रविवार, 3 मई 2026

देवरिया को मिला नया डीएम मधुसूदन हुल्गी संभालेंगे कमान दिव्या मित्तल बनी सचिव

 


रुद्रपुर देवरिया। शासन ने प्रशासनिक स्तर पर बड़ा बदलाव करते हुए जनपद को नया जिलाधिकारी दे दिया है। आईएएस अधिकारी मधुसूदन हुल्गी को देवरिया का नया जिलाधिकारी नियुक्त किया गया है, जबकि वर्तमान जिलाधिकारी दिव्या मित्तल का तबादला कर उन्हें उत्तर प्रदेश शासन में सचिव पद की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

नए डीएम मधुसूदन हुल्गी का प्रोफाइल

आईएएस मधुसूदन हुल्गी एक तेज-तर्रार और कार्यकुशल अधिकारी माने जाते हैं। इससे पहले वे विभिन्न जनपदों और विभागों में महत्वपूर्ण पदों पर अपनी सेवाएं दे चुके हैं। प्रशासनिक सख्ती के साथ-साथ जनसमस्याओं के त्वरित निस्तारण के लिए उनकी पहचान बनी हुई है।

👉कानून-व्यवस्था पर मजबूत पकड़

👉विकास कार्यों में तेजी लाने की कार्यशैली

👉आम जनता से सीधा संवाद स्थापित करने की पहल

👉उनकी तैनाती से देवरिया में विकास कार्यों को नई गति मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।

जनपद में नई उम्मीदें

नए डीएम के आगमन से जिले में प्रशासनिक कसावट और विकास कार्यों में तेजी आने की उम्मीद है। आम जनता को भी उम्मीद है कि उनकी समस्याओं का समाधान और अधिक प्रभावी तरीके से होगा।

दिव्यामित्तल की कार्यशैली रही चर्चा में

वहीं, निवर्तमान जिलाधिकारी दिव्या मित्तल अपने कार्यकाल के दौरान जनपद में काफी सक्रिय रहीं। उन्होंनेजलभराव, सफाई और बुनियादी समस्याओं पर विशेष ध्यान दिया जनता दरबार और निरीक्षण के जरिए अधिकारियों की जवाबदेही तय की कई योजनाओं को धरातल पर उतारने में अहम भूमिका निभाई

डीएम दिव्या मित्तल की धर्म और आस्था से जुड़ी पहल भी रहीं खास

दिव्या मित्तल ने अपने कार्यकाल में धार्मिक स्थलों के विकास और व्यवस्थाओं पर भी विशेष ध्यान दिया। प्रमुख मंदिरों और पूजा स्थलों पर साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था और श्रद्धालुओं की सुविधाओं को बेहतर बनाने के निर्देश दिए गए।

त्योहारों के दौरान प्रशासनिक व्यवस्थाओं को मजबूत कर श्रद्धालुओं को सुगम और सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराया गया। उनके कार्यकाल में कई धार्मिक आयोजनों को सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराया गया, जिससे लोगों में प्रशासन के प्रति विश्वास और बढ़ा।



जल जमाव से परेशान श्रद्धालुओं को राहत दिलाने को सक्रिय हुए एमएलसी, टीम बनाकर सर्वे के निर्देश

रुद्रपुर/देवरिया। दुग्धेश्वर नाथ मंदिर रोड पर दुर्गा मंदिर के सामने हो रहे जलजमाव की समस्या को गंभीरता से लेते हुए विधान परिषद सदस्य डॉ. रतनपाल सिंह ने रविवार को मौके का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने नगर पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि छठठे लाल निगम, अधिशासी अधिकारी नितेश गौरव, नगर पंचायत के अभियंता एसपी सिंह, नायब तहसीलदार अनिल तिवारी सहित अन्य अधिकारियों के साथ पूरे क्षेत्र का जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान एमएलसी डा रतन पाल सिंह ने मुख्य विकास अधिकारी (सीडीओ) से वार्ता कर निर्देश दिया कि एक टीम गठित कर मंदिर रोड से  मनोदेव चित्र मन्दिर होते हुये सम्पर्क मार्ग तक विस्तृत सर्वे कराया जाए और शीघ्र प्रस्ताव तैयार कर शासन को भेजा जाए, ताकि स्थायी समाधान निकाला जा सके।

बताते चलें कि नगर पंचायत द्वारा मनोज देव चित्र मंदिर से दुग्धेश्वर नाथ मंदिर तक तथा नाथ बाबा पेट्रोल पंप से खजुआ चौराहे तक करीब दो करोड़ रुपये की लागत से नाले का निर्माण कराया गया था। इसके बावजूद दुर्गा मंदिर के सामने सड़क नीची और नाला उचा होने के कारण बारिश के दौरान पानी जमा हो जाता है, जिससे श्रद्धालुओं व आमजन को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

बुधवार को हुई तेज बारिश में यहां जलजमाव की स्थिति और गंभीर हो गई थी, जिसका वीडियो सोशल मीडिया और समाचार पत्रों में प्रमुखता से प्रकाशित हुआ था। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसडीएम ने भी पूर्व में स्थल का निरीक्षण किया था।

एमएलसी डॉ. रतनपाल सिंह ने कहा

“जनता की समस्या का त्वरित समाधान हमारी प्राथमिकता है। जल निकासी की स्थायी व्यवस्था के लिए सर्वे कराकर ठोस प्रस्ताव शासन को भेजा जाएगा। अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि समयबद्ध तरीके से कार्यवाही सुनिश्चित करें, ताकि श्रद्धालुओं और आम लोगों को राहत मिल सके।”







जल जमाव से डूबा बस स्टेशन: आखिर कब जागेंगे जनप्रतिनिधि?

रुद्रपुर देवरिया । बरसात शुरू होते ही स्थानीय बस स्टेशन की बदहाल स्थिति एक बार फिर सामने आ गई है। हल्की बारिश में ही पूरा परिसर जलमग्न हो जाता है, जिससे यात्रियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। बस स्टेशन में घुटनों तक पानी भर जाने के कारण लोगों को बस तक पहुंचने में काफी दिक्कत होती है।

जनप्रतिनिधियों द्वारा वर्षों से हाईटेक बस स्टेशन बनाने के बड़े-बड़े वादे किए गए, लेकिन आज तक ये सपना अधूरा ही है। हर चुनाव में बस स्टेशन के विकास की बात होती है, मगर जमीनी हकीकत जस की तस बनी हुई है।

स्थिति इतनी खराब है कि बसें स्टेशन परिसर के अंदर खड़ी होने के बजाय सड़क पर खड़ी की जा रही हैं, जिससे जाम की समस्या भी बढ़ रही है और दुर्घटना का खतरा बना रहता है। यात्रियों को बारिश में भीगते हुए सड़क तक जाना पड़ता है, जो बेहद असुविधाजनक और जोखिम भरा है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि करोड़ों के विकास के दावे करने वाले जनप्रतिनिधि इस समस्या की ओर ध्यान नहीं दे रहे हैं। सवाल यह उठता है कि आखिर कब इस बस स्टेशन का निरीक्षण कर इसकी हालत सुधारी जाएगी?

अब देखना होगा कि जिम्मेदार अधिकारी और जनप्रतिनिधि इस गंभीर समस्या को कब संज्ञान में लेते हैं और यात्रियों को इस परेशानी से राहत दिलाने के लिए ठोस कदम उठाते हैं।

संदिग्ध हालात में व्यक्ति की मौत, पत्नी ने जांच की उठाई मांग

 

रुद्रपुर/देवरिया। गौरी बाजार नगर में रविवार को एक व्यक्ति की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो जाने से इलाके में सनसनी फैल गई। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया। मृतक की पत्नी ने पुलिस से मामले की निष्पक्ष जांच कराने की गुहार लगाई है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार वार्ड नंबर 7 निवासी भारत वर्मा (50 वर्ष) की रविवार सुबह करीब 10 बजे अचानक मौत हो गई। मौत की खबर मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई। उस समय उनकी पत्नी गुड़िया देवी रुद्रपुर में थीं। सूचना मिलते ही वह तत्काल मौके पर पहुंचीं और पुलिस अधीक्षक देवरिया को घटना की जानकारी देते हुए डायल 112 पर कॉल कर पोस्टमार्टम कराने की मांग की।

पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर गौरी बाजार पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

मृतक अपने पीछे पत्नी गुड़िया देवी, दो बेटियां और एक तीन वर्षीय पुत्र छोड़ गए हैं। घटना के बाद पूरे परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। 

क्षेत्राधिकारी हरिराम यादवने बताया कि पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है, जिससे मौत के असल कारणों का पता चल सके।

थाना बघौचघाट का एएसपी ने किया निरीक्षण, रिक्रूट आरक्षियों की व्यवस्थाओं का लिया जायजा

रुद्रपुर देवरिया। सोमवार को अपर पुलिस अधीक्षक  आनन्द कुमार पाण्डेय ने थाना बघौचघाट का भ्रमण कर वहां प्रशिक्षण ले रहे रिक्रूट आरक्षियों की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने आरक्षियों के साथ बैठक कर उनकी समस्याओं और सुझावों को भी सुना।

निरीक्षण के दौरान एएसपी ने रहने, खाने, मेस व्यवस्था, साफ-सफाई एवं अन्य मूलभूत सुविधाओं का गहन निरीक्षण किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि रिक्रूट आरक्षियों को उपलब्ध कराई जा रही सभी व्यवस्थाएं गुणवत्तापूर्ण एवं संतोषजनक होनी चाहिए।

एएसपी ने मेस में भोजन की गुणवत्ता, स्वच्छता और समयबद्धता पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। साथ ही बैरकों की साफ-सफाई, पेयजल व्यवस्था, शौचालय और अन्य जरूरी सुविधाओं की नियमित निगरानी सुनिश्चित करने को कहा।

ए एस पी ने रिक्रूट आरक्षियों से किया संवाद

बैठक के दौरान रिक्रूट आरक्षियों से संवाद करते हुए उनकी समस्याओं को गंभीरता से सुना गया और उनके त्वरित समाधान के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया गया। उन्होंने आरक्षियों को अनुशासन, कर्तव्यनिष्ठा और उत्कृष्ट आचरण बनाए रखने के लिए प्रेरित किया।

निरीक्षण के दौरान समस्त व्यवस्थाएं संतोषजनक पाई गईं, साथ ही आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए गए।

देवरिया में 5 मई को शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती का भव्य आगमन, गो-रक्षा धर्म यात्रा को लेकर बढ़ी श्रद्धा

मनोज रुंगटा

रुद्रपुर दुग्धेश्वर नाथ मंदिर पर करेंगे रात्री विश्राम

रुद्रपुर देवरिया। इक्कासी (81) दिवसीय गविष्ठि गो-रक्षार्थ धर्म युद्ध यात्रा के क्रम में पूज्यपाद परमाराध्य परमधर्माधीश उत्तराम्नाय ज्योतिष्पीठाधीश्वर अनन्तश्रीविभूषित जगद्गुरु शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती ‘1008’ महाराज जी का जनपद देवरिया में 5 मई को आगमन होगा। जहां रुद्रपुर दुर्गेश्वर नाथ मंदिर स्थित गेस्ट हाउस पर विश्राम करेंगे

छोटी काशी के रूप में विख्यात बाबा श्री दूधेश्वर नाथ महादेव की पावन धरती पर उनके आगमन को लेकर भक्तों में खासा उत्साह है।

यह यात्रा देशव्यापी स्तर पर गौ-रक्षा, सनातन धर्म जागरण एवं धार्मिक एकता के उद्देश्य से निकाली जा रही है। 81 दिनों तक चलने वाली इस यात्रा के माध्यम से शंकराचार्य जी विभिन्न राज्यों और जनपदों में पहुंचकर धर्म, संस्कृति और गोसंवर्धन के महत्व का संदेश दे रहे हैं। यात्रा के दौरान जगह-जगह धर्म सभाएं, प्रवचन, यज्ञ-हवन और जनजागरण कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।

आचार्य आदित्य पांडेय ने बताया कि शंकराचार्य जी का काफिला पथरदेवा, देवरिया सदर और रामपुर कारखाना होते हुए रुद्रपुर पहुंचेगा, जहां वे रात्रि विश्राम करेंगे। इस दौरान मार्ग में विभिन्न स्थानों पर श्रद्धालुओं द्वारा उनका स्वागत, पुष्पवर्षा और आरती की जाएगी।

रुद्रपुर प्रवास के दौरान आदि गुरु शंकराचार्य की पावन खड़ाऊ चरण पादुका का विधि-विधान से पूजन होगा, जिसमें सैकड़ों श्रद्धालु भाग लेंगे। यह पूजन सनातन परंपरा में गुरु चरणों के प्रति आस्था और समर्पण का प्रतीक माना जाता है।

इसके पश्चात 6 मई को शंकराचार्य जी बरहज के लिए प्रस्थान करेंगे, जहां भी धर्मसभा एवं जनसंवाद कार्यक्रम प्रस्तावित है।आयोजकों ने जनपदवासियों से अपील की है कि वे इस ऐतिहासिक एवं आध्यात्मिक यात्रा में सहभागी बनकर धर्म लाभ अर्जित करें तथा गो-रक्षा और सनातन संस्कृति के संरक्षण के इस अभियान को सफल बनाएं।

शनिवार, 2 मई 2026

एएसपी ने मदनपुर व गौरीबाजार थानों का किया निरीक्षण, रिक्रूट आरक्षियों की व्यवस्थाएं परखी

रुद्रपुर देवरिया। शनिवार को अपर पुलिस अधीक्षक आनन्द कुमार पाण्डेय ने थाना मदनपुर एवं थाना गौरीबाजार का भ्रमण कर प्रशिक्षण ले रहे रिक्रूट आरक्षियों की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने आरक्षियों के रहने, खाने, मेस व्यवस्था, साफ-सफाई सहित अन्य मूलभूत सुविधाओं का गहन निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान एएसपी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि रिक्रूट आरक्षियों को उपलब्ध कराई जा रही सभी सुविधाएं गुणवत्तापूर्ण एवं संतोषजनक हों। उन्होंने मेस में भोजन की गुणवत्ता, स्वच्छता और समयबद्धता सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया। साथ ही बैरकों की साफ-सफाई, पेयजल, शौचालय और अन्य जरूरी व्यवस्थाओं की नियमित निगरानी के निर्देश भी दिए।

बैठक के दौरान एएसपी ने रिक्रूट आरक्षियों से संवाद कर उनकी समस्याएं और सुझाव सुने तथा उनके त्वरित समाधान के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया। उन्होंने आरक्षियों को अनुशासन, कर्तव्यनिष्ठा और उत्कृष्ट आचरण बनाए रखने के लिए प्रेरित किया।


एसडीएम के निर्देश पर मंदिर रोड के नाले के किनारे जमे मिट्टी की हुई सफाई

खबर खबर को एसडीएम ने लिया संज्ञान में .जलभराव से राहत की उम्मीद

रुद्रपुर, देवरिया।मंदिर रोड पर बारिश के दौरान हुए जलभराव की खबर का असर अब साफ तौर पर दिखने लगा है। मामले को संज्ञान में लेते हुए एसडीएम अवधेश निगम ने मौके का निरीक्षण किया और नगर पंचायत को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए।

शनिवार को नगर पंचायत की टीम ने जेसीबी मशीन के जरिए नाले के किनारे जमी मिट्टी की सफाई कराई, ताकि बरसात का पानी आसानी से नाले में जा सके और सड़क पर जलभराव की समस्या खत्म हो।

बताया जाता है कि नाथवावा पेट्रोल पंप से लेकर खजुआ चौराहे तक नाले का निर्माण कराया गया है। लेकिन दुर्गा मंदिर के समीप सड़क नीची होने के कारण बारिश का पानी जमा हो जाता है। साथ ही नाले के किनारे मिट्टी भर जाने से पानी का बहाव बाधित हो रहा था।

एसडीएम अवधेश निगम ने बताया कि नगर पंचायत को निर्देश दिया गया था कि नाले के किनारे जमी मिट्टी को हटाकर आवश्यक स्थानों पर होल (निकास) बनाए जाएं, ताकि सड़क का पानी सीधे नाले में जा सके। इसके साथ ही उन्होंने बताया कि पीडब्ल्यूडी विभाग को पत्र लिखकर सड़क को ऊंचा कराने की मांग भी की जाएगी, जिससे भविष्य में जलभराव की समस्या न हो।

स्थानीय लोगों को उम्मीद है कि प्रशासन की इस कार्रवाई से आने वाले समय में बारिश के दौरान राहत मिलेगी।

पचलड़ी में निकली ‘जन आक्रोश महिला पदयात्रा’ महिला आरक्षण के समर्थन में उठी आवाज

रुद्रपुर, देवरिया। महिला आरक्षण के समर्थन और विपक्ष के विरोध में पचलड़ी में ‘जन आक्रोश महिला पदयात्रा’ निकाली गई। इस पदयात्रा का नेतृत्व ब्लॉक प्रमुख उषा पासवान ने किया। यात्रा में सैकड़ों महिलाओं, पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने भाग लिया।

पदयात्रा उत्तर प्रदेश ग्रामीण बैंक से शुरू होकर टैक्सी स्टैंड पर समाप्त हुई। इस दौरान महिलाओं ने नारेबाजी करते हुए महिला अधिकारों और सम्मान के मुद्दे को प्रमुता से उठाया।

नेतृत्व कर रहीं उषा पासवान ने अपने संबोधन में कहा कि महिला आरक्षण विधेयक ऐतिहासिक है, जो लोकसभा और विधानसभाओं में महिलाओं के लिए 33 प्रतिशत आरक्षण सुनिश्चित करता है। उन्होंने विपक्ष पर आरोप लगाते हुए कहा कि इस विधेयक को रोककर महिलाओं के अधिकारों का हनन किया गया है।

वहीं कछार क्षेत्र के भाजपा नेता डीके यादव ने कहा कि यह पदयात्रा केवल एक राजनीतिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि नारी सम्मान, सुरक्षा और स्वाभिमान को लेकर समाज को जागरूक करने का एक सशक्त अभियान है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार महिलाओं के सशक्तिकरण के लिए लगातार काम कर रही है और यह यात्रा उसी संकल्प का प्रतीक है।

यात्रा में मुख्य रूप से रंजू पासवान, लालती गुप्ता, निर्मला गुप्ता, कुसुम पासवान, रामसुधारे पासवान, विशाल द्विवेदी, दिनेश पांडेय, छोटे सिंह, मनोज कुमार, रामेश्वर पाल सहित सैकड़ों कार्यकर्ता मौजूद रहे।

रुद्रपुर में जलभराव पर एक्शन: एसडीएम ने किया निरीक्षण, नगर पंचायत को दिए सख्त निर्देश

 

रुद्रपुर, देवरिया। नगर में बारिश के बाद हुए जलभराव को लेकर प्रशासन हरकत में आ गया है। शनिवार को एसडीएम रुद्रपुर अवधेश निगम ने नगर पंचायत के अधिशासी अधिकारी नितेश गौरव के साथ बस स्टेशन परिसर और दुग्धेश्वर नाथ मंदिर रोड का निरीक्षण किया तथा जल निकासी के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

जल भराव का निरीक्षण करते एस डी एम 

बताया जाता है कि शुक्रवार सुबह हुई बारिश के बाद बस स्टेशन परिसर और दुग्धेश्वर नाथ मंदिर रोड पर घुटनों तक पानी भर गया था। इसकी तस्वीरें सोशल मीडिया और समाचार पत्रों में सामने आने के बाद प्रशासन ने मामले को गंभीरता से लिया।

निरीक्षण के दौरान एसडीएम ने नगर पंचायत को तत्काल जल निकासी की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही दुग्धेश्वर नाथ मंदिर रोड पर बने नाले की सफाई कराने के लिए भी कहा। उन्होंने बताया कि मंदिर रोड की समस्या को लेकर पीडब्ल्यूडी और रोडवेज के क्षेत्रीय प्रबंधक (आरएम) को पत्र भेजा जाएगा।

एसडीएम ने नगर पंचायत को वैकल्पिक व्यवस्था के तहत दोनों स्थानों से पानी निकालने के निर्देश भी दिए, ताकि लोगों को राहत मिल सके। निरीक्षण के दौरान राजस्व कर्मी और नगर पंचायत के कर्मचारी मौजूद रहे।

शुक्रवार, 1 मई 2026

आदर्श चौराहे पर देर रात भीषण जाम, घंटों फंसे रहे वाहन चालक

रुद्रपुर, देवरिया। शुक्रवार की देर रात आदर्श चौराहे पर गाड़ियों का भीषण जाम लग गया, जिससे आमजन को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। शादी-विवाह के मौसम के चलते वाहनों की संख्या बढ़ने से हालात और बिगड़ गए। खजुआ चौराहा से लेकर आदर्श चौराहा तक लंबा जाम लगा रहा, जिसमें लोग घंटों तक फंसे रहे।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, जाम के दौरान कहीं भी ट्रैफिक पुलिस की मौजूदगी नजर नहीं आई, जिससे स्थिति और अधिक अव्यवस्थित हो गई। वाहन रेंग-रेंग कर आगे बढ़ते रहे और कई लोग समय पर अपने गंतव्य तक नहीं पहुंच सके।

स्थानीय लोगों का कहना है कि यह समस्या नई नहीं है। दिन के समय भी आदर्श चौराहा, खजुआ चौराहा और बस स्टेशन के आसपास अक्सर जाम की स्थिति बनी रहती है। बावजूद इसके, जाम से निजात दिलाने के लिए प्रशासन की ओर से कोई ठोस कदम नहीं उठाया जा रहा है।

लोगों ने मांग की है कि प्रमुख चौराहों पर ट्रैफिक व्यवस्था को सुदृढ़ किया जाए, ताकि आए दिन लगने वाले जाम से राहत मिल सके।

करंट की चपेट में आने से 25 वर्षीय युवक की हुयी मौत

रुद्रपुर, देवरिया रुद्रपुर कोतवाली क्षेत्र के ग्राम बटुलही में शुक्रवार की शाम दर्दनाक हादसे में एक युवक की करंट लगने से मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया।

जानकारी के अनुसार, बटुलही गांव निवासी सत्येंद्र चौहान (25) पुत्र हरी के घर में पानी के मोटर मे करेन्ट उतरने से  संपर्क में आ गया, जिससे उसे तेज करंट लग गया और वह गंभीर रूप से झुलस गया। परिजन तत्काल उसे इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज ले गए, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।

घटना की सूचना मिलते ही चौकी प्रभारी रामलक्षन सौरभ सिंह मौके पर पहुंचे और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।इस हादसे से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

पहली ही बारिश में दुग्धेश्वर नाथ मंदिर रोड पर घुटनों तक पानी, जनता बेहाल

करोड़ों के लागत से वना नाला जल निकासी मे फेल

रुद्रपुर, देवरिया। नगर पंचायत द्वारा जल निकासी की समस्या के समाधान के लिए करोड़ों रुपये की लागत से बनवाया गया नाला पहली ही बारिश में फेल साबित हुआ।

 शुक्रवार सुबह हुई हल्की बारिश के बाद दुग्धेश्वर नाथ मंदिर रोड पर दुर्गा मंदिर के पास घुटनों तक जलभराव हो गया, जिससे राहगीरों और वाहन चालकों सहित मंदिर जाने वाली श्रद्धालुओं को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।

स्थानीय लोगों के मुताबिक नाले का निर्माण सड़क से  ऊंचाई पर कर दिया गया है। इसी वजह से सड़क का पानी नाले में जाने के बजाय सड़क पर ही भर जाता है। नतीजतन मामूली बारिश में ही हालात बदतर हो जाते हैं और आवागमन प्रभावित हो जाता है।

बताया जा रहा है कि नगर पंचायत ने पेट्रोल पंप से खजुआ चौराहे तक इस नाले का निर्माण कराया था, लेकिन तकनीकी खामियों के चलते इसका कोई फायदा नहीं मिल पा रहा है। लोगों का कहना है कि निर्माण कार्य में लापरवाही बरती गई है।

स्थानीय नागरिकों ने प्रशासन से मांग की है कि जल्द से जल्द नाले की खामियों को दूर कराया जाए, ताकि बरसात के मौसम में जलभराव से राहत मिल सके।

रुद्रपुर बस स्टेशन बदहाल: हल्की बारिश में घुटनों तक पानी, हाईटेक बनाने का वादा फिर फेल

 रुद्रपुर की जनता के लिए  बस स्टेशन बना मुंगेरीलाल के हसीन सपने

रुद्रपुर (देवरिया)। रुद्रपुर नगर का बस स्टेशन इन दिनों बदहाली का शिकार है। हालत यह है कि शुक्रवार सुबह हुई हल्की बारिश में ही बस स्टेशन परिसर में घुटनों तक पानी भर गया, जिससे यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। पानी भरे परिसर में बसों तक पहुंचना मुश्किल हो गया और लोगों को कीचड़ व जलभराव के बीच से गुजरकर सफर करना पड़ा।

स्थानीय लोगों का कहना है कि बीते कई वर्षों से सांसद, विधायक और एमएलसी द्वारा बस स्टेशन को हाईटेक बनाने का वादा किया जाता रहा है, लेकिन अब तक स्थिति जस की तस बनी हुई है। वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव नजदीक हैं, फिर भी विकास कार्य शुरू नहीं हो सके हैं।

कुछ दिन पहले ही जन प्रतिनिधियों द्वारा प्रेस कॉन्फ्रेंस कर पीपीपी मॉडल के तहत बस स्टेशन के कायाकल्प के लिए जल्द टेंडर जारी करने की बात कही गई थी। वहीं, जनपद के प्रभारी परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह भी जिले के विकास को लेकर दावे करते रहे हैं, लेकिन जमीनी हकीकत इससे अलग नजर आ रही है।

नगरवासियों में इसको लेकर आक्रोश है। उनका कहना है कि हर चुनाव में बस स्टेशन को आधुनिक बनाने का वादा किया जाता है, लेकिन चुनाव खत्म होते ही ये वादे भी ठंडे बस्ते में चले जाते हैं। फिलहाल, जलभराव और अव्यवस्था से जूझ रहे यात्रियों को राहत कब मिलेगी, यह बड़ा सवाल बना हुआ है।

आकाशीय बिजली गिरने से भट्ठे पर काम कर रही महिला मजदूर की मौत

रुद्रपुर (देवरिया)। कोतवाली क्षेत्र के ग्राम भाली चौर में शुक्रवार सुबह तेज बारिश के दौरान आकाशीय बिजली गिरने से एक महिला मजदूर की दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

जानकारी के अनुसार, ग्राम भाली चौर स्थित सत्येंद्र सिंह के ईंट भट्ठे पर काम कर रही इंदु देवी (लगभग 40 वर्ष), पत्नी जितेंद्र चौहान, निवासी ग्राम उमराव दिगहा, थाना हिसुमा, जिला नवादा (बिहार) सुबह बारिश के दौरान अचानक झोपड़ी के पास विजली गिरी जिसके चपेट में वह आ गईं और वह गंभीर रूप से झुलस गयी लोग अस्पताल ले गये जहा रास्ते मे उसकी  मौत हो गई।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं प्रशासनिक अधिकारी भी मौके पर पहुंचकर जांच में जुट गए हैं।

एसडीएम अवधेश निगम ने बताया कि घटना की जानकारी मिलते ही नायब तहसीलदार अनिल तिवारी व राजस्व विभाग की टीम को मौके पर भेज दिया गया है और आवश्यक कार्रवाई की जा रही है। साथ ही पीड़ित परिवार को शासन स्तर से मिलने वाली सहायता दिलाने की प्रक्रिया भी शुरू की जा रही है।

एएसपी आनंद पांडे ने तीन थानों का दौरा कर दी कड़ी ब्रीफिंग, तकनीक के इस्तेमाल पर जोर

 रिक्रूट कांस्टेबलों को सख्त संदेश, ड्यूटी में लापरवाही नहीं होगी बर्दास्त



रुद्रपुर, देवरिया। जनपद में तैनात हुए रिक्रूट प्रशिक्षु कांस्टेबलों को लेकर पुलिस महकमा सतर्क हो गया है। शुक्रवार को अपर पुलिस अधीक्षक आनंद पांडे ने रुद्रपुर, मदनपुर और इकौना थानों का औचक निरीक्षण कर प्रशिक्षुओं को कड़ी ब्रीफिंग दी। इस दौरान उन्होंने साफ शब्दों में कहा कि ड्यूटी में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

रुद्रपुर को 35, एकौना को 27. मदनपुर थाने को मिले  26 रिक्रूट प्रशिक्षु कांस्टेबल

जानकारी के अनुसार रुद्रपुर कोतवाली में 35, इकौना थाना में 27 और मदनपुर थाना में 26 रिक्रूट प्रशिक्षु कांस्टेबलों की तैनाती की गई है। सभी को उनके तैनाती स्थल पर ही जरूरी दिशा-निर्देश दिए गए।

रिक्रूट प्रशिक्षु कांस्टेबलोंएक एसपी ने पढ़ाया अनुशासन का पाठ

ब्रीफिंग के दौरान एएसपी ने पुलिसिंग के मूलभूत सिद्धांतों, अनुशासन और आम जनता के साथ व्यवहार पर विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि एक पुलिसकर्मी का आचरण ही पूरे विभाग की छवि तय करता है, ऐसे में हर कदम सोच-समझकर उठाना होगा।

उन्होंने प्रशिक्षुओं को “यक्ष एप” के इस्तेमाल की भी विस्तार से जानकारी दी और निर्देश दिया कि आधुनिक तकनीक का सही उपयोग कर कार्यों को पारदर्शी और प्रभावी बनाया जाए।

निरीक्षण के दौरान एएसपी ने यह भी स्पष्ट किया कि हर रिक्रूट को अपनी जिम्मेदारी समझनी होगी और पूरी निष्ठा के साथ कर्तव्यों का पालन करना होगा। ब्रीफिंग के बाद पुलिस महकमे में सख्ती का संदेश साफ तौर पर देखा गया।

इस दौरान रुद्रपुर प्रभारी कल्याण सिंह सागर एकौना थाना अध्यक्ष आनंद पांडेमदनपुर थाना अध्यक्ष नंद प्रसाद सहित स्टाफ मौजूद थे

गुरुवार, 30 अप्रैल 2026

बाइक सवार बदमाशों ने महिला से छीना मंगलसूत्र का लॉकेट, सतर्कता से बची चैन

रुद्रपुर (देवरिया)। नगर के बाईपास पर बुधवार शाम दो अज्ञात बाइक सवार बदमाशों ने एक महिला से झपट्टा मारकर मंगलसूत्र छीनने का प्रयास किया। महिला की सूझबूझ से पूरी चैन तो बच गई, लेकिन बदमाश लॉकेट लेकर फरार हो गए।

जानकारी के अनुसार, सुरौली थाना क्षेत्र के तिवई गांव निवासी अनीता देवी टेंपो से अपने घर लौट रही थीं। जैसे ही वाहन बाईपास के पास पहुंचा, तभी बाइक सवार दो बदमाशों ने झपट्टा मारकर उनके गले से मंगलसूत्र छीनने की कोशिश की। इस दौरान महिला ने साहस दिखाते हुए चैन को मजबूती से पकड़ लिया, जिससे पूरी चैन नहीं निकल सकी। हालांकि, बदमाश मंगलसूत्र का लॉकेट लेकर मौके से फरार हो गए।पीड़िता ने घटना की तहरीर थाने में दी है। पुलिस ने अज्ञात बाइक सवार बदमाशों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है।

थाना प्रभारी कल्याण सिंह सागर ने बताया कि महिला की तहरीर के आधार पर केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। सीसीटीवी फुटेज के जरिए आरोपियों की पहचान की जा रही है और जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

लंगड़ा बाजार में आमने-सामने बाइक भिड़ंत, युवक गंभीर घायल


रुद्रपुर देवरिया  क्षेत्र के भलुअनी नगर पंचायत वार्ड नंबर 35 निवासी राकेश (पुत्र सुरेश प्रसाद) गुरुवार को लंगड़ा बाजार में हुई सड़क दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल हो गए। बताया जा रहा है कि आमने-सामने हुई बाइक की जोरदार टक्कर में वह बुरी तरह जख्मी हो गए।

घटना के बाद स्थानीय लोगों की सूचना पर 108 एंबुलेंस मौके पर पहुंची और घायल राकेश को तत्काल मेडिकल कॉलेज पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है।वहीं, टक्कर मारने वाले दूसरे बाइक सवार का अब तक कोई पता नहीं चल सका है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है और फरार वाहन चालक की तलाश की जा रही है।

जमीन कब्जे के विरोध में बुजुर्ग का तहसील पर धरना, कार्रवाई की मांग

रुद्रपुर, देवरिया।रुद्रपुर तहसील क्षेत्र के परसा जंगल निवासी वासुदेव विश्वकर्मा ने गुरुवार को तहसील परिसर में धरना देकर न्याय की गुहार लगाई। उनका आरोप है कि गांव के कुछ दबंग उनकी जमीन पर जबरन कब्जा कर निर्माण कार्य करा रहे हैं।

वासुदेव विश्वकर्मा ने बताया कि मामले की सूचना उन्होंने उसरा बाजार चौकी प्रभारी को दी थी। पुलिस मौके पर पहुंची और निर्माण कार्य रोकने के निर्देश भी दिए, लेकिन आरोप है कि दबंगों ने आदेश को नजरअंदाज करते हुए निर्माण जारी रखा।

उन्होंने यह भी बताया कि जमीन से संबंधित मामला न्यायालय में लंबित है, इसके बावजूद विरोधी पक्ष द्वारा निर्माण कराया जा रहा है। पीड़ित के अनुसार, उन्होंने तहसील प्रशासन को भी अवगत कराया, लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई, जिससे आहत होकर उन्हें धरने पर बैठना पड़ा।

इस मामले में एसडीएम अवधेश निगम ने बताया कि राजस्व विभाग की टीम को मौके पर भेजा गया है। जांच रिपोर्ट आने के बाद आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

अलग-अलग सड़क हादसों में दो घायल, मेडिकल कॉलेज में इलाज जारी

 
रुद्रपुर/देवरिया। रुद्रपुर तहसील क्षेत्र में अलग-अलग स्थानों पर हुई सड़क दुर्घटनाओं में दो लोग घायल हो गए। दोनों घायलों का इलाज मेडिकल कॉलेज देवरिया में चल रहा है।

जानकारी के अनुसार, रुद्रपुर नगर के खजुआ चौराहे पर बुधवार की रात एक अज्ञात वाहन ने रुद्रपुर निवासी रंजीत राजभर (पुत्र विश्वनाथ) को टक्कर मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया।

वहीं दूसरी घटना लंगड़ा बाजार में हुई, जहां बाइक की टक्कर से 12 वर्षीय विपिन यादव (पुत्र परशुराम यादव) घायल हो गया। हादसे के बाद परिजनों ने उसे भी इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज देवरिया में भर्ती कराया। दोनों घायलों का उपचार जारी है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

गांजा के साथ युवक को पुलिस ने किया गिरफ्तार, मोटर साइकिल व नकदी बरामद


रुद्रपुर देवरिया अपराध एवं मादक पदार्थों की रोकथाम को लेकर चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना रुद्रपुर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। मंगलवार  की रात संदिग्ध व्यक्तियों व वाहनों की चेकिंग के दौरान पुलिस ने एक युवक को गांजे के साथ गिरफ्तार किया

 क्षेत्राधिकारी रुद्रपुर हरिराम यादव के नेतृत्व में चलाया जा रहा हैअभियान में गुरुवारको  मुखबिर की सूचना पर उप निरीक्षक ज्ञान प्रकाश शुक्ला हेड कांस्टेबल विनोद शर्मा कांस्टेबल राजेश यादव कांस्टेबल मनोज सिंह कांस्टेबल पवन चौधरी ने नाथ बाबा मंदिर के पीछे सहनकोट जाने वाले मार्ग से आरोपी को पकड़ा गया।

गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान सुनील निषाद (20 वर्ष) पुत्र सुरेन्द्र निषाद, निवासी बेलकुंडा थाना रुद्रपुर के रूप में हुई है। पुलिस ने उसके पास से 1 किलो 7 ग्राम अवैध गांजा, 760 रुपये नकद, एक एंड्रॉयड मोबाइल फोन तथा एक मोटरसाइकिल (UP 52BQ 7083) बरामद की है।

इस संबंध में क्षेत्राधिकारी रुद्रपुर ने बताया कि मु0अ0सं0-208/26 धारा 8/20 एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।

आंधी-पानी का कहर: हड़हा ताल में डूबकर लगभग छः दर्जन भेड़ों की मौत

रुद्रपुर देवरिया क्षेत्र में बुधवार की शाम अचानक आई तेज धूल भरी आंधी, बारिश और तेज हवाओं ने भारी तबाही मचा दी। हड़हा ताल के किनारे भेड़ चरा रहे पशुपालकों की करीब 75 भेड़ें ताल में डूबकर मर गईं। घटना के बाद पशुपालकों में हड़कंप मच गया और वे बदहवास नजर आए।

जानकारी के अनुसार ग्राम तिघरा निवासी श्री प्रकाश पाल व सुनील पाल तथा ग्राम बैदा के गंगाधर  पशुपालक रोज की तरह लगभग 500 भेड़ों को हड़हा ताल के किनारे चरा रहे थे। इसी दौरान अचानक मौसम ने करवट ली और तेज आंधी-पानी शुरू हो गया। तेज हवा और अफरा-तफरी के कारण भेड़ें इधर-उधर भागने लगीं और कई भेड़ें ताल में गिर गईं।

शोर सुनकर प्रधान होली बलिया व अखिलेश साहनी के नेतृत्व में ग्रामीण महेंद्र, सनी, रवि साहनी और पूनमचंद देवी मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों ने अपनी जान जोखिम में डालकर ताल में कूदकर बचाव कार्य किया और कई भेड़ों को बाहर निकाला, लेकिन तब तक करीब छह दर्जन भेड़ों की मौत हो चुकी थी।

घटना की सूचना तहसील प्रशासन को दे दी गई है। समाजसेवी शब्बीर अहमद ने प्रशासन से प्रभावित गरीब पशुपालकों को शीघ्र उचित मुआवजा देने की मांग की है।

महिला आरक्षण के समर्थन में भाजपा महिला मोर्चा की जन आक्रोश पदयात्रा

महिला आरक्षण देश की महिलाओं को सशक्त बनाने की दिशा में ऐतिहासिक कदम. मण्डल अध्यक्ष जितेन्द्र गुप्ता

रुद्रपुर, देवरिया। भारतीय जनता पार्टी महिला मोर्चा की ओर से प्रस्तावित जन आक्रोश महिला पदयात्रा का आयोजन नगर क्षेत्र में किया गया। कार्यक्रम के तहत भाजपा नगर मंडल अध्यक्ष जितेंद्र गुप्ता के नेतृत्व में महिलाओं ने पैदल मार्च निकालकर महिला आरक्षण के विरोध करने वालों के खिलाफ जोरदार नारेबाजी की और थाना परिसर तक पहुंचकर अपनी आवाज बुलंद की।

पदयात्रा में भाजपा महिला जिला महामंत्री बबीता चौहान व जिला मंत्री माया विश्वकर्मा  नगर पंचायत अध्यक्ष सुधा निगम, ब्लॉक प्रमुख उषा पासवान, की अगुवाई में बड़ी संख्या में महिलाओं ने भाग लिया।

इस दौसन नीलम यादव, कुसुमावती निषाद महामंत्री हरि नारायण सिंह, सभासद दिलीप जायसवाल, तेज प्रताप, राजीव गुप्ता, सुनील गुप्ता, इंजीनियर सुशील चंद, महेश वर्मा, अमरेंद्र राव, सुनील श्रीवास्तव, अनूप मद्धेशिया, शिवशरण वर्मा, दीपक जायसवाल, मुमताज अहमद समेत बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी और कार्यकर्ता पदयात्रा में शामिल हुए।

इस अवसर पर नगर मंडल अध्यक्ष जितेंद्र गुप्ता ने कहा कि महिला आरक्षण देश की महिलाओं को सशक्त बनाने की दिशा में ऐतिहासिक कदम है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार महिलाओं को राजनीतिक, सामाजिक और आर्थिक रूप से मजबूत करने के लिए लगातार कार्य कर रही है। जो लोग महिला आरक्षण का विरोध कर रहे हैं, वे महिलाओं के अधिकारों के खिलाफ खड़े हैं।

उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे जन-जन तक सरकार की नीतियों और महिला सशक्तिकरण के प्रयासों को पहुंचाएं और समाज में सकारात्मक संदेश दें।

बुधवार, 29 अप्रैल 2026

बरहज अधिवक्ता कांड: प्रस्तावित सपा आंदोलन से पहले नेताओं को किया गया हाउस अरेस्ट,

सपा नेताओं ने भाजपा सरकार पर लगाए आरोप

रुद्रपुर देवरिया। बरहज अधिवक्ता कांड में प्रधान राजेश यादव को कथित रूप से फंसाए जाने के विरोध में समाजवादी पार्टी के प्रस्तावित तहसील घेरो आंदोलन से पहले ही पुलिस ने सपा नेताओं को हाउस अरेस्ट कर दिया। इससे पार्टी कार्यकर्ताओं में नाराजगी देखने को मिली।

सपा नेता को हाउस अरेस्ट किया पुलिस

जानकारी के अनुसार, रुद्रपुर विधानसभा क्षेत्र के पूर्व विधायक अनुग्रह नारायण उर्फ खोखा सिंह को क्षेत्राधिकारी हरिराम यादव, थाना प्रभारी कल्याण सिंह सागर सपा नेता प्रदीप यादव को उनके निवास सेमरौना से उप निरीक्षक रामनिवास सहित पुलिस वल ने आवास पर ही नजरबंद कर दिया। इसके साथ ही  अन्य कई नेताओं को भी हाउस अरेस्ट किया गया, ताकि वे प्रस्तावित धरना-प्रदर्शन में शामिल न हो सकें।

पूर्व विधायक अनुग्रह नारायण उर्फ खोखा सिंह ने इस कार्रवाई पर तीखी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि भाजपा सरकार पुलिस बल के सहारे समाजवादी पार्टी की आवाज दबाने का प्रयास कर रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि बरहज में प्रधान राजेश यादव को सरकार अपनी कमियों को छुपाने के लिए जबरन फंसाकर मुकदमा दर्ज करा रही है।

उन्होंने कहा कि इस मुद्दे को लेकर सपा कार्यकर्ता शांतिपूर्ण धरना-प्रदर्शन करने वाले थे, लेकिन उससे पहले ही नेताओं को नजरबंद कर लोकतांत्रिक अधिकारों का हनन किया गया है।

पार्टी नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि इस तरह की कार्रवाई जारी रही तो समाजवादी पार्टी आंदोलन को और तेज करेगी। वहीं पुलिस प्रशासन का कहना है कि कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए एहतियातन कदम उठाए गए हैं।

देवरिया: स्थानांतरित डीएम दिव्या मित्तल को भावभीनी विदाई

देवरिया में मिले अपार प्रेम व स्नेह को कभी भुलाया नहीं जा सकता .जिलाधिकारी दिव्या मित्तल रुद्रपुर देवरिया कलक्ट्रेट सभागार में सोमवार को स्थ...