में आवश्यक कार्रवाई करते हुए युवक की तलाश शुरू कर दी गई है।

बाहर कमाने जा रहे 19 वर्षीय युवक की ट्रेन से गिरकर दर्दनाक मौत, गांव में मचा कोहराम

रुद्रपुर, देवरिया। रुद्रपुर कोतवाली क्षेत्र के ग्राम सभा रामनगर निवासी 19 वर्षीय धीरज निषाद पुत्र रामभवन निषाद की ट्रेन से गिरकर दर्दनाक मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया, वहीं गांव में शोक की लहर दौड़ गई। युवक की असमय मौत से पूरे क्षेत्र में मातम पसरा हुआ है।

बताया जा रहा है कि धीरज निषाद अपने परिवार की आर्थिक स्थिति मजबूत करने और रोजी-रोटी की तलाश में अहमदाबाद कमाने जा रहे थे। परिवार को उम्मीद थी कि धीरज बाहर नौकरी कर घर की जिम्मेदारियों में हाथ बंटाएंगे, लेकिन किस्मत को कुछ और ही मंजूर था।

परिजनों के अनुसार यात्रा के दौरान धीरज ट्रेन के दरवाजे के पास बैठे हुए थे। सोमवार तड़के करीब तीन बजे अहमदाबाद पहुंचने से पहले सफर के दौरान उन्हें नींद आ गई। आशंका जताई जा रही है कि नींद आने के कारण उनका संतुलन बिगड़ गया और वह अचानक ट्रेन से नीचे गिर पड़े। हादसा इतना दर्दनाक था कि उनकी मौके पर ही मौत हो गई।

शव आते ही गांव में मचा कोहराम परिजनों का रो के बुरा हाल

घटना की सूचना मिलने के बाद परिवार में चीख-पुकार मच गई। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। युवक का शव जब गांव पहुंचा तो पूरे गांव का माहौल गमगीन हो गया। अंतिम दर्शन के लिए बड़ी संख्या में ग्रामीणों की भीड़ उमड़ पड़ी। हर किसी की आंखें नम थीं और लोग परिवार को ढांढस बंधाते नजर आए।

गांव के लोगों ने बताया कि धीरज बेहद मिलनसार और मेहनती स्वभाव के थे। उनकी मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। वहीं इस दर्दनाक हादसे ने एक बार फिर ट्रेन यात्रा के दौरान सुरक्षा और सावधानी को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं।

दुकान में लगी आग, लाखों का सामान जलकर खाक, बचाव में कूदे दुकानदार का कूल्हा टूटा

रुद्रपुर, देवरिया। रुद्रपुर नगर के ललाटोली वार्ड निवासी सिकंदर गुप्ता की बस स्टेशन के सामने स्थित रेडीमेड कपड़े व जूता-चप्पल की दुकान में बुधवार देर रात अज्ञात कारणों से भीषण आग लग गई। आग की घटना में दुकान में रखा लाखों रुपये का सामान जलकर राख हो गया। सूचना पर पहुंची कोतवाली पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।


 ललाटोली वार्ड निवासी सिकंदर गुप्ता की बस स्टेशन के सामने रेडीमेड कपड़े व जूता-चप्पल की दुकान है। दुकान के ऊपर ही उनका परिवार निवास करता है। बुधवार रात करीब दो बजे अचानक दुकान से धुआं निकलता देख आसपास के लोगों ने शोर मचाया, लेकिन तब तक आग विकराल रूप धारण कर चुकी थी।

आग की भयावह स्थिति देख घबराए सिकंदर गुप्ता जान बचाने के प्रयास में ऊपर से नीचे उतरने लगे, इसी दौरान वह गिर पड़े, जिससे उनका कूल्हा टूट गया। परिजनों ने उन्हें तत्काल जिला अस्पताल में भर्ती कराया। वहीं उनकी पत्नी और बेटे ने भी झरोखे के रास्ते बाहर निकलकर अपनी जान बचाई, हालांकि उन्हें मामूली चोटें आईं।घटना में लगभग तीन से चार लाख रुपये के नुकसान की बात सामने आ रही है। 

 एसडीएम अवधेश निगम ने बताया कि मामले की जांच कराई जा रही है तथा पीड़ित को उचित मुआवजा दिलाने का प्रयास किया जाएगा।

बुधवार, 20 मई 2026

बिजली कटौती और अव्यवस्था पर सख्त हुए एसडीएम

अधिकारियों को दिए कड़े निर्देश.सीयूजी नंबर न उठाने पर जताई नाराजगी


रुद्रपुर, देवरिया। बढ़ते तापमान के बीच विद्युत ट्रांसफार्मरों पर बढ़ते लोड और लगातार हो रही बिजली कटौती को लेकर उपभोक्ताओं की परेशानी को गंभीरता से लेते हुए एसडीएम अवधेश निगम ने बुधवार को तहसील सभागार में विद्युत विभाग और नगर पंचायत अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। बैठक में उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिया कि गर्मी के मौसम में उपभोक्ताओं को अनावश्यक बिजली कटौती से राहत दी जाए तथा अत्यंत आवश्यक होने पर ही शटडाउन लिया जाए।

बैठक में उपखंड अधिकारी चंदन जायसवाल एवं नगर पंचायत के अधिशासी अधिकारी नितेश गौरव मौजूद रहे। एसडीएम अवधेश निगम ने विद्युत विभाग को निर्देशित करते हुए कहा कि बढ़ते तापमान के कारण ट्रांसफार्मरों पर दबाव बढ़ रहा है, ऐसे में विभाग अपनी व्यवस्थाओं को मजबूत करे और उपभोक्ताओं को राहत देने के लिए प्रभावी कदम उठाए। उन्होंने कहा कि ढीले तारों को तत्काल कसवाया जाए तथा सीमित संसाधनों के बावजूद जर्जर तारों को बदलने की कार्रवाई की जाए ताकि दुर्घटनाओं और अनावश्यक फाल्ट की स्थिति से बचा जा सके।

बैठक के दौरान शटडाउन अटेंड करने के लिए विभाग के पास सीढ़ी उपलब्ध न होने पर एसडीएम ने नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि विभाग तत्काल सीढ़ी की व्यवस्था सुनिश्चित करे ताकि कर्मचारियों को नगर पंचायत के संसाधनों पर निर्भर न रहना पड़े और समय से कार्य संपादित हो सके।

एसडीएम ने संविदा कर्मियों द्वारा अनावश्यक शटडाउन लेने की शिकायतों पर भी कड़ी नाराजगी जताते हुए कहा कि यदि बिना वजह बिजली आपूर्ति बाधित की गई तो संबंधित के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

उन्होंने उपखंड अधिकारी को निर्देश देते हुए कहा कि जेई एवं विभागीय कर्मचारी सीयूजी नंबर अवश्य उठाएं और उपभोक्ताओं की समस्याओं को गंभीरता से सुनें। उन्होंने कहा कि जिलाधिकारी का स्पष्ट निर्देश है कि किसी भी विभाग का अधिकारी अपना सीयूजी नंबर बंद न रखे और शिकायतों का तत्काल निस्तारण करे।

वहीं नगर पंचायत को भी गर्मी को देखते हुए सार्वजनिक स्थानों पर प्याऊ और मटकों की व्यवस्था कराने के निर्देश दिए गए। साथ ही बरसात से पहले नालियों की सिल्ट सफाई कराने के लिए भी कहा गया।

बताते चलें कि हाल ही में बिजली की आंख-मिचौली और अधिकारियों द्वारा फोन न उठाने से परेशान उपभोक्ताओं की समस्या को लेकर खबर प्रकाशित हुई थी, जिसे एसडीएम अवधेश निगम ने गंभीरता से संज्ञान में लेते हुए विभागीय बैठक कर आवश्यक निर्देश जारी किए।

बैठक में तहसीलदार चंद्रशेखर वर्मा, नायब तहसीलदार अनिल तिवारी सहित संबंधित विभागों के कर्मचारी मौजूद रहे।

एसडीएम की सख्ती का असर: खबर छपते ही जागी नगर पंचायत,

 चौराहों व सार्वजनिक स्थानो पर रखवाए प्याऊ-मटके


रुद्रपुर, देवरिया। भीषण गर्मी और हीट वेव के बीच नगर क्षेत्र में राहगीरों के लिए एक भी प्याऊ या मटके की व्यवस्था न होने की खबर सामने आने के बाद प्रशासन हरकत में आ गया। नगरवासियों की परेशानी को प्रमुखता से उठाए जाने पर एसडीएम अवधेश निगम ने नगर पंचायत रुद्रपुर व मदनपुर को पत्र लिखकर तत्काल सार्वजनिक स्थानों पर प्याऊ और मटकों की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
एसडीएम के निर्देश को गंभीरता से लेते हुए नगर पंचायत रुद्रपुर के अधिशासी अधिकारी नितेश गौरव ने संज्ञान लिया और नगर के प्रमुख चौराहों एवं सार्वजनिक स्थलों पर प्याऊ व मटकों की व्यवस्था शुरू करा दी। गर्मी से बेहाल राहगीरों को अब ठंडे पानी की सुविधा मिलने लगी है, जिससे लोगों ने राहत की सांस ली।
चिलचिलाती धूप और लू के थपेड़ों के बीच लंबे समय से लोग नगर पंचायत की उदासीनता पर सवाल उठा रहे थे। लोगों का कहना था कि शासन लगातार हीट वेव से बचाव के निर्देश जारी कर रहा है, लेकिन जमीनी स्तर पर व्यवस्थाएं नजर नहीं आ रही थीं।
अब प्रशासन की सक्रियता के बाद नगर में प्याऊ व्यवस्था शुरू होने से लोगों में संतोष दिखाई दिया। स्थानीय लोगों ने कहा कि यदि इसी तरह शासन की मंशा के अनुरूप व्यवस्थाएं समय रहते होती रहें तो गर्मी में आमजन को काफी राहत मिल सकती है।

खाड़ी देशों में तनाव के बीच प्रशासन सतर्क, पेट्रोल पंप संचालकों संग की बैठक

 तेल को लेकर अफवाहों पर लगाम: एसडीएम बोले- घबराएं नहीं, जरूरत भर लें ईधन

रुद्रपुर, देवरिया। डीजल-पेट्रोल को लेकर बाजार में फैल रही आशंकाओं और उपभोक्ताओं की बढ़ती भीड़ के बीच प्रशासन सक्रिय हो गया है। बुधवार को एसडीएम अवधेश निगम ने रुद्रपुर नगर व ग्रामीण क्षेत्र के पेट्रोल पंप संचालकों के साथ बुधवार को तहसील सभागार में बैठक कर स्थिति की समीक्षा की और लोगों से अफवाहों से बचने की अपील की।

बैठक में एसडीएम ने स्पष्ट किया कि तेल की आपूर्ति मांग के अनुरूप लगातार हो रही है और किसी प्रकार की कमी नहीं है। उन्होंने पेट्रोल पंप संचालकों से कहा कि स्थिति को लेकर पैनिक का माहौल न बनने दें तथा सभी उपभोक्ताओं को उनकी जरूरत के अनुसार ईंधन उपलब्ध कराएं।

एसडीएम ने आमजन से अपील करते हुए कहा कि तेल भंडारण को लेकर किसी प्रकार की हड़बड़ी न करें। उन्होंने कहा कि तेल का पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है, इसलिए लोग केवल आवश्यकता के अनुसार ही डीजल-पेट्रोल खरीदें।

तेल आपूर्ति सामान्य है घबराने की जरूरत नहीं आवश्यकता के अनुसार ही डीजल-पेट्रोल खरीदें

उन्होंने कहा कि खाड़ी देशों में चल रहे युद्ध के कारण वैश्विक स्तर पर कुछ दिक्कतें सामने आई हैं, लेकिन स्थानीय स्तर पर तेल आपूर्ति सामान्य है और घबराने की जरूरत नहीं है।

बैठक के दौरान पेट्रोल पंप संचालकों ने भी तेल वितरण के दौरान आ रही समस्याओं को प्रशासन के सामने रखा। वहीं नगर के निरीक्षक गुफरान खान ने बताया कि तेल पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध है, लेकिन उपभोक्ताओं से अपील है कि वे आवश्यकता के अनुसार ही ईंधन लें ताकि सभी को सुचारु रूप से सुविधा मिल सके।

प्रशासन ने साफ संकेत दिया कि अफवाहों से दूर रहें और अनावश्यक भीड़ से बचें, ताकि व्यवस्था प्रभावित न हो।

बैठक के दौरान तहसीलदार चंद्रशेखर वर्मा नायव तहसीलदार अनिल तिवारी पूर्ति निरीक्षक गुफरान खान सहित पेट्रोल पंप संचालक उपस्थित थे

सीएम आगमन की तैयारियों में जुटा प्रशासन, डीएम-एसपी ने कार्यक्रम स्थल का किया निरीक्षण

 हेलीपैड, पार्किंग, मंच और सुरक्षा व्यवस्था का लिया जायजा, अधिकारियों को सौंपी जिम्मेदारियां

रुद्रपुर देवरिया मुख्यमंत्री के 22 मई को प्रस्तावित जनपद आगमन को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह सक्रिय हो गया है। बुधवार को जिलाधिकारी मधुसूदन हुल्गी और पुलिस अधीक्षक अभिजीत आर शंकर ने भीमपुर गौरा के समीप पोखरभिंडा क्षेत्र स्थित प्रस्तावित कार्यक्रम स्थल का स्थलीय निरीक्षण कर तैयारियों का जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने हेलीपैड निर्माण, पार्किंग व्यवस्था, यातायात प्रबंधन, मंच, टेंट, बैरिकेडिंग और सुरक्षा संबंधी व्यवस्थाओं का अवलोकन किया। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी व्यवस्थाएं समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरी की जाएं। उन्होंने कार्यक्रम स्थल पर साफ-सफाई, पेयजल तथा अन्य आवश्यक सुविधाओं की बेहतर व्यवस्था सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया।

डीएम ने कहा कि कार्यक्रम में आने वाले जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और आमजन की सुविधा का विशेष ध्यान रखा जाए तथा यातायात व्यवस्था सुचारु रहे। उन्होंने संबंधित विभागों को नियमित मॉनिटरिंग करते हुए किसी भी स्तर पर लापरवाही न बरतने के निर्देश दिए।

स्थलीय निरीक्षण के बाद कलेक्ट्रेट सभागार में बैठक आयोजित कर विभिन्न विभागों के अधिकारियों को कार्यक्रम से संबंधित जिम्मेदारियां सौंपी गईं। जिलाधिकारी ने कहा कि सौंपे गए दायित्वों का पूरी जिम्मेदारी के साथ निर्वहन किया जाए और तैयारियां तय समय सीमा के भीतर पूरी कर ली जाएं।

वहीं पुलिस अधीक्षक ने सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए कहा कि कार्यक्रम के दौरान कानून-व्यवस्था पूरी तरह सुदृढ़ रखी जाए।

इस दौरान मुख्य विकास अधिकारी राजेश कुमार सिंह, मुख्य राजस्व अधिकारी वीके सिंह, अपर जिलाधिकारी प्रशासन प्रेम नारायण सिंह, अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व राम शंकर सहित प्रशासनिक एवं पुलिस विभाग के अधिकारी मौजूद रहे।

खबर का असर: ‘एक भी प्याऊ नहीं’ खबर पर हरकत में आए एसडीएम, नगर पंचायत को जारी हुए सख्त निर्देश

रुद्रपुर, देवरिया। भीषण गर्मी और हीट वेव के बीच नगर में राहगीरों के लिए एक भी प्याऊ न होने तथा लोगों के प्यास से परेशान होने की खबर प्रकाशित होने के बाद प्रशासन हरकत में आ गया। खबर को संज्ञान में लेते हुए उप जिलाधिकारी रुद्रपुर अवधेश कुमार निगम ने नगर पंचायत रुद्रपुर व मदनपुर को तत्काल आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश जारी किए हैं।

एसडीएम ने अपने निर्देश में कहा कि लगातार बढ़ती गर्मी के कारण आम जनमानस को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। नगर क्षेत्र में सार्वजनिक स्थानों पर शुद्ध पेयजल की समुचित व्यवस्था न होने के कारण लोगों को पानी खरीदकर पीना पड़ रहा है, जिससे नागरिकों को कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।

एस डी एम ने प्रमुख चौराहों, बाजारों एवं अन्य सार्वजनिक स्थलों पर पारंपरिक प्याऊ/ मटका की व्यवस्था करने का न.प. मदनपुर व रुद्रपुर को जारी किया पत्र

एसडीएम ने नगर पंचायत को निर्देशित किया है कि रुद्रपुर बस स्टेशन, प्रमुख चौराहों, बाजारों एवं अन्य सार्वजनिक स्थलों पर पारंपरिक प्याऊ/ मटका की व्यवस्था कराई जाए। इसके साथ ही पूर्व से स्थापित वाटर कूलर और आरओ सिस्टम की तत्काल मरम्मत कर उन्हें चालू कराया जाए, ताकि राहगीरों और स्थानीय लोगों को भीषण गर्मी में ठंडा व स्वच्छ पानी आसानी से उपलब्ध हो सके।

खबर के बाद प्रशासन की इस त्वरित कार्रवाई से लोगों में उम्मीद जगी है कि अब नगरवासियों और राहगीरों को गर्मी में प्यास की समस्या से राहत मिल सकेगी। अब देखना होगा कि नगर पंचायत इन निर्देशों को धरातल पर कितनी तेजी से उतारती है।

रात भर गुल बिजली की आँख मिचौली उपभोक्ता रहे बेहाल, अफसरों की नींद नहीं टूटी; फोन भी रहे बंद

बिजली विभाग के पास एक निजी सीढ़ी तक नहीं उधार नगर पंचायत के हाइड्रा से चलता है काम

रुद्रपुर, देवरिया। गर्मी की दस्तक के साथ ही रुद्रपुर नगर की बिजली व्यवस्था ने अपने पुराने तेवर दिखाने शुरू कर दिए हैं। रात होते ही बिजली की आंख-मिचौली शुरू हो जाती है और उपभोक्ताओं की रातें जागते हुए कट रही हैं। हालात ऐसे हैं कि नगर के विभिन्न फीडरों पर आए दिन तार टूट रहे हैं, जिससे रात भर मरम्मत और बाधित आपूर्ति का सिलसिला चलता रहता है।

बिजली कटौती और फाल्ट से परेशान उपभोक्ताओं का आरोप है कि जहां एक ओर लाइनमैन रात भर दौड़-भाग कर व्यवस्था संभालने में जुटे रहते हैं, वहीं जिम्मेदार अधिकारी मोबाइल बंद कर चैन की नींद सो जाते हैं। उपभोक्ताओं का कहना है कि संकट के समय विभागीय अधिकारियों के सीयूजी नंबर तक बंद मिलते हैं, जिससे शिकायत और समस्या का समाधान दोनों अधर में लटक जाते हैं।

स्थिति यह है कि नगर पंचायत के उधार के हाइड्रा के सहारे विद्युत विभाग काम चला रहा है। विभाग के पास खुद की एक निजी सीढ़ी तक नहीं होने की चर्चा भी लोगों में है। ऐसे में फाल्ट आने पर मरम्मत कार्य और अधिक प्रभावित होता है। .

बिजली विभाग पर डीएम का आदेश वेबसर नहीं उठाते हैं जिम्मेदार  सीयूजी नंबर

स्थानीय लोगों का कहना है कि रुद्रपुर नगर में एसडीएम, तहसीलदार, क्षेत्राधिकारी और नायब तहसीलदार तक रात्रि निवास करते हैं, लेकिन विद्युत विभाग के जिम्मेदार अधिकारी रात में मौजूद नहीं रहते। इससे उपभोक्ताओं में नाराजगी बढ़ती जा रही है।

उपभोक्ताओं ने जिला प्रशासन से मांग की है कि विद्युत विभाग के अधिकारी रात्रि निवास सुनिश्चित करें और अपने सीयूजी नंबर हर समय चालू रखें ताकि लोगों की समस्याओं का त्वरित समाधान हो सके।

जर्जर तार के भरोसे चल रहा है विद्युत विभाग का काम

वहीं लोगों ने रिवैंप योजना पर भी सवाल उठाए हैं। आरोप है कि योजना के तहत नगर के जर्जर तार और पोल बदलकर केबल लाइन बिछाई जानी थी, लेकिन विभागीय लापरवाही के चलते घनी आबादी वाले इलाकों में अब भी पुराने तार और पोल लगे हुए हैं। नतीजा यह है कि गर्मी बढ़ते ही परेशानी का झटका सीधे उपभोक्ताओं को झेलना पड़ रहा है।

मंगलवार, 19 मई 2026

बड़े मंगलवार पर दुग्धेश्वरनाथ मंदिर में विशाल भंडारा, हजारों श्रद्धालुओं ने ग्रहण किया प्रसाद

रुद्रपुर। बड़े मंगलवार के अवसर पर रुद्रपुर स्थित दुग्धेश्वरनाथ मंदिर परिसर के हनुमान मंदिर पर विशाल भंडारे का आयोजन किया गया, जहां हजारों की संख्या में पहुंचे श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण कर पुण्य लाभ प्राप्त किया। पूरे मंदिर परिसर में भक्तिमय माहौल बना रहा और श्रद्धालुओं की भारी भीड़ देखने को मिली।

बताया गया कि कमेटी द्वारा प्रत्येक माह के प्रथम मंगलवार को भंडारे का आयोजन किया जाता है। इस परंपरा के तहत श्रद्धालुओं एवं कमेटी के सहयोग से नियमित रूप से प्रसाद वितरण कार्यक्रम आयोजित किया जाता है। बड़े मंगलवार के अवसर पर आयोजित इस भंडारे में भक्तों की भारी सहभागिता रही।

भंडारा कार्यक्रम को सफल बनाने में अध्यक्ष वीरेंद्र चौरसिया, रमेश चौरसिया, आनंद गुप्ता, रमाशंकर यादव, निखिल गुप्ता, राजन चौधरी, श्रीराम चौरसिया, त्रिभुवन भाटिया, नन्हे पटेल, कुबेर चौरसिया, जिगर चौरसिया, उत्कर्ष रावत, मदन चौरसिया, नागेंद्र मद्धेशिया, अभी गुप्ता, धर्मेंद्र यादव तथा अखिलेश चौरसिया सहित अन्य लोगों का विशेष योगदान रहा।

समीक्षा बैठक मे फैमिली आईडी में ढिलाई पर डीएम सख्त:

  अपर सांख्यिकी अधिकारियों को चेतावनी, बोले- सुधार नहीं हुआ तो रुकेगा वेतन


रुद्रपुर देवरिया जिलाधिकारी ने देवरिया ने फैमिली आईडी फार्मर आईडी व जनगणना के कार्यों में सुस्ती पाए जाने पर कड़ा रुख अपनाया है। मंगलवार को गूगल मीट के माध्यम से हुई समीक्षा बैठक में कार्य प्रगति संतोषजनक न मिलने पर डीएम मधुसूदन हुल्गी ने नाराजगी जताते हुए संबंधित अधिकारियों को फटकार लगाई। लापरवाही मिलने पर छह अपर सांख्यिकी अधिकारियों को कड़ी चेतावनी दी गई और स्पष्ट संदेश दिया गया कि अब ढिलाई किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं होगी।

बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने कहा, "फैमिली आईडी शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं की रीढ़ है। इसमें लापरवाही का सीधा असर आम जनता को मिलने वाली सुविधाओं पर पड़ता है। यदि कार्यों में तत्काल सुधार नहीं हुआ तो संबंधित अधिकारियों का वेतन रोके जाने सहित कठोर कार्रवाई की जाएगी।"

समीक्षा में सामने आया कि कई बार निर्देश देने के बावजूद फैमिली आईडी कार्यों की प्रगति अपेक्षित स्तर तक नहीं पहुंच सकी है। इस पर डीएम ने सभी अधिकारियों को विशेष अभियान चलाकर कार्यों में तेजी लाने और शत-प्रतिशत लक्ष्य पूरा करने के निर्देश दिए।

डीएम ने कहा कि सिर्फ बैठकों और निर्देशों से काम नहीं चलेगा, बल्कि जमीनी स्तर पर परिणाम भी दिखने चाहिए। उन्होंने अधिकारियों से नियमित मॉनिटरिंग और तय समयसीमा के भीतर लक्ष्य पूरा करने पर जोर दिया।

गूगल मीट के माध्यम से आयोजित समीक्षा बैठक में मुख्य विकास अधिकारी राजेश कुमार सिंह, एडीएम (वित्त एवं राजस्व), डीसी मनरेगा, जिला विकास अधिकारी, उप निदेशक कृषि, जिला कृषि अधिकारी, खंड विकास अधिकारी, अधिशासी अधिकारी तथा अपर सांख्यिकी अधिकारी मृत्युंजय प्रसाद चतुर्वेदी सहित अन्य अधिकारी जुड़े रहे।

बड़े मंगलवार पर एसपी कार्यालय में सजा सेवा का लंगर, डीएम बोले— सेवा और श्रद्धा समाज को जोड़ती है


रुद्रपुर देवरिया। बड़े मंगलवार के पावन अवसर पर पुलिस अधीक्षक कार्यालय परिसर में भव्य लंगर एवं प्रसाद वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में सैकड़ों की संख्या में पहुंचे लोगों ने प्रसाद ग्रहण कर आस्था और सेवा भाव का संदेश दिया। इस दौरान प्रशासनिक एवं पुलिस विभाग के अधिकारी और कर्मचारी भी मौजूद रहे।

ऐसे आयोजनों से लोगों के बीच आपसी सहयोग और मानव सेवा की बढ़ती है भावना एस पी

पुलिस अधीक्षक ने कहा कि बड़े मंगलवार जैसे धार्मिक और सामाजिक आयोजन समाज में एकता, सेवा और सद्भाव की भावना को मजबूत करते हैं। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजनों से लोगों के बीच आपसी सहयोग और मानव सेवा की भावना बढ़ती है।

उन्होंने कहा कि धार्मिक आयोजनों में सेवा कार्यों के माध्यम से समाज के साथ जुड़ाव और जनसंपर्क मजबूत होता है। बड़े मंगलवार पर आयोजित इस लंगर में श्रद्धालुओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और प्रसाद ग्रहण कर पुण्य लाभ अर्जित किया।

इस अवसर पर पुलिस विभाग के अधिकारी, कर्मचारी सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे। पूरे परिसर में श्रद्धा, सेवा और भक्ति का माहौल बना रहा।

हीट वेव का कहर: नगर में एक भी प्याऊ नहीं, प्यासे राहगीर बेहाल — आखिर जिम्मेदार कौन?

रुद्रपुर, देवरिया मई की शुरुआत में मौसम भले सामान्य रहा हो, लेकिन अब चिलचिलाती धूप और लू के थपेड़ों ने लोगों का जीना मुश्किल कर दिया है। हीट वेव का असर लगातार बढ़ रहा है। तेज धूप और गर्म हवाओं से आदमी ही नहीं, पशु-पक्षी भी बेहाल हैं। सरकार गर्मी से बचाव और सतर्कता के निर्देश दे रही है, लेकिन रुद्रपुर नगर में आमजन की सुविधा के लिए एक भी प्याऊ नजर नहीं आ रहा है।

धूप आग उगल रही, लेकिन प्यास बुझाने का इंतजाम नहीं

पिछले दो-तीन दिनों में मौसम ने अचानक करवट ली और तापमान के साथ गर्मी का प्रकोप भी तेजी से बढ़ गया। दोपहर के समय सड़कों पर निकलना चुनौती बन गया है। राहगीरों को पीने के पानी के लिए इधर-उधर भटकना पड़ रहा है, लेकिन नगर में एक भी सार्वजनिक प्याऊ की व्यवस्था नहीं है।

समाजसेवा के दावे बहुत, लेकिन मैदान में कोई नहीं

नगर में कई समाजसेवी संस्थाएं और लोग समाज सेवा के बड़े-बड़े दावे करते हैं तथा सुर्खियों में बने रहते हैं, लेकिन भीषण गर्मी के इस दौर में अब तक किसी ने सार्वजनिक प्याऊ लगाने की पहल नहीं की। ऐसे समय में जरूरत प्रचार की नहीं, बल्कि लोगों की प्यास बुझाने की है।

वाटर कूलर और आरओ प्लांट बने शोपीस!

जानकारी के अनुसार वर्षो पूर्व नगर पंचायत आधा दर्जन स्थानों पर वाटर कूलर लगाए गए थे, लेकिन वर्तमान में सभी खराब पड़े हैं। यही हाथ तहसील में ट्रस्टी राम अवतार केडिया द्वारा लगाये गये आरो प्लांट खराब पड़ा है जब कि जिम्मेदारी देखभाल की नगर पंचायत की है हाल मे ही नगर पंचायत द्वारा लाखो खर्च कर तहसील  और रामजी सहाय पीजी कॉलेज में आरओ प्लांट लगाए गए, मगर उनका लाभ आम राहगीरों तक नहीं पहुंच पा रहा है। स्थिति यह है कि पूरे नगर में जनता के लिए एक भी सक्रिय प्याऊ उपलब्ध नहीं है।

हैंडपंप भी गायब, फिर भी मरम्मत के नाम पर खर्च!

आधुनिकता की दौड़ में नगर के कई चौराहों से हैंडपंप भी गायब हो गए हैं। पहले लगे इंडिया मार्का पंप हटाए जा चुके हैं, लेकिन मरम्मत और रखरखाव के नाम पर खर्च होने की चर्चा अब भी जारी है।

जनता की मांग: प्रमुख चौराहों पर लगे प्याऊ

नगरवासियों का कहना है कि बस स्टैंड, बाजार, अस्पताल और प्रमुख चौराहों पर तत्काल प्याऊ की व्यवस्था की जाए, ताकि भीषण गर्मी में राहगीरों को राहत मिल सके।

जनहित का सवाल

जब हीट वेव को लेकर अलर्ट जारी हैं, तो नगर में पीने के पानी जैसी मूलभूत सुविधा का अभाव आखिर क्यों? अब देखना होगा कि जिम्मेदार इस ओर कब ध्यान देते हैं।

जनता दर्शन में दिखी जिलाधिकारी की संवेदनशीलता, छात्र का बढ़ाया हौसला

भूमि विवादों के त्वरित निस्तारण.राजस्व कर्मियों पर सख्त निगरानी के निर्देश

रुद्रपुर देवरिया। मंगलवार को आयोजित जनता दर्शन कार्यक्रम में जिलाधिकारी की संवेदनशील कार्यशैली एक बार फिर देखने को मिली। फरियाद लेकर पहुंची एक असहाय महिला की समस्या सुनने के साथ-साथ उन्होंने उसके पुत्र का उत्साहवर्धन कर शिक्षा के प्रति प्रेरित किया।

तरकुलवा विकासखंड के ग्राम सोनहुला रामनगर निवासी प्रभावती देवी अपने पुत्र नीरज के साथ जनता दर्शन में पहुंचीं। उन्होंने जिलाधिकारी को प्रार्थना पत्र देकर बताया कि पड़ोसियों द्वारा उनके आवागमन का रास्ता अवरुद्ध कर दिया गया है, जिससे परिवार को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

मामले को गंभीरता से लेते हुए जिलाधिकारी ने संबंधित उपजिलाधिकारी एवं तहसीलदार को तत्काल आवश्यक कार्रवाई कर समस्या का समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

इसी दौरान जिलाधिकारी की नजर महिला के पुत्र नीरज पर पड़ी। बातचीत के दौरान नीरज ने बताया कि वह कक्षा पांच का छात्र है और सरकारी विद्यालय में पढ़ाई करता है। जिलाधिकारी ने उसकी शैक्षणिक क्षमता परखने के लिए गणित के कुछ सवाल पूछे, जिनका नीरज ने सही जवाब दिया। इससे प्रसन्न होकर जिलाधिकारी ने उसका उत्साह बढ़ाया और मन लगाकर पढ़ाई करने की प्रेरणा दी।

उन्होंने कहा कि शिक्षा जीवन में सफलता और प्रगति का सबसे महत्वपूर्ण माध्यम है। शिक्षा के जरिए व्यक्ति न केवल अपना विकास करता है बल्कि समाज और देश की उन्नति में भी योगदान देता है।

जनता दर्शन में सदर तहसील के ग्राम मुंडाडीह निवासी असगर अली ने भी जमीन विवाद से संबंधित प्रार्थना पत्र सौंपा। इस पर जिलाधिकारी ने संबंधित उपजिलाधिकारी को पूरे मामले की जांच कर शीघ्र रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।

इस दौरान जिलाधिकारी ने सभी उपजिलाधिकारियों को निर्देशित किया कि वे अपने क्षेत्रों में राजस्व कर्मियों और लेखपालों के कार्यों की प्रभावी निगरानी रखें। उन्होंने स्पष्ट कहा कि किसी भी प्रकार की अनियमितता या शिकायत मिलने पर संबंधित कर्मचारियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

आमने-सामने बाइक टक्कर में महिला समेत चार घायल, दो बच्चो का पैर टुटा

 पुलिस ने घायलों को पहुंचा जिला अस्पताल इलाज जारी

रुद्रपुर, देवरिया। रुद्रपुर कोतवाली क्षेत्र के रामलक्षन चौकी अंतर्गत भृगुसरी मोड़ के पास सोमवार देर रात आमने-सामने हुई बाइक टक्कर में महिला और बच्चों समेत चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी घायलों का इलाज जिला अस्पताल में चल रहा है।

जानकारी के अनुसार देवरिया कोतवाली क्षेत्र के राघवापुर निवासी शेषनाथ पुत्र रामाश्रय अपनी बाइक से सोमवार रात रुद्रपुर से अपनी भाभी चंदा देवी (26 वर्ष), भतीजा सानिया कृष्ण तथा 2 वर्षीय अंश को लेकर रामलक्षन मार्ग होते हुए देवरिया जा रहे थे। इसी दौरान भृगुसरी मोड़ के पास सामने से आ रही तेज रफ्तार बाइक ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी।

टक्कर इतनी तेज थी कि बाइक सवार सभी लोग सड़क पर गिरकर घायल हो गए। घटना की सूचना मिलते ही रामलक्षन चौकी प्रभारी सौरभ सिंह मौके पर पहुंचे और एंबुलेंस की मदद से घायलों को जिला अस्पताल भिजवाया। चिकित्सकों के अनुसार सानिया और कृष्ण के पैर में फ्रैक्चर हुआ है, जबकि औरो को अंदरूनी चोटें आई हैं।

चौकी प्रभारी सौरभ सिंह ने बताया कि सूचना मिलते ही सभी घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया। अभी तक किसी पक्ष की ओर से तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

सोमवार, 18 मई 2026

शराब की दुकानों में चोरी करने वाले गिरोह का खुलासा, पुलिस मुठभेड़ में आरोपी गिरफ्तार

देवरिया जनपद में चलाए जा रहे चेकिंग अभियान के दौरान पुलिस को बड़ी सफलता मिली। थाना रुद्रपुर पुलिस ने शराब की दुकानों में चोरी की घटनाओं को अंजाम देने वाले आरोपी को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के कब्जे से बोलेरो वाहन भी बरामद किया गया।

पुलिस के अनुसार, 18 मई 2026 को चेकिंग अभियान के दौरान थाना रुद्रपुर के प्रभारी निरीक्षक को मुखबिर से सूचना मिली कि जनपद के विभिन्न क्षेत्रों में शराब की दुकानों में चोरी करने वाला एक आरोपी बोलेरो वाहन से गुजरने वाला है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम सक्रिय हो गई और संदिग्ध वाहन का पीछा शुरू किया।

पुलिस ने आरोपी को कई बार रुकने का इशारा किया, लेकिन उसने वाहन रोकने के बजाय तेज रफ्तार में भागने का प्रयास किया। पीछा करते हुए सेमरौना पुल के पास कब्रिस्तान के निकट आरोपी की गाड़ी सड़क से नीचे उतरकर फंस गई। इसके बाद आरोपी वाहन छोड़कर खेतों की ओर भागने लगा।

पुलिस के अनुसार, घेराबंदी के दौरान आरोपी ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाब में पुलिस ने आत्मरक्षा में कार्रवाई की, जिसमें आरोपी के बाएं पैर में गोली लग गई। घायल आरोपी की पहचान प्यारेलाल प्रजापति पुत्र लालचंद्र प्रजापति निवासी जनपद गाजीपुर के रूप में हुई।

प्राथमिक पूछताछ में आरोपी ने कई चोरी की घटनाओं में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है। उसने बताया कि वह शराब की दुकानों में रखी गुल्लक और नकदी को निशाना बनाता था। पहचान छिपाने के लिए वह दुकानों के डीवीआर भी नष्ट कर देता था ताकि साक्ष्य मिटाए जा सकें।

क्षेत्राधिकारी सत्येंद्र राय ने बताया घायल आरोपी को तत्काल उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रुद्रपुर पहुंचाया गया, जहां उसकी हालत सामान्य बताई गई। पुलिस ने बताया कि मामले में आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है। क्षेत्र में स्थिति पूरी तरह सामान्य है।

मिशन शक्ति टीम रुद्रपुर ने दुग्धेश्वर नाथ मंदिर के मेले में चलाया जागरूकता अभियान

 महिलाओं को हेल्पलाइन नंबर व सरकारी योजनाओं की दी जानकारी

रुद्रपुर देवरिया मिशन शक्ति टीम रुद्रपुर द्वारा 5.0 अभियान के अंतर्गत सोमवार को रुद्रपुर नगर स्थित दुग्धेश्वर नाथ मंदिर परिसर में महिलाओं को जागरूक करने के उद्देश्य से विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में उपनिरीक्षक दिनेश कुमार, कांस्टेबल अर्चना यादव एवं रिचा प्रजापति ने महिलाओं को सुरक्षा, सहायता सेवाओं तथा सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी।

पुलिस टीम ने महिलाओं को विभिन्न हेल्पलाइन नंबरों के महत्व से अवगत कराते हुए 1930 साइबर हेल्पलाइन, 1090 वूमेन पावर लाइन, 102 गर्भवती महिलाओं एवं नवजात शिशुओं के लिए एंबुलेंस सेवा, 181 वूमेन हेल्पलाइन, 108 एंबुलेंस सेवा, 1098 चाइल्डलाइन तथा 112 इमरजेंसी पुलिस सेवा के बारे में विस्तार से जानकारी दी। महिलाओं से कहा गया कि किसी भी आपात स्थिति में इन सेवाओं का तत्काल उपयोग करें।

इसके साथ ही सरकार द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं जैसे प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना, निराश्रित महिला पेंशन योजना, मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना, उत्तर प्रदेश स्टेट रूरल लाइवलीहुड मिशन, नेशनल न्यूट्रिशन मिशन एवं मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना की जानकारी देते हुए उनके लाभ और पात्रता के बारे में बताया गया।

कार्यक्रम के दौरान महिलाओं को अपने अधिकारों के प्रति जागरूक रहने तथा किसी भी समस्या की स्थिति में निडर होकर सहायता लेने के लिए प्रेरित किया गया।

एसडीएम ने गेहूं क्रय केंद्र का किया निरीक्षण, शासन की गाइडलाइन के तहत पारदर्शी खरीद के दिए निर्देश

जिलाधिकारी के निर्देश पर संचालित गेहूं क्रय केंद्र निरीक्षण अभियान के क्रम में उपजिलाधिकारी (एसडीएम) अवधेश निगम ने उसरा बाजार स्थित गेहूं क्रय केंद्र का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने शासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों के अनुसार क्रय प्रक्रिया की समीक्षा करते हुए अधिकारियों एवं कर्मचारियों को पारदर्शिता पूर्ण खरीद सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

एसडीएम ने केंद्र पर किसानों को किसी प्रकार की असुविधा न होने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि शासन की गाइडलाइन के अनुसार किसानों को समयबद्ध एवं सुगम सेवाएं उपलब्ध कराई जाएं तथा खरीद प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी रखी जाए। उन्होंने किसानों की फॉर्मर रजिस्ट्री की सुविधा उपलब्ध कराने के निर्देश दिए, जिससे किसानों को पंजीकरण संबंधी समस्याओं का सामना न करना पड़े।

निरीक्षण के दौरान एसडीएम ने केंद्र पर खरीदे गए गेहूं के भुगतान की ऑनलाइन स्थिति भी जांची और संबंधित कर्मियों को निर्देशित किया कि किसानों के भुगतान में किसी भी प्रकार की देरी न हो। उन्होंने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप किसानों को समय से भुगतान उपलब्ध कराना प्राथमिकता है।

उन्होंने अधिकारियों से कहा कि केंद्रों पर किसानों की समस्याओं का तत्काल समाधान किया जाए तथा गेहूं खरीद प्रक्रिया को पूरी गंभीरता एवं पारदर्शिता के साथ संपन्न कराया जाए।

जनता दरबार में दिखा डीएम का मानवीय चेहरा, गरीब महिला को योजनाओं से जोड़ने की पहल

मनोज रुंगटा

डीएम ने कहा– पात्रों तक पहुंचे सरकारी योजनाओं का लाभ, जरूरतमंदों को मिले राहत

रुद्रपुर देवरिया। जनता दर्शन में फरियाद लेकर पहुंची एक महिला की समस्या सुनकर जिलाधिकारी मधुसूदन हुल्गी संवेदनशील अंदाज में नजर आए। उन्होंने महिला की पारिवारिक और आर्थिक स्थिति की जानकारी लेने के बाद संबंधित अधिकारियों को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए।

राउतपार रघेल निवासी उषा देवी अपनी पुत्री के साथ जनता दर्शन में पहुंचीं। बातचीत के दौरान महिला ने बताया कि उनके परिवार में तीन पुत्रियां और एक पुत्र हैं तथा आर्थिक स्थिति कमजोर होने के कारण बच्चों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है।

महिला की परेशानी को गंभीरता से लेते हुए जिलाधिकारी ने अधिकारियों को पात्रता के आधार पर आवासीय पट्टा, राशन कार्ड, आयुष्मान कार्ड तथा प्रोबेशन विभाग की योजनाओं के अंतर्गत कन्या सुमंगला योजना का लाभ दिलाने के निर्देश दिए। साथ ही बच्चियों को कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय में प्रवेश दिलाने की कार्यवाही करने को कहा।

जिलाधिकारी ने स्पष्ट कहा कि पात्र एवं जरूरतमंद लोगों को सरकारी योजनाओं का लाभ प्राथमिकता के आधार पर दिलाया जाए ताकि उन्हें राहत मिल सके।

खास बात

👉राशन कार्ड बनवाने के निर्देश

👉आयुष्मान कार्ड जारी कराने पर जोर

👉कन्या सुमंगला योजना से जोड़ने की पहल

👉बच्चियों के स्कूल प्रवेश के निर्देश

क्या है मामला

 भूमि विवाद पर डीएम का सख्त रुख, एसडीएम सदर को फोन कर दिए त्वरित कार्रवाई के निर्देश

क्या है मामला

जनसुनवाई के दौरान मुंडेरा बुजुर्ग निवासी योगेंद्र कुमार गुप्ता ने भूमि पैमाइश और पत्थरनशब से जुड़ा मामला जिलाधिकारी के समक्ष रखा। शिकायतकर्ता ने बताया कि धारा-24 के तहत आदेश पारित होने के बावजूद मौके पर अब तक कार्रवाई नहीं हुई।

मामले को गंभीरता से लेते हुए जिलाधिकारी ने तत्काल एसडीएम सदर से दूरभाष पर वार्ता कर प्रकरण के शीघ्र और प्रभावी निस्तारण के निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने कहा कि जनसुनवाई में प्राप्त शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध निस्तारण किया जाए तथा शिकायतकर्ताओं को बिना अनावश्यक देरी के राहत मिले।

डीएम का संदेश

👉शिकायतों के निस्तारण में देरी नहीं चलेगी

👉राजस्व मामलों में त्वरित कार्रवाई हो

👉जनता की समस्याओं को प्राथमिकता मिले

जनता दर्शन मे फरियादी की पुकार पर एक्शन मोड में दिखे डीएम, राजस्व टीम बुलाकर कराया तत्काल समाधान

  डीएम खुद पहुंचे गांव, मौके पर निपटाया भूमि विवाद

रुद्रपुर देवरिया। जनता दर्शन में मिली शिकायत को गंभीरता से लेते हुए जिलाधिकारी मधुसूदन हुल्गी सोमवार को सीधे तहसील सलेमपुर क्षेत्र के ग्राम बंजरिया शुक्ल पहुंच गए, जहां उन्होंने भूमि विवाद के मामले का मौके पर ही निस्तारण कराया। डीएम के अचानक गांव पहुंचने से प्रशासनिक अमले में भी हलचल मच गई।

डीएम की  सक्रियता से शिकायतकर्ता को राहत मिली, ग्रामीणों ने  प्रशासन की तत्परता की सराहना की।

जानकारी के अनुसार ग्राम बंजरिया शुक्ल निवासी शोभा देवी पत्नी स्वर्गीय अजय निषाद ने जनता दर्शन में जिलाधिकारी को प्रार्थना पत्र देकर शिकायत की थी कि उनकी भूमि पर गांव के ही एक व्यक्ति द्वारा अवैध कब्जा कर लिया गया है। पीड़िता ने डीएम से अपनी जमीन को कब्जामुक्त कराने की मांग की थी।

शिकायत को गंभीरता से लेते हुए जिलाधिकारी ने फाइलों में मामला दबाने के बजाय खुद मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने तत्काल राजस्व विभाग की टीम को बुलाया और दोनों पक्षों से बातचीत कर पूरे मामले की जानकारी ली। जांच और सुनवाई के बाद विवाद का मौके पर ही समाधान कराया गया।

इस दौरान जिलाधिकारी ने अधिकारियों को सख्त निर्देश देते हुए कहा कि राजस्व संबंधी शिकायतों का त्वरित, निष्पक्ष और पारदर्शी निस्तारण किया जाए। उन्होंने कहा कि आमजन की समस्याओं के समाधान में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

डीएम की इस सक्रियता से शिकायतकर्ता को राहत मिली, वहीं ग्रामीणों ने भी प्रशासन की तत्परता की सराहना की।

डी एम ने की सोशल सेक्टर समीक्षा बैठक .अफसरों को दी जिम्मेदारी की डोज, कहा– टीम भावना से करें काम

डीएम का सख्त संदेश: योजनाएं फाइलों से निकलकर जमीन तक पहुंचें, कमजोर वर्गों को मिले प्राथमिकता

रुद्रपुर देवरिया। जिलाधिकारी मधुसूदन हुल्गी ने सोमवार को कलेक्ट्रेट स्थित कार्यालय कक्ष में सोशल सेक्टर से जुड़े विभागों की समीक्षा बैठक कर अधिकारियों को जनकल्याणकारी योजनाओं को प्रभावी ढंग से धरातल पर उतारने के निर्देश दिए।

 समीक्षा के दौरान डीएम का रुख सख्त और स्पष्ट नजर आया। उन्होंने दो टूक कहा कि योजनाएं केवल कागजों तक सीमित न रहें, बल्कि पात्र लोगों तक समयबद्ध और पारदर्शी तरीके से पहुंचनी चाहिए।

बैठक में डीएम ने अधिकारियों को संबोधित करते हुए कहा कि सोशल सेक्टर से जुड़े सभी विभाग आपसी समन्वय और टीम भावना के साथ कार्य करें। शासन की जनहितकारी योजनाओं को प्राथमिकता के आधार पर गांव-गांव और जरूरतमंदों तक पहुंचाना प्रशासन की जिम्मेदारी है। उन्होंने ब्लॉक और तहसील स्तर पर विभागीय तालमेल मजबूत करने पर विशेष जोर दिया।

समीक्षा बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग को निर्देशित करते हुए कहा कि तहसील दिवस में आने वाले दिव्यांगजनों का चिन्हांकन किया जाए और उनकी आवश्यकतानुसार उपकरण उपलब्ध कराए जाएं। साथ ही उनकी समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।

डीएम ने दिव्यांगजन विवाह प्रोत्साहन योजना को और अधिक सक्रिय बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अधिक से अधिक पात्र दिव्यांगजनों को मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना से जोड़ा जाए। इसके लिए बीडीओ व संबंधित अधिकारियों के माध्यम से लाभार्थियों का चिन्हांकन कर समय से सत्यापन कराया जाए। साथ ही सामूहिक विवाह कार्यक्रम तहसील स्तर पर आयोजित करने के निर्देश भी दिए।

बैठक में जानकारी दी गई कि योजना के तहत दिव्यांग युवक के विवाह पर 15 हजार रुपये, दिव्यांग युवती के विवाह पर 20 हजार रुपये तथा दोनों दिव्यांग होने पर 35 हजार रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की जाती है।

जिलाधिकारी ने समाज कल्याण विभाग की सामूहिक विवाह योजना, छात्रवृत्ति योजना सहित अन्य योजनाओं की भी गहन समीक्षा की और कहा कि पात्र लाभार्थियों तक योजनाओं का लाभ पूरी पारदर्शिता के साथ पहुंचे।

उन्होंने सोशल सेक्टर से जुड़ी आईजीआरएस शिकायतों के गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध निस्तारण पर भी जोर देते हुए कहा कि मुख्यमंत्री डैशबोर्ड पर विभागीय प्रदर्शन बेहतर रहना चाहिए।

बैठक में मुख्य विकास अधिकारी राजेश कुमार सिंह, जिला समाज कल्याण अधिकारी सुधीर पाण्डेय, जिला प्रोबेशन अधिकारी सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

अधिक मास के प्रथम सोमवार पर दुग्धेश्वरनाथ धाम में उमड़ा आस्था का सैलाब

 अधिक मास के प्रथम सोमवार को सजा शिव का दरबार

रुद्रपुर। अधिक मास के प्रथम सोमवार पर पौराणिक तीर्थस्थल श्री दुग्धेश्वरनाथ मंदिर में आस्था का अद्भुत संगम देखने को मिला। भोर की पहली किरण के साथ ही शिवभक्तों का जनसैलाब मंदिर परिसर पहुंचने लगा। श्रद्धालुओं ने भगवान शिव का जलाभिषेक कर सुख-समृद्धि और परिवार की मंगलकामना की। पूरे मंदिर परिसर में "हर-हर महादेव" और "बम-बम भोले" के जयघोष से वातावरण भक्तिमय हो उठा।

हर-हर महादेव से गूंजा देवालय

ब्रह्म बेला में सुबह करीब 4:30 बजे मंदिर के पुजारी शंभूनाथ पांडेय ने विधि-विधान के साथ भगवान शिव का श्रृंगार और विशेष आरती संपन्न कराई। इसके बाद मंदिर के कपाट श्रद्धालुओं के लिए खोल दिए गए। कपाट खुलते ही दर्शन और जलाभिषेक के लिए श्रद्धालुओं की लंबी कतारें लग गईं। सुबह से ही हजारों की संख्या में पहुंचे श्रद्धालुओं ने श्रद्धा और उत्साह के साथ बाबा का अभिषेक किया।

 सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेते थाना प्रभारी

मंदिर परिसर और आसपास के क्षेत्रों में भारी भीड़ को देखते हुए सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे। थाना प्रभारी कल्याण सिंह सागर मय फोर्स लगातार परिसर में मुस्तैद रहे और व्यवस्थाओं का जायजा लेते रहे, जिससे श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो।

गौरतलब है कि रुद्रपुर को "छोटी काशी" के नाम से भी जाना जाता है। मान्यता है कि यहां भगवान शिव स्वयंभू रूप में विराजमान हैं, जिसके कारण इस स्थान का धार्मिक महत्व और बढ़ जाता है। शिवरात्रि, सावन और अधिक मास के दौरान यहां लाखों श्रद्धालु दर्शन-पूजन के लिए पहुंचते हैं। अधिक मास के पहले सोमवार को उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़ ने एक बार फिर इस पौराणिक धाम की आस्था और महत्ता को जीवंत कर दिया।

रविवार, 17 मई 2026

सीएमओ ने आरोग्य स्वास्थ्य मेले का किया निरीक्षण, स्वास्थ्य सेवाओं में लापरवाही न बरतने के निर्देश

प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र रामपुर कारखाना, तरकुलवा और बेलाही मे लगाआरोग्य स्वास्थ्य मेला

रुद्रपुर  देवरिया। मुख्यमंत्री आरोग्य स्वास्थ्य मेला के तहत रविवार को आयोजित स्वास्थ्य शिविरों का मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. अनिल कुमार गुप्ता ने निरीक्षण किया। उन्होंने प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र रामपुर कारखाना, तरकुलवा और बेलाही पहुंचकर स्वास्थ्य सेवाओं की स्थिति का जायजा लिया तथा मरीजों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान सीएमओ ने स्वास्थ्य मेले में उपलब्ध कराई जा रही सेवाओं की जानकारी ली। उन्होंने चिकित्सकों सहित सभी स्वास्थ्य कर्मियों की उपस्थिति पर संतोष व्यक्त करते हुए कहा कि मरीजों को स्वास्थ्य सुविधाएं देने में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। साथ ही बेलाही प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पर शीघ्र प्रसव सुविधा की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

सीएमओ सबसे पहले प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र रामपुर कारखाना पहुंचे, जहां चिकित्सा अधिकारी, स्टाफ नर्स व अन्य कर्मचारी मौजूद मिले। ओपीडी में चिकित्सकों को मरीजों का उपचार करते देख उन्होंने अस्पताल आने वाले लोगों के साथ बेहतर और मधुर व्यवहार करने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि आरोग्य मेले में आने वाले प्रत्येक मरीज को स्वास्थ्य केंद्र पर उपलब्ध सभी सेवाओं का लाभ मिलना चाहिए।

निरीक्षण के दौरान उन्होंने दवा भंडारण कक्ष और लैब का भी निरीक्षण किया तथा निर्देश दिया कि अस्पताल में आवश्यक दवाओं की उपलब्धता हर समय बनी रहनी चाहिए। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री आरोग्य स्वास्थ्य मेले का उद्देश्य अधिक से अधिक लोगों तक स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाना है, इसलिए मरीजों की सुविधाओं का विशेष ध्यान रखा जाए।

इसके बाद सीएमओ प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र तरकुलवा पहुंचे, जहां उन्होंने चिकित्सकों और कर्मचारियों को अस्पताल परिसर में साफ-सफाई बनाए रखने और मरीजों के प्रति संवेदनशील व्यवहार अपनाने के निर्देश दिए। लैब का निरीक्षण कर उन्होंने जांच संबंधी व्यवस्थाओं की जानकारी ली और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

निरीक्षण के अंतिम चरण में सीएमओ प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बेलाही पहुंचे। यहां भी उन्होंने ओपीडी व्यवस्था, दवाओं की उपलब्धता और अन्य स्वास्थ्य सेवाओं की समीक्षा की तथा शीघ्र प्रसव सुविधा शुरू कराने पर जोर दिया।

इस दौरान डिप्टी सीएमओ डॉ. कार्तिक पांडेय और जिला मातृ स्वास्थ्य परामर्शदाता सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

डीएम का औचक निरीक्षण: गेहूं क्रय केंद्र और खाद केंद्र की जांच, किसानों की सुविधा पर जोर

 किसान का हित सर्वोच्च प्राथमिकता में  डी एम

रुद्रपुर, देवरिया। जिलाधिकारी मधुसूदन हुल्गी ने रविवार को रुद्रपुर तहसील क्षेत्र के गेहूं क्रय केंद्रों एवं पीसीएफ खाद विक्रय केंद्र का औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि गेहूं खरीद प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी हो और किसानों को किसी भी प्रकार की असुविधा न होने पाए।

जिलाधिकारी ने कहा कि सभी गेहूं क्रय केंद्र निर्धारित समय पर खुलें और किसानों से सुचारु रूप से खरीद सुनिश्चित की जाए। उन्होंने किसानों की समस्याओं के त्वरित निस्तारण पर विशेष जोर देते हुए कहा कि किसान हित सर्वोच्च प्राथमिकता में हैं।

निरीक्षण के दौरान डीएम उसरा बाजार स्थित गेहूं क्रय केंद्र पहुंचे, जहां उन्होंने व्यवस्थाओं का गहन परीक्षण किया। उन्होंने मौके पर कांटे की जांच कराई। पहले गेहूं से भरे बोरे का वजन कराया गया और उसके बाद खाली बोरे का भी वजन कराया गया। जांच में कांटा सही पाए जाने पर उन्होंने संतोष व्यक्त किया।

इसके अलावा जिलाधिकारी ने क्रय पंजिका एवं अन्य अभिलेखों का निरीक्षण किया और कर्मचारियों से खरीद व्यवस्था की जानकारी ली। उन्होंने निर्देश दिया कि खरीद प्रक्रिया में पूरी पारदर्शिता बरती जाए और किसानों के साथ सम्मानजनक व विनम्र व्यवहार किया जाए।

इसके बाद डीएम परसिया मिश्र स्थित पीसीएफ खाद विक्रय केंद्र पहुंचे। वहां खाद की अनलोडिंग चल रही थी। उन्होंने अधिकारियों को पर्याप्त मात्रा में खाद उपलब्ध रखने और समय से किसानों को वितरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

डीएम ने कहा -कि किसी भी किसान को गेहूं बेचने में असुविधा नहीं होनी चाहिए। केंद्र प्रभारियों को किसानों की समस्याओं के प्रति संवेदनशील रहकर कार्य करना होगा।

खास बातें
▪ उसरा बाजार गेहूं क्रय केंद्र का डीएम ने किया निरीक्षण
▪ कांटे की जांच कर वजन प्रक्रिया का कराया सत्यापन
▪ क्रय पंजिका और अभिलेखों की भी हुई जांच
▪ परसिया मिश्र खाद केंद्र पर चल रही थी खाद की अनलोडिंग
▪ किसानों को समय से खाद वितरण सुनिश्चित करने के निर्देश


घुमन्तु व्यक्ति का मिला शव, नहीं हो सकी शिनाख्त

  रुद्रपुर देवरिया सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र परिसर रुद्रपुर में गुरुवार की शाम एक अज्ञात घुमन्तु व्यक्ति का शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फ...